ममता बनर्जी 'आज की झांसी की रानी' हैं, केंद्र सरकार के आगे नहीं झुकेंगी : टीएमसी
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने अपनी नेता ममता बनर्जी को ‘आज की झांसी की रानी’ बताया है। लोकसभा में बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान टीएमसी सांसद दिनेश त्रिवेदी ने मोदी सरकार की तुलना ब्रिटिश शासन से करते हुए आरोप लगाया कि दोनों ने अपने विरोधियों के विरोध करने पर धमकी का प्रयोग किया। त्रिवेदी ने ममता की तुलना झांसी की रानी से करते हुए कहा कि वह केंद्र सरकार के हमलों के आगे नहीं झुकेंगी क्योंकि जनता उनकी पार्टी के साथ है।
एनआरएलएम के तहत 1.7 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत देश में आतंकवाद प्रभावित क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में जनवरी 2019 तक 1.70 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में एक प्रश्न के जवाब में यह लिखित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रत्येक युवा को अनिवार्य रूप से 80 घंटे की सूचना प्रौद्योगिकी की बेसिक ट्रेनिंग दी जा रही है।
चिटफंड कंपनियों की सीबीआई जांच की मांग
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में चिटफंड कंपनियों की सीबीआई से जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी की योजनाओं में शामिल लोगों को जेल भेजा जाना चाहिए। दुबे ने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में ऐसी कंपनियों ने अवैध रूप से पैसा इकट्ठा किया। वहां 2011 के बाद ऐसी कंपनियों की संख्या तेजी से बढ़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी कंपनियां राजनेताओं, अफसरों और पत्रकारों की मिलीभगत से संचालित हो रही हैं। दुबे ने ऐसी सभी कंपनियों को तुरंत बंद किए जाने की मांग की। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा।