{"_id":"621256cde2580c1c4e56bc7d","slug":"mha-to-scrupulously-carry-out-background-check-of-newly-appointed-air-india-ceo-ilker-ayci-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"एयर इंडिया:एयरलाइन के नव नियुक्त प्रमुख की पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच करेगा गृह मंत्रालय","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
एयर इंडिया:एयरलाइन के नव नियुक्त प्रमुख की पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच करेगा गृह मंत्रालय
Sun, 20 Feb 2022 08:27 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Sun, 20 Feb 2022 08:27 PM IST
सार
इस साल जनवरी के अंत में टाटा समूह के नियंत्रण में आ चुकी एयरलाइन एयर इंडिया के नव नियुक्त एमडी और सीईओ इल्कर आयजी की पृष्ठभूमि के बारे में गृह मंत्रालय विस्तृत परीक्षण करेगा।
विज्ञापन
Air India
- फोटो : PTI (File)
विस्तार
गृह मंत्रालय विमानन कंपनी एयर इंडिया के नव नियुक्त प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच करेगा। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। बता दें कि टाटा समूह ने जनवरी के अंत में सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। और इल्कर आयजी को एयरलाइन का नया एमडी और सीईओ नियुक्त किया था।
विज्ञापन
आयजी तुर्की नागरिक हैं। टाटा समूह ने हाल ही में आयजी की नियुक्ति का एलान किया था। सूत्रों ने कहा कि परंपरा के अनुसार भारत में अहम पदों पर नियुक्त होने वाले सभी विदेशी नागरिकों की पृष्ठभूमि का परीक्षण किया जाता है। आयजी के मामले में भी इस परंपरा का नियमों के अनुसार निर्वहन किया जाएगा।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार आयजी की नियुक्ति के संबंध में गृह मंत्रालय को अभी तक टाटा समूह या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मंत्रालय को जैसे ही जानकारी इसकी मिलती है, जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आयजी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए मंत्रालय देश की विदेशी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) की मदद भी ले सकती है।
विज्ञापन
बता दें कि इल्कर आयजी तुर्की के वर्तमान राष्ट्रपति रेसप तैयप एर्दोगान के सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। यह बात साल 1994 से 1998 की अवधि के दौरान की है जब एर्दोगान इस्तांबुल के मेयर का पद संभाल रहे थे।
एयर इंडिया के साथ जुड़ने के पहले आयजी साल 2015 से लेकर 2022 की शुरुआत तक तुर्किश एयरलाइन के चेयरमैन भी रहे थे। उन्हें इस एयरलाइन की कायापलट करने का श्रेय दिया जाता है।