फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National News Updates 21 March North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News

News Updates: कोलकाता के अस्पताल की लिफ्ट में एक व्यक्ति की मौत; राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का खेल शुरू

Sat, 21 Mar 2026 06:22 AM IST
Shivam Garg न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Shivam Garg Updated Sat, 21 Mar 2026 06:22 AM IST
विज्ञापन
National News Updates 21 March North East West South India Politics Crime Latest National Hindi News
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
उत्तरी कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक व्यक्ति की कथित तौर पर लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई, जिससे विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। विपक्षी भाजपा ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या की जांच की मांग की है।
विज्ञापन


विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस मौत को हत्या करार दिया और इसके लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख भी हैं, स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम और अस्पताल अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। सुवेंदु अधिकारी ने पुरबा मेदिनीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान पत्रकारों से कहा मेरे पास दस्तावेज हैं... उन्होंने जानबूझकर मरम्मत के अधीन चल रही लिफ्ट का इस्तेमाल करके (उस व्यक्ति की) हत्या कर दी। हत्या का मामला तुरंत दर्ज किया जाना चाहिए।
विज्ञापन


पीड़ित के परिवार के अनुसार, लगभग 40 वर्ष की आयु का वह व्यक्ति लिफ्ट में अचानक खराबी आने पर अंदर फंस गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लिफ्ट मरम्मत के अधीन थी, उस समय कोई ऑपरेटर ड्यूटी पर नहीं था और उसे ठीक से सुरक्षित नहीं किया गया था। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घायल अवस्था और नाक से खून बहने की हालत में उस व्यक्ति को बचाया गया और उसे आपातकालीन इकाई में ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि चल रही जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


अपराधियों का कोई धर्म-जाति नहीं: गुजरात के उपमुख्यमंत्री
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने शनिवार को कहा कि अपराधियों का कोई धर्म या जाति नहीं होती। उन्होंने कहा, पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए 'हनुमान जी' बन जाएगी। वह वडोदरा शहर पुलिस कमान एवं नियंत्रण केंद्र  उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे, जो राज्य पुलिस के तकनीक के जरिये तेज निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करने वाला नेटवर्क (नेईटीआरएएम) परियोजना का हिस्सा है।

उन्होंने कहा, अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता या जाति नहीं होती। गुजरात पुलिस राज्य में असामाजिक तत्वों को पकड़ने के लिए दृढ़ है। अगर कोई अपराधी नागरिकों को परेशान करता है, तो पुलिस लोगों को बचाने के लिए हनुमान जी बन जाएगी। सांघवी ने यहां राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक केएलएन राव और शहर के पुलिस आयुक्त नरसिंह कोमार के साथ सीसीटीवी और ट्रैफिक नेटवर्क का निरीक्षण भी किया।

हैदराबाद में महिला डॉक्टर ने की आत्महत्या, माता-पिता ने घर में बिल्ली रखने पर जताई थी आपत्ति
हैदराबाद में एक महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, क्योंकि उसके माता-पिता ने घर में पालतू बिल्ली रखने पर आपत्ति जताई थी। घरवालों ने कथित तौर परउसे घर में बिल्ली रखने से मना किया था।  पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस के मुताबिक, एमबीबीएस की पढ़ाई के बाद महिला आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रही थी। वह तीन महीनों से उस बिल्ली को पाल रही थी। लेकिन उसके माता-पिता को यह पसंद नहीं था, जिसके कारण उसने यह बड़ा कदम उठा लिया। महिला अलवाल इलाके की रहने वाली थी। उसने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दी। 18 मार्च को भी एक 20 साल की छात्रा ने यहां मीरपेट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। वह भी अपनी पालतू बिल्ली की मौत से बहुत दुखी थी।
 

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर सख्ती बीजद ने 6 विधायकों को किया निलंबित
ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने पर बीजू जनता दल (बीजेडी) ने अपने छह विधायकों को निलंबित कर दिया है। यह फैसला पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक की अध्यक्षता में हुई राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक में लिया गया।

निलंबित किए गए विधायकों में चक्र मणि कंहार (बालीगुड़ा), नबा किशोर मलिक (जयदेव), सौविक बिस्वाल (चौद्वार-कटक), सुभासिनी जेना (बस्ता), रमाकांत भोई (तिरतोल) और देवी रंजन त्रिपाठी (बांकी) शामिल हैं। पार्टी ने इन सभी विधायकों को 17 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उन्होंने शुक्रवार शाम को अपने जवाब सौंपे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें असंतोषजनक पाया। इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। यह जानकारी विधानसभा में बीजेडी की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक ने दी।

अमेरिकी धार्मिक स्वतंत्रता रिपोर्ट की 275 पूर्व अफसरों ने की कड़ी निंदा
अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग (यूएससीआईआरएफ) की हालिया रिपोर्ट को लेकर देश में विवाद गहरा गया है। 275 पूर्व जजों, वरिष्ठ नौकरशाहों और सशस्त्र बलों के दिग्गजों ने इस रिपोर्ट की कड़ी आलोचना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरित और बौद्धिक दिवालियापन का उदाहरण बताया है। संयुक्त बयान में इन अधिकारियों ने अमेरिकी सरकार से मांग की है कि वह इस रिपोर्ट को तैयार करने वाले सभी लोगों की पृष्ठभूमि की सख्ती से जांच करे।

