आंध्र प्रदेश में रहस्यमय बीमारी से एक की मौत, 290 लोग बीमार, दहशत में आए लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश में कोरोना का कहर जारी है। इस बीच आंध्र प्रदेश में एक रहस्यमय बीमारी ने सनसनी मचा दी है। आंध्र प्रदेश के एलुरू में फैल रही एक रहस्यमय बीमारी से रविवार को एक व्यक्ति की जान चली गई और करीब 292 लोग बीमार पड़ गए।
एलुरू कस्बे के विभिन्न हिस्सों में रह रहे लोगों को मिर्गी या बेहोशी जैसे लक्षणों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पश्चिम गोदावरी जिले में चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि 140 से अधिक रोगी उपचार के बाद अस्पतालों से घर जा चुके हैं। वहीं अन्य लोगों की हालत स्थिर है।अभी तक पता नहीं चल सका है कि बीमारी किस वजह से फैली है, जिसमें लोग अचानक से चक्कर आने के बाद बेहोश हो रहे हैं।
विजयवाड़ा के सरकारी अस्पताल में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिन्हें चक्कर आने और दौरे पड़ने के लक्षणों के बाद रविवार सुबह भर्ती कराया गया था। अधिकतर लोग कुछ ही मिनट में सही हो गए, लेकिन कम से कम सात लोगों को रविवार को बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों का विशेष दल भेजा
एलुरू के सरकारी अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहन ने बताया कि रोगियों के इलाज के लिए डॉक्टरों के विशेष दल एलुरू पहुंच गए हैं और घर-घर जाकर पता लगाया जा रहा है। प्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त कटमानेनी भास्कर भी हालात का जायजा लेने के लिए एलुरू पहुंचे।
मुख्यमंत्री जाएंगे दौरे पर
मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी भी सोमवार को इलुरु जाएंगे। उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री ए. कृष्ण श्रीनिवास ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है तथा सभी को मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
बीमारी का कारण पता नहीं चल सका
मंत्री ने बताया कि पानी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया और उसके प्रदूषित होने की रिपोर्ट नहीं है। खून के नमूने भी भेजे गए हैं और कोई वायरल संक्रमण नहीं पाया गया है। सभी पीडि़तों की कोरोना जांच भी निगेटिव आई है। बीमार लोग अचानक बेहोश हुए और उनके मुंह से झाग आने के साथ शरीर कांपने लगा। पीडि़त न तो आपस में रिश्तेदार हैं और न ही किसी एक कार्यक्रम में हिस्सा बने थे। डॉक्टर बीमारी का कारण पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।