नाराज योगी आदित्य नाथ को भाव नहीं देगी भाजपा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा आलाकमान गोरखपुर के नाराज सांसद योगी आदित्य नाथ को भाव देने के मूड में नहीं है। पार्टी के एक शीर्ष नेता का कहना है कि पहले संगठन कमजोर था, इसलिए नेता हावी थे। लेकिन आज संगठन मजबूत है तो नेता हावी नहीं होंगे। उक्त नेता का कहना है कि श्रेणी में फिट न बैठने की वजह से प्रदेश चुनाव समिति में योगी का नंबर नहीं लग सका। वैसे समिति की बैठक हो चूकी है इसलिए योगी को भी इसे लेकर नाराज नहीं होना चाहिए।
दरअसल प्रदेश चुनाव समिति में जगह न मिलने की वजह से योगी को नाराज बताया जा रहा है। उनकी नाराजगी की बात को बल इसलिए भी मिल रहा है कि बीते दिनों दिल्ली में संपन्न राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में दूसरे दिन वे शामिल नहीं हुए थे। तो योगी को भाव न देने की वजह यह भी है कि भाजपा आलाकमान यूपी की हवा को अपने पक्ष में मान कर चल रहा है।
पार्टी का आत्मविश्वास इसलिए भी बढ़ा है कि सपा-बसपा के घोषित उम्मीदवार अब भी शीर्ष भाजपा नेताओं के दरवाजों पर दस्तक दे रहे हैं। एक वरिष्ठ नेता के अनुसार भाजपा का दरवाजा खटखटा रहे सपा-बसपा के घोषित उम्मीदवारों की संख्या 40 के पार है। मगर अपने उम्मीदवारों की लिस्ट को अंतिम रूप देने में जुटा भाजपा आलाकमान इन उम्मीदवारों को तरजीह नहीं दे रहा है।
'भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 15 जनवरी को होगी जारी'
सूत्र बताते हैं कि यूपी और उत्तराखंड के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट 15 जनवरी को जारी होगी। 15 और 17 जनवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यूपी-उत्तराखंड के उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाने के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई है। बताया जा रहा है कि 15 जनवरी की बैठक में पार्टी यूपी के प्रथम और द्वितिय चरण के उम्मीदवारों का नाम तय कर देगी।
इसके बाद 17 जनवरी को होने वाली बैठक में शेष दौर के अधिकांश उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इससे पहले 10 जनवरी को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में औपचारिकता पूरी करने के बाद यूपी के संगठन महामंत्री सुनिल बंसल दिल्ली में जमे हुए हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ देर रात तक बैठकें कर वे यूपी के उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।