फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates North east west south News Naga villages attacked in Manipur BJP vote drift RSS write Swastik

न्यूज डायरी: तमिलनाडु विधानसभा-सचिवालय को सेंट जॉर्ज परिसर से शिफ्ट करने की तैयारी, सीएम विजय जल्द करेंगे एलान

Wed, 02 Sep 2026 04:33 AM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Wed, 02 Sep 2026 04:33 AM IST
विज्ञापन
National Updates North east west south News Naga villages attacked in Manipur BJP vote drift RSS write Swastik
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह इंफाल-तामेंगलोंग मार्ग पर तीन लियांगमई नगा गांवों पर हमले और गोलीबारी की घटना के बाद तनाव बढ़ गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टापोन खुल्लेन, टापोन खुनाऊ और माकुई पीपोरम गांवों में सुबह करीब 4 बजे गोलीबारी हुई। इसके बाद 30 घरों और अन्य संपत्तियों में आग लगा दी गई। अब तक हताहतों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। माकुई ग्राम संगठन ने पीपोरम गांव पर हमले की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि सशस्त्र कुकी समूहों ने अंधाधुंध गोलीबारी करने के बाद घरों और संपत्तियों में आग लगा दी। कई परिवारों के घर, अनाज और घरेलू सामान नष्ट हुए। 

विज्ञापन


संघ की पत्रिका ने चेताया: भाजपा का तृणमूलीकरण किया तो छिटक सकते हैं 90% वोटर
पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी के सामने अब सत्ता के साथ संगठन की मूल पहचान बनाए रखने की चुनौती है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी बांग्ला साप्ताहिक पत्रिका स्वास्तिक ने भाजपा को उसके कथित तृणमूलीकरण को लेकर सावधान किया है। पत्रिका के संपादकीय में पार्टी नेतृत्व को जनता के भरोसे, मूल कार्यकर्ताओं की भावनाओं और भाजपा की राजनीतिक पहचान को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। संपादकीय में कहा गया है कि अगर केवल दो प्रतिशत लोग या मतदाता भी यह मान लें कि भाजपा का तृणमूलीकरण हो गया तो 90 प्रतिशत मतदाता भाजपा से दूर चले जाएंगे। 

विज्ञापन

तमिलनाडु विधानसभा और सचिवालय शिफ्ट होंगे

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय जल्द ही राज्य विधानसभा और सचिवालय को सेंट जॉर्ज परिसर से स्थानांतरित करने का एलान कर सकते हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, मौजूदा विधानसभा सत्र में इसका एलान हो सकता है। राज्य सरकार विधानसभा और सचिवालय को एक ही एकीकृत परिसर में स्थानांतरित करने पर विचार कर रही है। इसके लिए चार स्थानों पर विचार चल रहा है, जिनमें पट्टिनापक्कम, नंदंबक्कम, कोयंबेडु और गिंडी शामिल हैं। तमिलनाडु में सेंट जॉर्ज परिसर दशकों से तमिलनाडु सरकार और विधायिका का मुख्यालय बना हुआ है। 

लोगों की इच्छा के अनुसार मणिपुर में जनगणना का काम टला- सीएम

मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने बुधवार को कहा कि केंद्र ने लोगों की इच्छा के अनुसार राज्य में जनगणना कराने का काम टाल दिया है। सिंह ने मणिपुर विधानसभा के मौजूदा सत्र के आठवें सत्र के उद्घाटन के दिन ये बातें कहीं। सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'अगस्त 2022 में, तत्कालीन मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने एक प्रस्ताव पेश किया था कि मणिपुर में एनआरसी (नेशनल रजिस्टर ऑफ़ सिटिन्स) लागू किया जाए और इसके बाद 2023 में गृह मंत्रालय को इस संबंध में एक पत्र भेजा गया था।'

उन्होंने कहा, 'विधानसभा के 2024 के सत्र में भी इस बात को दोहराया गया और प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा गया। राष्ट्रपति शासन और नई सरकार के गठन के बाद, इस अगस्त में राज्य के गृह विभाग द्वारा दो दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया था, जिसमें यह तय किया गया कि जनगणना से पहले एनआरसी कराया जाएगा।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घटनाक्रमों और लोगों की शिकायतों को जानने के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य नेताओं ने राज्य में जनगणना का काम टाल दिया। सिंह ने कहा कि यह लोगों की इच्छा के अनुरूप था। उन्होंने कहा, 'इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए जाने के बारे में उठाए गए सवालों पर, मैं और राज्यपाल अजय कुमार भल्ला व्यक्तिगत रूप से दिल्ली में शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल हुए थे, जिसमें यह निर्णय लिया गया था।' 31 अगस्त को मुख्यमंत्री सचिवालय ने कहा था कि नई दिल्ली में शाह की अध्यक्षता में हुई उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद राज्य में जनगणना का काम टाल दिया गया है।

