फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National News Updates 29th Jan North East West South India Politics Crime Latest News Hindi

Updates: केंद्र ने लागू किए नए ठोस कचरा प्रबंधन नियम, भाजपा का दावा- केरल की रुकी रेलवे परियोजनाएं मंजूर

Thu, 29 Jan 2026 04:50 AM IST
शिवम गर्ग न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 29 Jan 2026 04:50 AM IST
विज्ञापन
National News Updates 29th Jan North East West South India Politics Crime Latest News Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

केंद्र सरकार ने नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों को अधिसूचित कर दिया है, जो 1 अप्रैल से पूरे देश में लागू होंगे। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को बताया कि अब कचरे का स्रोत पर चार श्रेणियों  गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल कचरा में अलग-अलग संग्रह अनिवार्य होगा। इन नियमों के तहत बड़े कचरा उत्पादकों जैसे सरकारी विभागों, संस्थानों, सोसायटी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी तय की गई है कि वे अपने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करें। नियमों में 'प्रदूषक भुगतान सिद्धांत' के तहत जुर्माने और पर्यावरण क्षतिपूर्ति का भी प्रावधान किया गया है।

विज्ञापन


आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर भारत-सऊदी अरब सहमत
भारत और सऊदी अरब ने आतंकवाद से निपटने के लिए सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। रियाद में हुई भारत-सऊदी सुरक्षा कार्यसमूह की बैठक में दोनों देशों ने सीमापार आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने कट्टरपंथ, आतंकवाद की फंडिंग, तकनीक के दुरुपयोग और संगठित अपराध से आतंक के संबंध जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
विज्ञापन


सूरत की प्लास्टिक इकाई में विस्फोट के मामले में दो मालिक गिरफ्तार
सूरत में एक प्लास्टिक निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में चार मजदूरों की मौत और एक के घायल होने के बाद फैक्ट्री के दो मालिकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


मालिकों की पहचान मोहम्मद हुसैन मेमन (37) और उनके भाई मोहम्मद अब्दुल कादिर मेमन (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही से मौत का के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 19 जनवरी को उधना उद्योग नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में हुई, जहां काम के दौरान एक क्रशर मशीन में विस्फोट हो गया था। इस हादसे में पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। सूरत पुलिस के अनुसार, सभी पांच घायलों को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान पिछले नौ दिनों में उनमें से चार की मौत हो गई।

केरल की रुकी रेलवे परियोजनाओं को मिली मंजूरी: भाजपा
केरल में वर्षों से अटकी अंगमाली-सबरिमाला और गुरुवायूर-तिरुनवाया रेलवे लाइनों को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि इन परियोजनाओं के फिर से शुरू होने से तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की लापरवाही के कारण ये योजनाएं रुकी रहीं, लेकिन अब इन्हें आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

गोवा सरकार ने चिम्बेल गांव से हटाए दो प्रस्तावित प्रोजेक्ट
गोवा सरकार ने स्थानीय विरोध को देखते हुए यूनिटी मॉल और प्रशासन स्तंभ परियोजनाओं को चिम्बेल गांव के बजाय पणजी के बाहरी क्षेत्र में स्थापित करने का फैसला किया है। ग्रामीणों ने इन परियोजनाओं से पास की पारंपरिक झील को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई थी। सरकार द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया, हालांकि सर्वे में यह पाया गया कि प्रस्तावित स्थल झील क्षेत्र से बाहर था।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा
अमेरिकी कांग्रेस के द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात कर भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक में रक्षा तकनीक सहयोग, सह-विकास और सह-उत्पादन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारत दौरे पर यूएई नेशनल गार्ड कमांड, कोस्ट गार्ड प्रशिक्षण सहयोग बढ़ेगा
संयुक्त अरब अमीरात के नेशनल गार्ड कमांड का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर है। इस दौरान भारतीय तटरक्षक बल के प्रशिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग और क्षमता निर्माण पर चर्चा की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल चेन्नई स्थित प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा करेगा और समुद्री सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और खोज-बचाव अभियानों में संयुक्त प्रशिक्षण की संभावनाओं पर बातचीत करेगा।

