Mumbai Storm: होर्डिंग गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हुई, एक की हालत गंभीर; 43 घायलों का चल रहा इलाज
Mumbai Storm: मुंबई के घाटकोपर इलाके में बारिश और धूल भरी आंधी के बाद होर्डिंग गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। बीएमसी के मुताबिक, 43 घायलों का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक की हालत गंभीर है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आंधी-तूफान की वजह से मुंबई के घाटकोपर में एक 100 फीट लंबा होर्डिंग ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक, 43 घायलों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि 31 घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक अधिकारी का कहना है कि यह हादसा जिमखाना के पास सोमवार की शाम साढ़े बजे के करीब हुआ। मौके पर तुरंत राहत पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), दमकल और पुलिस की टीम को भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के दौरान क्रेन और गैस कटर का इस्तेमाल किया गया है।
हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश- देवेंद्र फड़णवीस
घाटकोपर में हुए हादसे के बाद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मुंबई के मुलुंद क्षेत्र में होने वाली अपनी चुनावी रैली को रद्द कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
Maharashtra | Ghatkopar hoarding collapse incident | Maharashtra Deputy CM Devendra Fadnavis has cancelled his Lok Sabha campaign and public meeting in the Mulund area after the hoarding collapse incident at Ghatkop.
Dy CM will shortly meet the affected people in the incident. https://t.co/XGqDyQjIuS — ANI (@ANI) May 13, 2024
रेलवे और होर्डिंग लगाने वाली कंपनी के खिलाफ होगी कार्रवाई- बीएमसी
घाटकोपर में हुए हादसे के मामले में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) द्वारा रेलवे और विज्ञापन कंपनी इगो मीडिया के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा। बीएमसी का कहना है कि रेलवे और विज्ञापन कंपनी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया जाएगा। उधर सेंट्रल रेलवे के अधिकारी स्वप्निल नीला का कहना है कि जिस जमीन पर होर्डिंग लगाई गई थी, वह जमीन सेंट्रल रेलवे की नहीं बल्कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की है।
हवाई सेवाओं पर भी पड़ा असर
मुंबई के घाटकोपर, बांद्रा कुर्ला, धारावी इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। उधर मुंबई हवाई अड्डे पर हवाई सेवाओं का संचालन अस्थाई रूप से रोका गया। हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बताया कि तूफान के दौरान 15 उड़ानों में बदलाव किया गया। इसके बाद शाम 5:03 बजे हवाई सेवाओं का संचालन शुरू हो पाया। दरअसल मुंबई हवाई अड्डे पर बीते सप्ताह प्री-मानसून रनवे के रख-रखाव का काम किया गया था। इस वजह से उड़ानों को समय रहते संचालित किया गया।
इन इलाकों में बारिश और तूफान चलने की संभावना
उधर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई, ठाणे और पालघर में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तूफान की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि तूफान के साथ साथ कई जगह बिजली भी गिर सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधी चल सकती है।
मुंबई पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
उधर, मुंबई पुलिस ने होर्डिंग गिरने के बाद ईगो मीडिया के मालिक और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि मकान मालिक भावेश भिंडे और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या), 338 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) और 337 (जल्दबाजी या लापरवाही से काम करके किसी अन्य व्यक्ति को चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पंतनगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच की जा रही है।