मथुरा में श्रीकांत-माथुर को कड़ी टक्कर दे रहा मायावती का 'वेटर'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी की मथुरा सीट राज्य की सबसे वीआईपी सीट के रूप में तब्दील होती जा रही है, वजह भी खास है। इसी सीट से भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं, वही श्रीकांत शर्मा जिन्हें कुछ दिन पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इशारों-इशारों में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित कर चुके हैं।
उनके सामने हैं कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता प्रदीप माथुर जो यहां से मौजूदा विधायक हैं। इन दोनों उम्मीदवारों को जो व्यक्ति टक्कर दे रहा है वो उनके जैसा वीआईपी तो नहीं लेकिन 'खास' जरूर है। श्रीकांत-माथुर को कड़ी टक्कर दे रहे बसपा उम्मीदवार योगेश द्विवेदी अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। इसकी वजह है उनका पुराना अतीत।
गले में नीला पट्टा डालकर शहर की सड़कों पर घूम-घूम कर वोट मांग रहे बसपा उम्मीदवार योगेश द्विवेदी लोगों से बातचीत के दौरान इस बात का जिक्र करना नहीं भूलते की कभी वो शहर के ही एक होटल में वेटर हुआ करते थे और आज अपनी मेहनत और वफादारी से इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
श्रीकांत शर्मा-प्रदीप माथुर के सामने मायावती ने योगेश द्विवेदी को उतारा
योगेश को मायावती ने भाजपा उम्मीदवार श्रीकांत शर्मा और कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर के सामने टिकट देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस बात को योगेश महसूस भी करते हैं वह लगातार जनता के सामने कहते हैं कि बहनजी ने उन पर जो विश्वास जताया है उसे वो बेकार नहीं जाने देंगे।
योगेश मायावती से अपनी नजदीकी के सबूत भी देते हैं उन तस्वीरों के द्वारा जिनमें वो मायावती और पार्टी संस्थापक कांशीराम को भोजन कराते दिखाई दे रहे हैं।
ऐसी ही कुछ तस्वीरें योगेश द्विवेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भी पोस्ट की हैं जिसमें वह मायावती और कांशीराम को अपने हाथों से खाना सर्व करते दिख रहे हैं। खास बात ये है कि तस्वीरों के साथ योगेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी निशाना साध दिया है।
फेसबुक पर पोस्ट की मायावती को खाना परोसती तस्वीरें
जिसमें वह लिखते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी को तो चाय बेचते कभी किसी ने नहीं देखा लेकिन होटल में वेटर का काम करते और खाना परोसते हुए उन्हें बहुत लोगों ने देखा है।
और जब एक चाय वाला देश का प्रधानमंत्री बन सकता है तो एक वेटर विधायक क्यों नहीं बन सकता? द्विवेदी लिखते हैं कि मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि जिन्हें मैं अपने हाथों से भोजन करा रहा हूं एक दिन उनकी पार्टी से विधायक का चुनाव लडूंगा।
योगेश ने इससे पूर्व लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था लेकिन हार का मुंह देखना पड़ा। कभी वेटर के रूप में मामूली सी तनख्वाह पाने वाले योगेश अब अच्छी खासी संपति के मालिक हैं, मथुरा में उनकी एक फैक्ट्री और निर्माणाधीन होटल भी बताया जाता है।