मणिपुरी संगीतकार हत्या: विक्रम सिंह को हमले से पहले भी मिली थी धमकी, पत्नी और बेटे ने बताया उस दिन क्या हुआ?
दिल्ली के आश्रम इलाके में 54 वर्षीय मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की मारपीट के बाद मौत हो गई। एफआईआर के मुताबिक, आरोपियों ने उन्हें पहले धमकी दी थी। 7 सितंबर को आरोपी इमारत में घुसे और तीन मंजिल तक पीछा कर उनकी पिटाई की।
विस्तार
पुलिस की एफआईआर के मुताबिक, दिल्ली में मारपीट में मारे गए मणिपुर के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह को आरोपियों ने पहले भी धमकी दी थी। एफआईआर के अनुसार, सिंह ने दक्षिण दिल्ली के आश्रम इलाके में अपने घर के बाहर शोर मचा रहे कुछ लोगों के समूह का विरोध किया था।
एफआईआर में क्या बताया गया है?
आरोप है कि उन लोगों ने सिंह को गाली दी और धमकाया। 7 सितंबर को, आरोपी कथित तौर पर इमारत में घुस गए, सिंह का तीन मंजिलों तक पीछा किया। लातों-घूंसे मारकर उनकी बेरहमी से पिटाई की।एफआईआर में कहा गया है कि सिंह की पत्नी ने बाद में आरोपियों की पहचान उन लोगों के रूप में की, जिन्होंने पहले उसके पति को धमकी दी थी।
अबतक कितने लोग हुए गिरफ्तार?
पुलिस की ओर से मिले सीसीटीवी फुटेज में भी कथित हमलावरों को हमले के बाद इमारत से निकलते हुए दिखाया गया है। बता दें कि हमले के बाद सिंह को तत्काल होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के बेटे ने बताया कि उसने अपने पिता को बाहर से चिल्लाते हुए सुना और जब उसने घर का दरवाजा खोलकर बाहर देखा तो चार-पांच लड़के उन्हें लात-घूंसे मार रहे थे। उसने कहा कि उसने आरोपियों के चेहरे देखे थे।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के आश्रम स्थित किलोकारी गांव में शोर और उपद्रव को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद 54 वर्षीय मणिपुरी संगीत शिक्षक चोंगथम विक्रम सिंह की दुखद मौत ने उत्तर पूर्व और दिल्ली के समुदाय में सनसनी पैदा कर दी है।
दक्षिण पूर्व पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार के अनुसार, 'विक्रम सिंह का अपनी गली में शोरगुल को लेकर कुछ लोगों से झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई, जिसमें विक्रम घायल हो गया। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।' संगीतकार को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार को कांगला वेस्टर्न गेट पर सैकड़ों लोग मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मौजूद हुए।