राज्य में जनगणना कराने से पहले NRC को अपडेट करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे।
विज्ञापन

असम में अध्यापक ने पत्नी और 2 बच्चों की हत्या की

पुलिस ने बताया कि असम के धेमाजी जिले में बुधवार सुबह एक स्कूल टीचर ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घर के अंदर हुए इस हमले में आरोपी की 13 साल की सबसे बड़ी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन आर्थिक तंगी की आशंका जताई जा रही है।

मृतकों की पहचान चिनुआरा बेगम (33), शकील अली (8) और पांच साल की रिजिका बेगम के तौर पर हुई है। अधिकारी ने बताया कि घायल बेटी का इलाज एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपी गमचुक प्राइमरी स्कूल में असिस्टेंट टीचर है। उन्होंने बताया कि सबूत इकट्ठा करने के लिए एक फॉरेंसिक टीम घर पहुंच गई है और मामले की जांच चल रही है।

मेकेदाटू प्रोजेक्ट पर दिल्ली में बड़ी बैठक, बंगलूरू की प्यास बुझाने को कर्नाटक ने मांगी केंद्र से हरी झंडी
कावेरी नदी पर प्रस्तावित मेकेदाटू बैलेन्सिंग रिजर्वायर परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए कर्नाटक सरकार ने दिल्ली में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राज्य के जल संसाधन मंत्री एन चालुवरायस्वामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अध्यक्ष अनुपम प्रसाद से मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में कर्नाटक ने आयोग द्वारा उठाए गए तकनीकी सवालों और आपत्तियों पर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश की। मंत्री ने आयोग से अपील की कि बंगलूरू और उसके आसपास के इलाकों में गहराते पेयजल संकट को देखते हुए इस प्रोजेक्ट की तकनीकी समीक्षा जल्द से जल्द पूरी की जाए और जरूरी मंजूरियां दी जाएं।

यह परियोजना बंगलूरू शहर की भविष्य की पेयजल जरूरतों को पूरा करने, पनबिजली पैदा करने और कम बारिश वाले वर्षों में पानी के सही प्रबंधन के लिहाज से बेहद खास मानी जा रही है। हाल ही में केंद्रीय जल आयोग की टीम ने परियोजना स्थल का दौरा कर धरातल की स्थितियों का जायजा भी लिया था। हालांकि, इस पूरे मामले में पड़ोसी राज्य तमिलनाडु की कड़ी आपत्ति सबसे बड़ा पेच फंसी हुई है। तमिलनाडु का मानना है कि कनकपुरा के पास इस बांध के बनने से कावेरी के निचले हिस्से में पानी का बहाव प्रभावित होगा, जिससे उसके हिस्से के पानी में कमी आ सकती है। इसके बावजूद कर्नाटक सरकार स्थापित कानूनी प्रक्रियाओं के तहत इस बहुउद्देश्यीय प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू कराने के प्रयास में जुटी है।

सीता का चरित्र भगवान राम के चरित्र से कहीं अधिक महान: डीके शिवकुमार
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि रामायण में सीता का चरित्र भगवान राम के चरित्र से कहीं अधिक महान था। उन्होंने महिलाओं के लिए सीता के त्याग और संघर्ष को प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने चुनौतियों का सामना करके सफल बिजनेस बनाने वाली महिला उद्यमियों की तारीफ करते हुए ये बातें कहीं और उन्हें समाज के लिए रोल मॉडल बताया।

शिवकुमार ने कहा कि रामायण में सीता का चरित्र राम के चरित्र से कहीं अधिक महान है। उनके त्याग और संघर्ष प्रेरणादायक हैं। महिलाएं सृजन करने वाली होती हैं, और आपमें से जिन महिलाओं ने चुनौतियों का सामना करते हुए बिजनेस खड़े किए हैं, वे रोल मॉडल हैं। वे बंगलूरू के एफकेसीसीआई ऑडिटोरियम में 'उबंटू कंसोर्टियम ऑफ वुमन एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन' द्वारा आयोजित 'टुगेदर वी ग्रो-इंटरनेशनल वुमन एंटरप्रेन्योरशिप डे' के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे।

वीर चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन अभिनंदन ने पकड़ी नई उड़ान, गोवा की एयरलाइन से जुड़े
भारतीय वायु सेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन और वीर चक्र विजेता अभिनंदन वर्धमान ने गोवा की क्षेत्रीय एयरलाइन एफएलवाई91 में बतौर पायलट नई पारी शुरू की है। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने अगस्त में इस विमानन कंपनी को ज्वाइन किया है। वर्ष 2019 में पाकिस्तान के खिलाफ हवाई संघर्ष के दौरान दुश्मन का विमान गिराने वाले अभिनंदन को साल 2021 में देश के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। मार्च 2024 में शुरू हुई एफएलवाई91 गोवा और हैदराबाद से अपनी उड़ानें संचालित करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed