Meghalaya: दो लोगों की हत्या के कारण खासी-जैंतिया पहाड़ियों में अलर्ट, शिलांग पुलिस थाने पर पेट्रोल बम फेंका
पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए केएसयू के नेतृत्व में भारी भीड़ ने पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया और मांग की कि उनके समूह के लोगों का आंतकवादियों की तरह शिकार नहीं किया जाए।
विस्तार
मेघालय में दो लोगों की हत्या के कारण राज्य की खासी और जैंतिया पहाड़ियों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। दरअसल, पिछले सप्ताह, खासी छात्र संघ ने सीमावर्ती शहर में सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पूर्वी खासी हिल्स जिले में भारत–बांग्लादेश अतंरराष्ट्रीय सीमा के पास इचामती इलाके में दो लोगों की हत्या कर दी गई। एसपी ऋतुराज रवि ने कहा कि मंगलवार को कहा कि दो सदस्यों को सोहरा शहर में उनके घरों से उठाया गया और बाद में हत्या में शामिल होने के लिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की इसी कार्रवाई का विरोध करते हुए केएसयू के नेतृत्व में भारी भीड़ ने पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन किया और मांग की कि उनके समूह के लोगों का आंतकवादियों की तरह शिकार नहीं किया जाए।
पुलिस थाने में फेंका पेट्रोल बम
इसके अलावा, शिलांग के मावलाई पुलिस स्टेशन पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पेट्रोल बम फेंका गया, जिसमें एक पुलिस वाहन नष्ट हो गया। हालांकि, अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। घटनाओं को देखते हुए पुलिस उप-महानिरीक्षक डीएनआर मराक ने पूर्वी रेंज के सात जिलों के एसपी को अलर्ट कर दिया है।
आंदोलन की आशंका
मारक ने कहा कि आशंका है कि एनजीओ आंदोलन कर सकता है। पुलिस स्टेशन, पुलिस वाहनों, सरकारी संपत्तियों, इमारतों और वाहनों को आंदोलनकारियों द्वारा निशाना बनाया जा सकता है। मारक ने बताया कि केएसयू चार अप्रैल को खासी जागृति दिवस के रूप में मना रहा है। इसे पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले के खलीरियाट में मनाने की योजना है, जिसकी अनुमति नहीं दी गई है। मराक ने कहा कि गैर सरकारी संगठन गुरुवार को किसी भी जिला मुख्यालय में अचानक आंदोलन का सहारा ले सकते हैं।