{"_id":"6aae6fc64335814eea056037","slug":"nandigram-by-election-mp-pawan-khera-questions-timing-of-congress-candidate-arrest-asks-why-now-2026-09-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"नंदीग्राम उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी के समय पर पवन खेड़ा ने उठाए सवाल, पूछा- अभी ही क्यों?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
नंदीग्राम उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी की गिरफ्तारी के समय पर पवन खेड़ा ने उठाए सवाल, पूछा- अभी ही क्यों?
Sat, 19 Sep 2026 04:50 PM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Sat, 19 Sep 2026 04:50 PM IST
सार
नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल पुलिस और भाजपा पर सवाल उठाए हैं। जबकि पुलिस ने गिरफ्तारी को 2007 के नंदीग्राम आंदोलन से जुड़े पुराने मामलों में लंबित वारंट से जोड़ा है।
विज्ञापन
पवन खेड़ा, सांसद, राज्यसभा
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के समय को लेकर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि जिन मामलों में प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की गई, वे पुराने हैं और ऐसे समय में उनकी गिरफ्तारी हुई है, जब पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की है। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शनिवार को समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि इस तरह की कार्रवाई चिंता का विषय है और जनता ऐसे घटनाक्रम का जवाब उचित समय पर देगी।
विज्ञापन
पुराने मामलों में अचानक गिरफ्तारी पर कांग्रेस का सवाल
पवन खेड़ा ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने कांग्रेस उम्मीदवार को अभी ही क्यों गिरफ्तार किया, जबकि उनके खिलाफ दर्ज शिकायत पुरानी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस को अचानक तब कार्रवाई की याद आई, जब यह सामने आया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को अपना समर्थन दे दिया है। खेड़ा ने कहा, 'लोग सही समय का इंतजार कर रहे हैं और ऐसे हथकंडों का जवाब भी सही समय पर देंगे।' हालांकि, पुलिस के मुताबिक प्रधान की गिरफ्तारी नंदीग्राम में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा से जुड़े कम से कम चार मामलों में लंबित वारंट के आधार पर की गई है। इन मामलों में दंगा, हत्या और आपराधिक धमकी जैसे आरोप शामिल हैं।
विज्ञापन
यूपीआई पर एमडीआर को लेकर केंद्र पर भी निशाना
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की ओर से 2,000 रुपये से अधिक के निर्दिष्ट यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) मर्चेंट लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगाए जाने के फैसले की भी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम अमेरिका के दबाव में उठाया गया है। नया एमडीआर का ढांचा 15 अक्टूबर से लागू होने वाला है। इसके तहत कुछ विशेष क्षेत्रों, जैसे ईंधन के लेनदेन पर एक निश्चित शुल्क लागू किया जाएगा। खेड़ा ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा, 'अगर अमेरिका को ही सब कुछ तय करना है, तो हमें बता दीजिए कि अगली बार हमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए वोट करना चाहिए।'
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: महिला को थप्पड़ मारना पड़ा भारी: होमगार्ड को नौकरी से धोना पड़ा हाथ, डीजीपी ने दिया बर्खास्त करने का निर्देश
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पोस्टर विवाद
इंदौर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के शाम को होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले 'झूठ की गूंज' लिखे पोस्टर लगाए जाने को लेकर भी पवन खेड़ा ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछले 12 वर्षों से कांग्रेस के खिलाफ प्रचार अभियान चला रही है। खेड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को निशाना बनाकर लगातार इस तरह का प्रचार किया जा रहा है और दावा किया कि अब स्थिति ऐसी है कि भाजपा कांग्रेस के खिलाफ जितना अधिक बोलेगी, चुनावों में कांग्रेस को उतनी ही अधिक सीटें मिलेंगी।