बंगाल चुनाव से पहले CPI(M) नेता सलीम की हमायूं कबीर से मुलाकात
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले CPI(M) नेता मोहम्मद सलीम ने जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हमायूं कबीर से मुलाकात की, जिससे संभावित गठबंधन की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि सलीम ने कहा कि अभी कोई गठबंधन तय नहीं हुआ है, लेकिन सीट शेयरिंग प्रस्ताव पर वाम मोर्चा के भीतर चर्चा की जाएगी। वहीं कबीर ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की जरूरत बताई।

87 करोड़ के डाटा चोरी में कंपनी के पूर्व प्रबंधक पर केस
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक सॉफ्टवेयर कंपनी के 87 करोड़ रुपये के डाटा की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में कंपनी के पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर कंपनी के गोपनीय सोर्स कोड व संवेदनशील डाटा को अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रौद्योगिकी फर्म एमाडेस सॉफ्टवेयर लैब्स इंडिया प्रालि. की शिकायत पर व्हाइटफील्ड सीईएन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान निगम के रूप में हुई है, जो पूर्व में कंपनी का वरिष्ठ प्रबंधक और अनुसंधान वैज्ञानिक था। कंपनी को आंतरिक समीक्षा के दौरान डाटा लीक की आशंका हुई और निगम से पूछताछ की गई। इस दौरान, निगम ने अनधिकृत डाटा हस्तांतरण की बात स्वीकार की।

शाह आज से असम दौरे पर, विधानसभा के नए परिसर की रखेंगे नींव
गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार से दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। इस दौरान वह डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि अमित शाह का एक महीने के भीतर असम का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 29 दिसंबर को उन्होंने राज्य में कई सरकारी परियोजनाओं की शुरुआत की थी। सरमा ने नॉर्थ लखीमपुर जिले के रंगामाड़ी में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि अमित शाह बृहस्पतिवार शाम असम पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ में करेंगे। 30 जनवरी को वह डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे। डिब्रूगढ़ के कार्यक्रमों के बाद गृह मंत्री धेमाजी जिले के लिए रवाना होंगे, जहां वह मिषिंग समुदाय के एक सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को अमित शाह गुवाहाटी स्थित असम भाजपा के मुख्यालय पहुंचेंगे। वहां वह राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। बैठक के बाद वह शाम सात बजे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल के दौरान कराए जाने की संभावना है। ऐसे में अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।

सबरीमला मंदिर सोना चोरी मामले की धीमी जांच से केरल हाईकोर्ट नाखुश
केरल हाईकोर्ट ने सबरीमला मंदिर में कथित सोना चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। अदालत ने कहा कि पुलिस की धीमी जांच के कारण मुख्य आरोपियों को डिफाल्ट बेल मिल रही है, जिससे जनता का भरोसा जांच एजेंसियों से उठ सकता है। जस्टिस ए बदरुद्दीन ने कहा कि कानून के अनुसार अगर पुलिस 90 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं करती है, तो आरोपियों को जमानत का अधिकार मिल जाता है। इसी वजह से मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और त्रावणकोर देवासम बोर्ड के पूर्व अधिकारी मुरारी बाबू को डिफॉल्ट बेल मिली। अदालत यह टिप्पणी स्मार्ट क्रिएशंस कंपनी के प्रमुख पंकज भंडारी की याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताया है।

पुलिस का आरोप है कि भंडारी और पोट्टी ने मिलकर सबरीमला मंदिर के गर्भगृह के द्वारपालक मूर्तियों और श्रीकोविल के दरवाजों से सोना चोरी किया और उसे भंडारी की दुकान पर उतारा गया। इससे पहले 23 जनवरी को कोल्लम विजिलेंस कोर्ट ने मुरारी बाबू को 90 दिन में चार्जशीट दाखिल न होने पर जमानत दी थी। वह इस मामले में जेल से रिहा होने वाले पहला आरोपी। एसआईटी ने अब तक दो मामलों में कुल 29 आरोपियों को नामजद किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed