फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Updates 10th Aug Odisha Andhra DSC Recruitment North East West South crime politics and other news

News Updates: 'झंडों को न जमीन पर फेंकें, न ही विकृत करें', MHA ने ध्वज संहिता के पालन के लिए जारी किए निर्देश

Mon, 10 Aug 2026 10:55 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Mon, 10 Aug 2026 10:55 PM IST
विज्ञापन
National Updates 10th Aug Odisha Andhra DSC Recruitment North East West South crime politics and other news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को ध्वज संहिता का पालन करने का निर्देश दिया। मंत्रालय ने कहा कि हालांकि महत्वपूर्ण राष्ट्रीय, सांस्कृतिक और खेल आयोजनों के दौरान आम लोग कागज से बने झंडे लहरा सकते हैं, लेकिन कार्यक्रमों के बाद उन्हें फेंका या जमीन पर नहीं डाला जाना चाहिए।

विज्ञापन


सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भेजे गए एक संदेश में, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने से जुड़े कानूनों, तौर-तरीकों और नियमों के बारे में लोगों के साथ-साथ सरकारी संगठनों और एजेंसियों में भी अक्सर जानकारी की कमी देखी जाती है। आदेश के साथ संलग्न ध्वज संहिता में कहा गया, “कोई भी आम नागरिक, निजी संस्था या शिक्षण संस्थान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए, किसी भी दिन या अवसर पर चाहे वह औपचारिक हो या कोई अन्य राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकता है या प्रदर्शित कर सकता है।
विज्ञापन


इसमें कहा गया, मुझे यह कहने का निर्देश दिया गया है कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश के लोगों की उम्मीदों और आकांक्षाओं का प्रतीक है, इसलिए इसे सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए।मंत्रालय ने राज्यों से कहा कि वे इस संबंध में बड़े पैमाने पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएं और इलेक्ट्रॉनिक तथा प्रिंट मीडिया में विज्ञापनों के जरिए इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करें। 
विज्ञापन
विज्ञापन


आंध्र प्रदेश में डीएससी-2025 भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग
नीट-पेपर लीक के बाद झारखंड में लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्तियों में धांधती के आरोप लगे हैं। गड़बड़ियों का नया मामला आंध्र प्रदेश से सामने आया है। यहां विपक्षी दल वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के एमएलसी परवथारेड्डी चंद्रशेखर रेड्डी ने शिक्षा मंत्री नारा लोकेश के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने डीएससी-2025 भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की। रेड्डी ने कहा कि पार्टी परीक्षा रद्द करने या नियुक्त उम्मीदवारों को हटाने की मांग नहीं कर रही। वे अनियमितताओं की व्यापक जांच और योग्य अभ्यर्थियों के लिए न्याय चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुरमा नवीन प्रकरण डीएससी अनियमितताओं का मुख्य बिंदु है। नवीन, एससीईआरटी के आउटसोर्सिंग कर्मचारी हैं और उन पर प्रश्न-पत्र तैयार करने में शामिल होने के बावजूद शीर्ष रैंक हासिल करने का आरोप है। अभ्यर्थियों ने दावा किया कि प्रश्न-पत्र छात्रों और कोचिंग केंद्रों के बीच प्रसारित किए गए थे। रेड्डी ने खेल कोटा भर्ती में भी अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नियमों को सरकारी आदेशों से दरकिनार कर वरीयता दी गई। वाईएसआरसीपी के राज्य समन्वयक सज्जाला रामकृष्ण रेड्डी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने 10 अगस्त को राज्य भर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र मुख्यालयों पर विशाल रैलियां आयोजित करने को कहा।

20 श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटा, ओडिशा में आठ कांवड़िया घायल
ओडिशा के गंजाम जिले में एक मिनी-ट्रक के पलट जाने से भगवान शिव का जलाभिषेक करने जा रहे आठ श्रद्धालु घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को हुए हादसे के बारे में बताया कि दुर्घटना चमाखंडी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालियाबाली के पास हुई। जब लगभग 20 लोगों को ले जा रहा वाहन एक तरफ पलट गया। चामखंडी पुलिस स्टेशन की प्रभारी निरीक्षक श्रद्धांजलि सुबुधि ने बताया कि भगवान शिव के भक्त यहां के पास जगदलपुर से ऋषिकुल्या नदी से पानी लेने जा रहे थे, दुर्घटना उसी समय हुई। वाहन के चालक समेत घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए छत्रपुर के उपमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। सभी घायल व्यक्तियों की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। सभी लोग सोमवार को अलेश्वरा शिव मंदिर जाने और वहां पूजा-अर्चना करने की योजना बना रहे थे।

ज्ञानेश भारती बने अंडमान-निकोबार के मुख्य सचिव
केंद्र सरकार ने 1998 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी ज्ञानेश भारती को अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का मुख्य सचिव नियुक्त किया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस लौटने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी।

असम में बाढ़ से अब तक 101 लोगों की मौत
असम में सोमवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 101 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के बुलेटिन के अनुसार, रविवार रात से एक और व्यक्ति की मौत हुई। यह मौत शिवसागर जिले के अमगुरी राजस्व सर्किल में हुई।

ASDMA की रिपोर्ट के मुताबिक, असम के चराइदेव, दरांग, गोलाघाट, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नगांव और शिवसागर जिलों में कुल 1,26,431 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 71 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 21 हजार से ज्यादा और जोरहाट में 13 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं। रविवार को राज्य के सात जिलों में 1.4 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित थे। असम में फिलहाल 458 गांव बाढ़ के पानी में डूबे हुए हैं।

 NEET प्रदर्शन पर विवादित टिप्पणी मामले में दक्षिणपंथी कमेंटेटर टीजी मोहनदास गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम पुलिस ने NEET पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली में हुए छात्र प्रदर्शन को लेकर कथित विवादित टिप्पणी करने के मामले में दक्षिणपंथी राजनीतिक कमेंटेटर टीजी मोहनदास की गिरफ्तारी दर्ज की है। पुलिस ने उन्हें रविवार को कोच्चि स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया था और देर रात तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन लाकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, उनके यूट्यूब चैनल से जुड़े डिजिटल उपकरण जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे और आगे की जांच के बाद अतिरिक्त धाराएं भी लगाई जा सकती हैं। पुलिस का आरोप है कि ‘पथ्रिका’ नामक यूट्यूब चैनल पर 24 और 25 जुलाई को अपलोड किए गए वीडियो में मोहनदास ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं तथा प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की बात कही। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और केरल पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से विवादित वीडियो हटाने का अनुरोध भी किया है और उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस स्टेशन तथा अदालत के आसपास प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है।

कन्नूर एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा
केरल के कन्नूर एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एयर इंडिया एक्सप्रेस की कन्नूर से तिरुवनंतपुरम जाने वाली उड़ान के समय में बदलाव और कई घंटे की देरी से नाराज यात्रियों ने विरोध प्रदर्शन किया। टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में यात्रियों को एयरलाइन कर्मचारियों से बहस और नारेबाजी करते हुए देखा गया। यात्रियों ने आरोप लगाया कि उन्हें उड़ान में देरी की पहले से कोई सूचना नहीं दी गई। उड़ान को सुबह करीब 7 बजे रवाना होना था, लेकिन इसमें कई घंटे की देरी हो गई। वहीं, एयरलाइन के एक सूत्र ने यात्रियों के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें उड़ान में देरी की जानकारी पहले ही दे दी गई थी।

बेंगलुरु में रूफटॉप लाउंज की रसोई गंदगी के चलते बंद
बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित होने के आरोप में यूबी सिटी स्थित एक हाई-एंड रूफटॉप लाउंज की रसोई बंद कर दी। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान फंगस लगे सड़े हुए मांस और बीफ के अलावा 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुके दूध और दही भी मिले। विभाग ने रविवार को यूबी सिटी और ब्रिगेड रोड के छह हाई-एंड रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के अनुपालन की जांच की। एक अन्य रेस्तरां से 45 किलो सड़ा हुआ चिकन/बीफ, 6 किलो वेजिटेबल कटलेट और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल बरामद किया गया, जिन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों से 50 किलो बत्तख का मांस, 5 किलो मछली, 5 किलो हरी मटर और 5 किलो मशरूम सहित कुल 132 किलो खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।

वर्दी के नाम पर पुलिस प्रशिक्षुओं से 7.18 लाख की ठगी
तिरुवनंतपुरम में एक पुलिस भर्ती प्रशिक्षु अधिकारी पर अपने साथी प्रशिक्षुओं से वर्दी खरीदने के नाम पर 7.18 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी यूनिफॉर्म कमेटी का सदस्य था और उसने 3 से 13 जुलाई के बीच कई प्रशिक्षुओं से कुल 7,18,320 रुपये पुलिस ड्राई कैंटीन और वर्दी सिलने वाली सोसायटी में जमा कराने के लिए लिए थे। आरोप है कि रकम जमा करने के बजाय उसने इसे मुनाफा कमाने के लिए एक ऑनलाइन बेटिंग गेम में खर्च कर दिया। पेरूरकड़ा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कथित धोखाधड़ी की जानकारी मिलने के बाद आरोपी के एक वरिष्ठ कमांडिंग अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

मणिपुर में उगाही में शामिल दो उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े और कथित तौर पर उगाही में शामिल दो उग्रवादियों को मणिपुर के दो घाटी जिलों से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) से जुड़े 44 वर्षीय कोंसाम सनातोम्बा को रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के लामलोंग से पकड़ा गया। उस पर लोगों को धमकाने और उगाही में शामिल होने का आरोप है। वहीं, काकचिंग जिले में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के स्वयंभू कॉरपोरल 56 वर्षीय थौनाओजाम इबोचौबा मीतेई को ईको पार्क रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक दोनों अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हुए थे और उगाही की गतिविधियों में शामिल थे।

 नौसेना प्रमुख कृष्ण स्वामीनाथन का चार दिवसीय मॉरीशस दौरा शुरू 
नई दिल्ली। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्ण स्वामीनाथन ने सोमवार को मॉरीशस का चार दिवसीय दौरा शुरू किया, जिसका उद्देश्य रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हिंद महासागर देश के साथ द्विपक्षीय समुद्री और रक्षा संबंधों को और मजबूत करना है। भारतीय नौसेना के अनुसार, एडमिरल स्वामीनाथन मॉरीशस के शीर्ष नेतृत्व के साथ समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, क्षमता निर्माण और सैन्य सहयोग समेत आपसी हित के मुद्दों पर बातचीत करेंगे। नौसेना ने कहा कि यह यात्रा मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय समुद्री सहयोग बढ़ाने और रक्षा संबंधों को गहरा करने के भारत के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से समुद्री साझेदारी है और भारतीय नौसेना मॉरीशस के नेशनल कोस्ट गार्ड के साथ प्रशिक्षण, विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) की संयुक्त निगरानी, बंदरगाह यात्राओं और हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण जैसी गतिविधियों में नियमित रूप से सहयोग करती है। मॉरीशस भारतीय नौसेना के MILAN बहुपक्षीय नौसैनिक अभ्यास, इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू और गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव जैसी प्रमुख पहलों में भी नियमित रूप से भाग लेता है। नौसेना ने कहा कि एडमिरल स्वामीनाथन के नौसेना प्रमुख का पद संभालने के बाद मॉरीशस दौरे से भारत की इस मित्र देश के साथ साझेदारी को दी जाने वाली प्राथमिकता स्पष्ट होती है, जो आपसी सम्मान, विश्वास और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय सहयोग एवं स्थिरता की साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है।

सावरकर क्विज विवाद में अन्य शिक्षकों पर भी होगी कार्रवाई
केरल के शिक्षा मंत्री एन शम्सुद्दीन ने सोमवार को कहा कि विवादित क्विज प्रश्नावली में अन्य शिक्षकों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नावली में हिंदुत्व विचारक वी. डी. सावरकर को उस स्वतंत्रता सेनानी के रूप में बताया गया था, जिसे अंग्रेजों ने “सबसे अधिक सजा” दी थी। मामले में कासरगोड के कुंबला उप-जिले के एयडेड अपर प्राइमरी स्कूल (AUPS) पल्लथडका के शिक्षक गुरु प्रसाद को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है। यह क्विज 6 अगस्त को कुंबला और मंजेश्वर उप-जिलों में निचली प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और हाई स्कूल के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था। निचली प्राथमिक कक्षा की प्रश्नावली में 15 सवाल और पांच टाई-ब्रेकर प्रश्न थे, जिनमें पांचवें सवाल में सावरकर को उक्त जवाब के रूप में दिया गया था। इसे लेकर विवाद और विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की।

'व्यक्तिगत हितों के लिए विभागीय मंच का इस्तेमाल अनुशासनहीनता'
शम्सुद्दीन ने कहा कि सामान्य शिक्षा विभाग में कई सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां होती हैं, लेकिन इस क्विज का विभाग के स्वीकृत कार्यक्रम या आधिकारिक कैलेंडर में कोई स्थान नहीं था और इसे स्वतंत्रता दिवस के सिलसिले में स्थानीय स्तर पर आयोजित किया गया था। उन्होंने कहा कि गतिविधि चाहे कोई भी हो, विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखना चाहिए तथा शिक्षा विभाग की योजनाओं का इस्तेमाल व्यक्तिगत हितों को आगे बढ़ाने के लिए करना उचित नहीं है। मंत्री के निर्देश पर सामान्य शिक्षा निदेशक और सचिव ने मामले की जांच की, जिसके बाद प्रश्न तैयार करने वाले शिक्षक की पहचान कर उन्हें जांच पूरी होने तक निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि अभी जांच जारी है और अंतिम फैसला जांच रिपोर्ट आने के बाद लिया जाएगा। यदि अन्य शिक्षक या अधिकारी भी इसमें शामिल पाए जाते हैं या उनकी लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

‘वंदे मातरम’ विवाद और स्कूलों में रैगिंग पर भी मंत्री ने दी प्रतिक्रिया
मुख्य सचिव के स्वतंत्रता दिवस पर ‘वंदे मातरम’ का पूरा संस्करण गाने संबंधी सर्कुलर पर शम्सुद्दीन ने कहा कि मामले को संबंधित लोगों ने स्पष्ट कर दिया है और मुख्यमंत्री ने तथ्यों को सामने रखते हुए इसे सुधार दिया है, इसलिए इस मुद्दे को आगे तूल देने की जरूरत नहीं है। स्कूलों में रैगिंग के बढ़ते मामलों पर उन्होंने कहा कि कुछ अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं, जबकि गंभीर रैगिंग आमतौर पर कॉलेजों में अधिक देखने को मिलती है। उन्होंने बताया कि रैगिंग के खिलाफ पहले से कानून मौजूद है और इसे और मजबूत करने का प्रस्ताव है, जिस दिशा में आगे कदम उठाए जाएंगे।

कर्किडका वावु बली पर केरल में 100 विशेष बसें चलाएगा KSRTC
केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) कर्किडका वावु बली के अवसर पर 12 अगस्त को राज्य के विभिन्न बलीतर्पण केंद्रों के लिए विशेष बस सेवाएं संचालित करेगा। निगम के अनुसार, यात्रियों की संख्या को देखते हुए 12 अगस्त को रात 2 बजे से राज्य के 13 प्रमुख बलीतर्पण केंद्रों के लिए सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके अलावा यात्रियों की जरूरत के अनुसार KSRTC की विभिन्न इकाइयों से अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। निगम ने बताया कि इस वर्ष 2025 के मुकाबले अधिक बसों की व्यवस्था की गई है और विशेष सेवाओं के लिए कुल 100 बसें लगाई गई हैं, जबकि पिछले वर्ष 62 बसें संचालित की गई थीं।

प्रमुख बलीतर्पण केंद्रों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था
KSRTC ने बताया कि तिरुवल्लम, वर्कला, शंखुमुखम, वेली, अरुविक्करा, अरुविप्पुरम, कडिनामकुलम, कोल्लम के तिरुमुल्लावरम, अलुवा, तिरुनावाया और तिरुनेली मंदिर जैसे प्रमुख बलीतर्पण केंद्रों के लिए अतिरिक्त विशेष बसें उपलब्ध कराई गई हैं। परिवहन निगम ने कहा कि राज्य के परिवहन मंत्री सीपी जॉन और देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन की अध्यक्षता में हुई विभिन्न बैठकों में दिए गए निर्देशों के आधार पर कर्किडका वावु बली को लेकर पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।

यात्रियों की भीड़ के अनुसार तुरंत बढ़ाई जाएंगी सेवाएं
KSRTC ने प्रत्येक बलीतर्पण केंद्र पर यात्रियों की भीड़ पर नजर रखने के लिए विशेष दस्ते के अधिकारियों और कर्मचारियों को पहले से तैनात किया है। निगम के मुताबिक, यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें तुरंत भेजने, मौजूदा सेवाओं की संख्या बढ़ाने या बसों का मार्ग बदलकर उन्हें अधिक भीड़ वाले स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की गई है। कर्किडका वावु बली मलयालम महीने कर्किडकम में पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए किया जाने वाला महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान है।

चेन्नई एयरपोर्ट पर SFI कार्यकर्ता हिरासत में
केरल में ED अधिकारियों पर हमले के मामले में आरोपी SFI कार्यकर्ता आदर्श को सोमवार को चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आदर्श SFI की चाला एरिया कमेटी का सदस्य है। घटना के वीडियो फुटेज की जांच के दौरान उसकी कथित संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद तक वह दुबई जा चुका था, जिसके चलते पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। सोमवार को दुबई से चेन्नई पहुंचने पर उसे हिरासत में लिया गया। तिरुवनंतपुरम के म्यूजियम थाने की पुलिस टीम उसे अपनी हिरासत में लेने के लिए चेन्नई रवाना होगी।

पिनराई विजयन के आवास पर ED की कार्रवाई के बाद हुआ था हमला
ED ने 27 मई को पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के किराए के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर उनकी बेटी की फर्म और रेत खनन कंपनी कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड के बीच कथित वित्तीय लेनदेन की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत तलाशी ली थी। तलाशी के बाद लौट रहे ED अधिकारियों के वाहनों पर भीड़ ने कथित तौर पर हमला किया था, जिसमें एक चालक, CRPF के एक अधिकारी और तलाशी टीम के एक सदस्य के घायल होने की बात कही गई थी। पुलिस ने इस मामले में करीब 300 CPI(M), DYFI और SFI कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया था। हाल ही में केरल हाई कोर्ट ने इस मामले में कई महीनों से जेल में बंद कुछ आरोपियों को जमानत दी थी।

कर्नाटक कैबिनेट फेरबदल और विभागों के बंटवारे पर चर्चा
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को कांग्रेस के AICC महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर कैबिनेट में मामूली फेरबदल और नए मंत्रियों को विभाग आवंटित करने को लेकर चर्चा की। इससे पहले रविवार देर रात उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ दो घंटे से अधिक समय तक बैठक की थी। सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार ने कैबिनेट में एक महिला सदस्य को शामिल करने और नए मंत्रियों को विभाग देने पर चर्चा की। असंतुष्ट विधायकों को समायोजित करने के लिए विभागों में बदलाव की भी संभावना है और एक-दो नए मंत्रियों को हटाया जा सकता है।

कैबिनेट में एक पद अभी भी खाली
खरगे से मुलाकात के बाद शिवकुमार ने कहा कि कैबिनेट में एक महिला को शामिल किया जाएगा और इसमें कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि विभागों का आवंटन जल्द पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बीजेपी विधायक बसवराज होरट्टी के कर्नाटक विधान परिषद के अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद के घटनाक्रम की जानकारी भी खरगे को दी। कर्नाटक में इस महीने की शुरुआत में बड़े कैबिनेट विस्तार में 19 मंत्रियों को शामिल किया गया था, जिससे मुख्यमंत्री समेत मंत्रिपरिषद की संख्या 33 हो गई। कैबिनेट में अभी एक पद खाली है।

केरल का नाम बदलने की दिशा में ऐतिहासिक कदम: राजीव चंद्रशेखर
केरल बीजेपी अध्यक्ष और नेमोम से विधायक राजीव चंद्रशेखर ने सोमवार को कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा लोकसभा में ‘केरल (Alteration of Names) Bill, 2026’ पेश किए जाने से राज्य एक 'ऐतिहासिक पड़ाव' के और करीब पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश के समग्र विकास, सांस्कृतिक जड़ों के सम्मान और प्रगति को बढ़ावा देने की सोच का एक और उदाहरण है, जो राजनीति से परे है।

‘हर मलयाली की ओर से आभार’ 
चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विधेयक को मंजूरी दिए जाने के बाद उन्होंने केरल के साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्र के दिग्गजों के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि उस दौरान प्रधानमंत्री से मिलना हर मलयाली की ओर से गहरी कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर था और लोकसभा में विधेयक पेश किया जाना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कदम है।

हैदराबाद में हिट-एंड-रन, पूर्व सैनिक की मौत
हैदराबाद के हाइडरशाकोट इलाके में सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने कथित तौर पर गलत दिशा में जाकर तीन दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 47 वर्षीय पूर्व सेना कर्मी रविंदर, जो पूर्व सूबेदार थे, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, वाहन ने पहले रविंदर को टक्कर मारी और बाद में रैपिडो बाइक पर सवार दो लोगों को भी चपेट में ले लिया।

कार छोड़कर फरार हुए चार लोग, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार में चार लोग सवार थे। हादसे में वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद सभी आरोपी कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। नरसिंगी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त कार चालक शराब के नशे में था या नहीं।

कांग्रेस का आरोप- VB-G RAM G असल में ‘रोजगार चोरी’
कांग्रेस ने सोमवार को VB-G RAM G एक्ट को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए इसे 'रोजगार चोरी' करार दिया और आरोप लगाया कि नए कानून के कारण MGNREGA को “खत्म” करने का असर अब सामने आने लगा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, जिसमें सरकारी आंकड़ों के हवाले से दावा किया गया कि नए ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम के तहत रोजगार सृजन में भारी गिरावट आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई में रोजगार सृजन में साल-दर-साल 49.94 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। रमेश ने कहा कि मोदी सरकार के VB-G RAM G का पहला महीना ही MGNREGA को खत्म करने की कीमत दिखा रहा है।

हैदराबाद में ‘गड़ा खजाना’ दिखाने के नाम पर ठगी का भंडाफोड़ 
हैदराबाद में घर के नीचे गड़ा हुआ खजाना खोजने का झांसा देकर लोगों से करीब एक करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (टास्कफोर्स) केएस राव ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि आरोपी लोगों को घर के नीचे दबे खजाने का पता लगाने का दावा करते थे और इसी बहाने उनसे मोटी रकम ऐंठते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो चार पहिया वाहन, एक ऑटो-रिक्शा, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, 25 नकली सोने के सिक्के और छह किलो कोयला समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने भोले-भाले लोगों को ठगने की योजना बनाई और दावा किया कि उसे घरों के नीचे दबे खजाने का पता लगाने का विशेष ज्ञान है। इसके बाद उसने अपने दोस्तों को इस योजना में शामिल किया और सभी ने आसान पैसे कमाने के लालच में इस अवैध गतिविधि को अंजाम देने पर सहमति जताई। आरोपी इसके बाद लोगों से संपर्क कर उनसे पैसे वसूलते थे। ठगी के दौरान वे जमीन खोदने के बाद उसमें कोयले से भरी बोरी और सोने की परत चढ़े नकली सिक्के दबा देते थे। इसके बाद आरोपियों का कहना होता था कि कोयले को सोने में बदलने में कुछ समय लगेगा और वे मौके से फरार हो जाते थे। इस मामले में राजेंद्र नगर पुलिस थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि अलग-अलग इलाकों में 11 लोगों को इस गिरोह ने अपना शिकार बनाया और उनसे करीब एक करोड़ रुपये ठगे। पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में ऐसे कुछ ठगों की गतिविधियां सामने आई हैं, जो सड़कों, गांवों और कस्बों में घूमकर लोगों को किसी स्थान पर जमीन के नीचे छिपे खजाने के होने का दावा करते हैं और उसे खोजने का झांसा देकर पैसे ऐंठते हैं।

जेडी (एस) की पदयात्रा में शामिल हुए पूर्व PM देवेगौड़ा
जेडी (एस) के संरक्षक और पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने सोमवार को बेंगलुरु के दक्षिण जिले में बिदादी के पास प्रस्तावित GBIT परियोजना के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहण के विरोध में पार्टी की पदयात्रा में हिस्सा लिया। भाजपा के समर्थन से निकाली जा रही यह पदयात्रा बिदादी के पास बैरमंगला से बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क तक निकाली जा रही है। जेडी(S) की युवा शाखा के अध्यक्ष और देवेगौड़ा के पोते निखिल कुमारस्वामी के नेतृत्व में चल रही तीन दिवसीय पदयात्रा का सोमवार को दूसरा दिन था।

38 किलोमीटर की पदयात्रा में देवेगौड़ा ने भी उठाई किसानों के हक की आवाज
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, करीब 38 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा की शुरुआत रविवार को बैरमंगला से जेडी(S) नेता और केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने की थी। इस दौरान कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक भी मौजूद रहे। सोमवार को बिदादी के BGS सर्किल से पदयात्रा के दूसरे दिन की शुरुआत हुई, जिसमें 93 वर्षीय देवेगौड़ा भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने 'नम्मा भूमि, नम्मा हक्कु' यानी 'हमारी जमीन, हमारा अधिकार' जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर रियल एस्टेट हितों को बढ़ावा देने और किसानों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया।

9,600 एकड़ जमीन अधिग्रहण की तैयारी 
किसानों और स्थानीय लोगों के विरोध के बीच सरकार ने प्रस्तावित ग्रेटर बेंगलुरु इंटीग्रेटेड टाउनशिप (GBIT) परियोजना को लेकर अलग-अलग राय और सुझावों की समीक्षा के लिए सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीश जस्टिस गुहनाथन नरेंद्र की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। इससे पहले विरोध के बावजूद सरकार ने सात गांवों में 5,400 एकड़ से अधिक जमीन के अधिग्रहण के लिए दो चरणों में अंतिम अधिसूचनाएं जारी की थीं। इस परियोजना को भारत की "पहली AI-संचालित इंटीग्रेटेड टाउनशिप" के रूप में पेश किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, बिदादी परियोजना के लिए नौ राजस्व गांवों और 16 गैर-राजस्व गांवों में फैली करीब 9,600 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। राज्य सरकार ने पिछले साल मार्च में क्षेत्र के नौ गांवों में कुल 7,481 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए प्रारंभिक अधिसूचना जारी की थी और आने वाले दिनों में इस संबंध में और अधिसूचनाएं जारी होने की संभावना है।

17 अगस्त से शुरू होगा आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने राज्य विधानसभा और विधान परिषद का सत्र 17 अगस्त से बुलाया है। विधानसभा का सत्र 17 अगस्त को सुबह 9 बजे गुंटूर जिले के अमरावती स्थित वेलागापुड़ी विधानसभा भवन में शुरू होगा। सोमवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, 'आंध्र प्रदेश विधानसभा का सत्र 17 अगस्त से शुरू होगा। राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने विधानसभा सत्र आयोजित करने की अधिसूचना जारी कर दी है।' वहीं, राज्यपाल ने 17 अगस्त को सुबह 10 बजे वेलागापुड़ी स्थित विधान परिषद भवन में विधान परिषद का सत्र भी बुलाया है।

ओडिशा में दो अलग हादसे, एक कांवरिया लापता, आठ घायल
ओडिशा के अंगुल और गंजाम जिलों में अलग-अलग हादसों में एक कांवरिया तेज बहाव में बह गया, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। अंगुल में रविवार रात कांवरियों का एक दल डिपिरिसिंगा के पास नदी में भगवान शिव को चढ़ाने के लिए जल लेने पहुंचा था। इस दौरान दो कांवरिये तेज बहाव में बह गए। दमकल कर्मियों ने स्मृति रंजन को बचा लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी थी। रंजन ने दावा किया कि डेरजांग बांध से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण हादसा हुआ। वहीं, गंजाम जिले में करीब 20 कांवरियों को ले जा रहा मिनी ट्रक कलियाबाली के पास पलट गया। हादसे में आठ लोग घायल हुए, जिनमें तीन की हालत गंभीर थी। सभी को अस्पताल ले जाया गया। बाद में गंभीर घायलों को एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

पश्चिम बंगाल के बस स्टॉप पर माताओं के लिए बनेगी अलग जगह
पश्चिम बंगाल सरकार राज्य के बस स्टॉप को आधुनिक बनाने की योजना पर काम कर रही है। शहरी विकास और नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने रविवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए बस स्टॉप पर बच्चों को दूध पिलाने वाली माताओं के लिए अलग जगह बनाई जाएगी। इसके अलावा यहां पीने का पानी, ठंडे पेय, हल्के नाश्ते, वेंडिंग मशीन, सीसीटीवी, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और मोबाइल चार्जिंग की सुविधा होगी। मंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुविधाओं को सरकार प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि एक सितंबर से सड़क और बस स्टॉप पर थूकने, कूड़ा फैलाने तथा अवैध पार्किंग पर जुर्माना लगाया जाएगा। जल्द ही ऐप आधारित पार्किंग व्यवस्था भी शुरू होगी। उन्होंने लोगों से सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की। पॉल ने कहा कि कूचबिहार और मायापुर जैसे ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के विकास की भी अलग योजना बनाई जा रही है।

मणिपुर में हाईवे की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने की बैठक
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को राज्य के राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी, सुरक्षा सलाहकार, गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सेना, असम राइफल्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में हाईवे पर शांति बनाए रखने और यात्रियों तथा जरूरी सामान की आवाजाही में किसी तरह की बाधा रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। यह बैठक मुख्यमंत्री की उस घोषणा के तीन दिन बाद हुई है, जिसमें उन्होंने सभी समुदायों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग खोलने और इंफाल-गुवाहाटी बस सेवा फिर शुरू करने की बात कही थी। मई 2023 में जातीय हिंसा शुरू होने के बाद एनएच-2 और एनएच-37 पर यातायात प्रभावित रहा है। एनएच-2 पर नगा संगठनों की नाकेबंदी से सामान की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री ने सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

कोलकाता में 1300 फ्लैटों में दूषित पानी की शिकायत, एफआईआर दर्ज
कोलकाता के पूर्वी इलाके में एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के करीब 1300 फ्लैटों में गंदा और बदबूदार पानी मिलने का मामला सामने आया है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि पानी की टंकियों और जलाशयों में सांप, मेंढक और कीड़े तक मिले हैं। उनका कहना है कि दूषित पानी पीने और खाना बनाने में इस्तेमाल करने से कई लोग बीमार हुए हैं। बच्चों और बुजुर्गों में पेट की समस्या ज्यादा सामने आई है। कुछ लोगों को अस्पताल में भी भर्ती कराना पड़ा। इस मामले में राजारहाट थाने में बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि पानी के नमूने जांच के लिए लिए जाएंगे। निवासियों के अनुसार, परिसर में नियमित सरकारी जलापूर्ति नहीं है और भूजल को टंकियों में पहुंचाया जाता है। उनका आरोप है कि टंकियों और पाइपलाइन का रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा। स्थानीय भाजपा विधायक ने मौके पर पहुंचकर मदद का भरोसा दिया।

कलकत्ता हाईकोर्ट का निर्देश, पूर्व TMC विधायक को लंबित मामलों की जानकारी दे पुलिस
कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट को पूर्व टीएमसी विधायक असित मजूमदार के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी देने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि पुलिस एक सप्ताह के भीतर मजूमदार को बताए कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित है या नहीं। मजूमदार के वकील कल्याण बनर्जी ने अदालत में आशंका जताई कि 21 जुलाई को गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलने के बावजूद उनके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज किया गया हो सकता है। मजूमदार को पड़ोसी की शिकायत पर जमीन कब्जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दिन ही हुगली की मजिस्ट्रेट अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी। मामले की सुनवाई जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की अदालत में हुई। इससे पहले अदालत के निर्देश पर सीबीआई ने रिपोर्ट दाखिल कर बताया था कि उसके पास मजूमदार के खिलाफ कोई लंबित आपराधिक मामला नहीं है। इस साल विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed