मणिपुर: भाजपा विधायक के घर के पीछे बम विस्फोट, मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में अज्ञात बदमाशों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं विधायक सपम रंजन सिंह के आवासीय परिसर में बृहस्पतिवार देर रात बम विस्फोट किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मणिपुर में हिंसा और तनाव के बीच इम्फाल पश्चिम जिले के कोंथौजाम क्षेत्र से भाजपा विधायक और राज्य सरकार के प्रवक्ता सापम रंजन सिंह के आवास परिसर में शुक्रवार तड़के बम विस्फोट हुआ। पुलिस के अनुसार, विस्फोट रात करीब 1.30 बजे विधायक के आवास के पीछे हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्फोट की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक किस प्रकार का था और घटना के पीछे किन लोगों का हाथ है।मुख्यमंत्री युम नाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार दोपहर विधायक के आवास पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विधायक सापम रंजन सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विस्फोट की तेज आवाज सुनने के बाद उन्हें पता चला कि उनके आवास के पीछे विस्फोट हुआ है। उन्होंने कहा कि सौभाग्य से किसी को चोट नहीं लगी, लेकिन ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, मैं इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों से पूछना चाहता हूं कि ऐसे हिंसक कृत्य का मकसद क्या है और इससे उन्हें क्या हासिल होगा। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं और नहीं चाहता कि ऐसी घटनाएं दोबारा हों। कोंथौजम से विधायक सिंह सरकार के प्रवक्ता भी हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें पहले कोई धमकी मिली थी, सिंह ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि वह गुरुवार को राज्य के बाहर से लौटे थे और शाम को अपने कार्यकर्ताओं से मिले थे।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, आज तड़के विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह के आवास पर हुए बम विस्फोट के बाद मैंने कोंथौजम मायाई लीकाई स्थित उनके आवास का दौरा किया। उन्होंने कहा, मैं जनप्रतिनिधि के आवास पर बेवजह हुए इस बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हिंसा का यह कृत्य हमारे लोकतंत्र पर हमला है और दोषियों को जल्द न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।
महिलाओं ने दिया धरना
घटना के बाद कोंथौजाम क्षेत्र की महिलाओं ने विधायक के आवास के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने हमले की निंदा करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह घटना सापम रंजन सिंह के नई दिल्ली से इंफाल लौटने के एक दिन बाद हुई है। वह मणिपुर की मौजूदा स्थिति को लेकर केंद्रीय नेताओं से मुलाकात के बाद लौटे थे। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हमले के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।