कार्यकाल के पहले दो सालों में मोदी ने किए ओबामा से भी ज्यादा विदेश दौरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन की विदेश यात्रा के दौरान अमेरिका पहुंचे हैं। अपने दो साल के कार्यकाल के भीतर मोदी ने इतनी विदेश यात्राएं की हैं कि उन्होंने इस मामले में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी पीछे छोड़ दिया है।
विमान यात्रा के लॉग के अनुसार नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल के शुरुआत होने से अब तक कुल 35 देशों की यात्राएं की हैं और इस दौरान उन्होंने दुनिया के दो तिहाई राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात भी की है। दुनिया के अन्य देशों के साथ कूटनीतिक संबंधों को और ज्यादा मजबूत करने के इरादे से मोदी ने ये हवाई यात्राएं की है।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक खबर के मुताबिक जहां एक ओर मोदी ने कुल 35 देशों की यात्राएं की हैं वहीं ओबामा ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दो सालों (जनवरी 2009 से जनवरी 2011 तक) के भीतर महज 25 देशों की यात्राएं की है। जहां मोदी ने मई 2014 से मई 2016 के बीच 1,64,187 किमी की हवाई दूरी तय की है वहीं ओबामा ने महज 1,56,336 किमी की। ये आंकड़े दोनों राष्ट्राध्यक्षों के कार्यकाल के पहले दो वर्षों के हवाई यात्राओं का तुलनात्मक अध्ययन है।
इस साल मोदी की विदेश यात्राओं में होगी कटौती
इन आंकड़ों के मुताबिक इन दोनों ही नेताओं ने फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, चीन, कनाडा, ब्रिटेन, रूस, सिंगापुर, तुर्की, अफगानिस्तान, सउदी अरब जैसे देशों के साथ अपने संबंधों को मजबूती देने पर ज्यादा जोर दिया। ओबामा ने जिन 25 देशों की यात्राएं की हैं उनमें 11 ऐसे देश हैं जो यूरोप में स्थित है। इससे यह स्पष्ट होता है कि यूरोप पर उनका ध्यान दुनिया के अन्य महाद्वीपों से ज्यादा केंद्रित रहा। इसके अलावा एशिया के नौ, उत्तरी अमेरिका के तीन और अफ्रिका के दो देश शामिल हैं।
वहीं मोदी के हवाई यात्राओं की बात की जाए तो उन्होंने फ्रांस, नेपाल, रूस, सिंगापुर (दो बार) और तीन बार अमेरिका के दौरे पर जा चुके हैं। हालांकि, मोदी ने यह भी कहा है कि वह 2016 में अपनी हवाई यात्राओं में कमी लाएंगे और तभी विदेश यात्राएं करेंगे जब वह अत्यंत आवश्यक हो। विदेश यात्राओं में कटौती करने के पीछे उनका मुख्य उद्देश्य देश की समस्याओं के निस्तारण के लिए जरूरी समय देना है।