{"_id":"66760314db1f56ce97097d53","slug":"mmrda-said-minor-cracks-appeared-in-service-road-connecting-the-bridge-not-in-atal-setu-2024-06-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharashtra: 'अटल सेतु को जोड़ने वाली सर्विस रोड में आई दरारें', नाना पटोले के भ्रष्टाचार के आरोप के बाद MMRDA","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Maharashtra: 'अटल सेतु को जोड़ने वाली सर्विस रोड में आई दरारें', नाना पटोले के भ्रष्टाचार के आरोप के बाद MMRDA
Sat, 22 Jun 2024 04:18 AM IST
दीपक कुमार शर्मा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: दीपक कुमार शर्मा
Updated Sat, 22 Jun 2024 04:18 AM IST
सार
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) का कहना है कि उल्वे में अटल सेतु को जोड़ने वाली सर्विस रोड पर मामूली दरारें पाई गईं, जो पुल का हिस्सा नहीं है। दरारें परियोजना में संरचनात्मक दोषों के कारण नहीं हैं। इससे पुल की संरचना को कोई खतरा नहीं है।
विज्ञापन
कैलाश गणात्रा, अटल सेतु परियोजना से जुड़े प्रोजेक्ट हेड
- फोटो : एएनआई
विस्तार
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) ने शुक्रवार को महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के बयान के बाद सफाई दी। एमएमआरडीए का कहना है कि उल्वे में अटल सेतु को जोड़ने वाली सर्विस रोड पर मामूली दरारें पाई गईं, जो पुल का हिस्सा नहीं है। दरारें परियोजना में संरचनात्मक दोषों के कारण नहीं हैं। इससे पुल की संरचना को कोई खतरा नहीं है। एमएमआरडीए ने अटल सेतु में दरारों की खबर को अफवाह बताया और लोगों से इस तरह की खबरों पर विश्वास न करने की अपील की।
विज्ञापन
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने मुंबई-ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) अटल सेतु पर आई दरारों का निरीक्षण किया। राज्य में भ्रष्टाचार का खेल जारी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि हम भ्रष्टाचार के बहुत से उदाहरण आगामी विधानसभा में पेश करेंगे। भारत की जनता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का सम्मान करती है, लेकिन भाजपा उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार करने से नहीं हिचकिचाती है। कहा, महाराष्ट्र अमित शाह और नरेंद्र मोदी का एटीएम बन गया है, इसलिए वो महाराष्ट्र की झूठी तारीफ करते हैं।
विज्ञापन
मरम्मत का कार्य शुरू, 24 घंटे में पूरा होगा काम
एमएमआरडीए के अनुसार, अटल सेतु परियोजना के संचालन और रखरखाव टीम ने बृहस्पतिवार को ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान उल्वे से मुंबई की ओर रैंप नंबर 5 पर तीन स्थानों पर छोटी दरारें देखी गईं। परियोजना के पैकेज 4 के ठेकेदार स्ट्रैबैग ने दरारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। पुल पर यातायात बाधित किए बिना 24 घंटे के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
एमएमआरडीए ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, एमटीएचएल पुल पर दरारों के बारे में अफवाहें फैल रही हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि ये दरारें पुल पर नहीं हैं, बल्कि उल्वे से मुंबई की ओर एमटीएचएल को जोड़ने वाली एप्रोच रोड पर हैं।
नाना पटोले ने दरारों को बताया भ्रष्टाचार की निशानी
इससे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष पटोले ने पुल का निरीक्षण करने के बाद दरारों को भ्रष्टाचार की निशानी बताया। मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस सड़क का उद्घाटन हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने किया था। लगभग आधा किलोमीटर सड़क में एक फीट गहरी दरारें पड़ गई हैं, जो एकनाथ शिंदे सरकार में भ्रष्टाचार के स्तर को दर्शाता है। भाजपा सरकार को जनता की भी चिंता नहीं है। हम इस मामले को मजबूती से विधानसभा में ले जाएंगे।
12 जनवरी को पीएम मोदी ने अटल सेतु का किया था उद्घाटन
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 जनवरी, 2024 को 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु का उद्घाटन किया था। ये पुल देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है। यह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए तेज कनेक्टिविटी प्रदान करता है। मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत तक यात्रा के समय को कम करता है।