{"_id":"63235eaa93ed4773b430692f","slug":"new-congress-president-will-have-the-right-to-choose-state-presidents-madhusudan-mistri","type":"story","status":"publish","title_hn":"Congress: 'नए कांग्रेस अध्यक्ष को होगा प्रदेश अध्यक्षों को चुनने का अधिकार', जयराम रमेश ने भी दिया बड़ा बयान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Congress: 'नए कांग्रेस अध्यक्ष को होगा प्रदेश अध्यक्षों को चुनने का अधिकार', जयराम रमेश ने भी दिया बड़ा बयान
Thu, 15 Sep 2022 10:49 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Thu, 15 Sep 2022 10:49 PM IST
सार
कांग्रेस द्वारा तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। निर्विरोध चुनाव नहीं होने पर 17 अक्तूबर को मतदान कराया जा सकता है।
विज्ञापन
कांग्रेस
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
कांग्रेस पार्टी को जल्द ही अपना नया अध्यक्ष मिलने वाला है। अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया का कार्यक्रम कांग्रेस ने पहले ही जारी कर दिया है। इस बीच, कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष को राज्यों के कांग्रेस अध्यक्ष और एआईसीसी सदस्यों को चुनने का अधिकार होगा। उन्होंने आगे बताया कि इस बाबत प्रदेश भर में प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर प्रतिनिधि बैठकें करेंगे। ये बैठके 16 से 20 सितंबर तक की जाएंगी।
विज्ञापन
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि रिटर्निग अफसर को कहा गया है कि अगले निर्वाचित होने वाले कांग्रेस अध्यक्ष को अधिकृत किया जाए की वो प्रदेश अध्यक्ष और AICC निर्वाचक मंडल/मेंबर्स को नॉमिनेट करें। ये प्रस्ताव प्रदेश रिटर्निग अफसर स्वीकृत करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि इन प्रस्तावों की प्रक्रिया का कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं होगा। यह एक स्वतंत्र प्रक्रिया है।
विज्ञापन
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेशों में नए अध्यक्षों और एआइसीसी डेलीगेट की नियुक्ति में यदि एक से अधिक उम्मीदवार नामांकन दाखिल करते हैं, तो सभी प्रदेश समिति कार्यालयों में मतदान होगा। उन्होंने बताया कि जो आईडी कार्ड जारी किए गए हैं उन्हें वोटिंग के समय ले जाना होगा। जिनके आईडी कार्ड में फोटो नहीं है, उन्हें भी आधार कार्ड साथ रखना होगा।
विज्ञापन
इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठे थे। कई कांग्रेस सांसदो ने मतदाता सूची को सार्वजनिक करने की मांग करते हुए एक पत्र लिखा था। जिसके बाद कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने इसका जवाब दिया था।
उन्होंने कहा था कि जब नेता अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे, उन्हें मतदाता सूची दी जाएगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक पीसीसी प्रतिनिधि को उनके फोन पर यह बताने के लिए क्यूआर कोड दिया जाएगा कि वे पीसीसी प्रतिनिधि के रूप में चुने गए हैं और अध्यक्ष पद के लिए मतदान करने या अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के हकदार हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार 20 सितंबर से प्रतिनिधियों की सूची देख सकेंगे।
कांग्रेस द्वारा तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। निर्विरोध चुनाव नहीं होने पर 17 अक्तूबर को मतदान कराया जा सकता है।
सांसद शशि थरूर, मनीष तिवारी, कार्ति चिदंबरम, प्रद्युत बारदोलोई और अब्दुल खलिक ने कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठनों के निर्वाचक मंडल की सूची मतदाताओं और संभावित उम्मीदवारों को मुहैया कराने की मांग की थी। इन पांचों लोकसभा सदस्यों ने अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर चिंता प्रकट की थी। पांचों सांसदों ने यह पत्र राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो‘ यात्रा से एक दिन पूर्व यानी छह सितंबर को लिखा था।
जयराम रमेश बोले- दो अक्तूबर को मिल जाएगा नया अध्यक्ष
इस बीच, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने जानकादी दी है कि हमने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। एक अक्तूबर को पूरे देश को पता चल जाएगा कि उम्मीदवार कौन हैं। यदि एक से अधिक उम्मीदवार होंगे, तो 17 अक्टूबर को चुनाव कराया जाएगा। अगर एक ही उम्मीदवार होगा और कोई चुनाव नहीं होगा तो 2 अक्तूबर को कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।