अफसरों का आरोप है कि यह रिपोर्ट पूर्वाग्रह से ग्रस्त है और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। बयान में कहा गया कि यूएससीआईआरएफ की ओर से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने, संपत्ति फ्रीज करने और भारतीय नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगाने जैसी सिफारिशें पूरी तरह पक्षपातपूर्ण और आधारहीन हैं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आयोग बार-बार भारतीय संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करता है।

अफसरों ने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतंत्र है, जहां न्यायपालिका, संसदीय निगरानी और संस्थागत ढांचा इतना सशक्त है कि धार्मिक अधिकारों के उल्लंघन के मामलों में दोषियों के बच निकलने की संभावना बेहद कम है। इस संयुक्त बयान पर 25 सेवानिवृत्त जज, 119 पूर्व नौकरशाह (जिनमें 10 राजदूत शामिल हैं) और 131 सशस्त्र बलों के पूर्व अधिकारी शामिल हैं।

युद्धविराम में अहम भूमिका निभा सकता है भारत- पोलैंड राजदूत
अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीज जारी युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा संकट पैदा हो गया है और हजारों लोग फंसे हुए हैं। पोलैंड का मानना है कि भारत पश्चिम एशिया को मौजूदा दौर से बाहर निकालने और युद्ध रुकवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। भारत में पोलैंड के राजदूत डॉ. पीटर एंटनी स्विताल्स्की ने एक भारतीय समाचार चैनल के साथ बातचीत में कहा कि हम भारत को न केवल इस विशेष संघर्ष में, बल्कि व्यापक अर्थों में भी मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए एक अनूठी स्थिति में देखते हैं।

भारत पश्चिम एशिया में खाई पाटने की स्थिति में भी है। उन्होंने कहा कि आज के समय में दुनिया बहुत विभाजित है। कुछ विभाजन वास्तविक और गहरे हैं तो कुछ अन्य भावनात्मक। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इन विभाजनों को दूर किया जाए और इनके बीच की खाई को पाटने का प्रयास किया जाए।

स्विताल्स्की ने कहा कि हाल ही में ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों और डॉ. एस. जयशंकर के बीच हुई बैठक बहुत ही सार्थक रही। इसने संवाद और समन्वय के महत्व को प्रदर्शित किया। यूरोपीय संघ भारत के साथ अधिक गहनता से काम के लिए तैयार है।

ऋण गारंटी योजना-2.0 : 36 लाख छोटे उधारकर्ताओं को आसानी से मिलेगा कर्ज
केंद्र सरकार ने सूक्ष्म वित्त संस्थानों के लिए ऋण गारंटी योजना-2.0 शुरू की है। इसमें छोटे वित्तीय संस्थानों को मजबूत किया जाएगा, जिससे 36 लाख छोटे उधारकर्ताओं को आसानी से ऋण मिल सकेगा। योजना के तहत गैर बैंकिंग वित्तीय संस्थानों (एनबीएफसी) और छोटे वित्तीय संस्थानों (एमएफआई) के लिए ऋण प्रवाह में  20,000 करोड़ रुपये तक की वृद्धि होगी। योजना में कर्ज लेने वालों को ऋण पर अपेक्षित नुकसान के विरुद्ध गारंटी भी मिल सकेगी। इसके तहत कर्ज की 80 फीसदी तक की राशि कवर होगी। ऋणदाता ब्याज दर को पिछले 6 महीनों में औसत ऋण दर से एक फीसदी कम तक सीमित रखेंगे। बैंकों की ओर से लघु वित्त संस्थानों को ऋण देने में कमी के बाद यह योजना लाई गई।

देश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार
पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि देश में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक बना हुआ है। शोधन कारखानों में घरेलू एलपीजी उत्पादन में वृद्धि की गई है। प्राकृतिक गैस आपूर्ति में डी-पीएनजी और सीएनजी परिवहन को 100 प्रतिशत आपूर्ति भी शामिल है। ग्रिड से जुड़े औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति उनकी औसत खपत के 80% के बराबर है।

केंद्र सरकार ने कहा कि अपने यहां पीएनजी कनेक्शनों की संभावित मांग का व्यापक आकलन करें और इस अभ्यास के समन्वय के लिए प्रत्येक मंत्रालय से एक नोडल अधिकारी नामित करें। पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ) ने अपने सभी कार्यालयों को सीजीडी आवेदनों को प्राप्ति के 10 दिनों के भीतर निपटान करने की सलाह दी है। प्रमुख शहरों और शहरी क्षेत्रों में वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं से एलपीजी के स्थान पर पीएनजी (पेट्रोलियम-जनित गैस) का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है। मंत्रालय का कहना है कि मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एलपीजी की आपूर्ति अभी भी चिंता का विषय है। एलपीजी वितरकों में आपूर्ति में कमी की कोई रिपोर्ट नहीं है। घबराहट में की गई बुकिंग में कमी आई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य रूप से हो रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed