{"_id":"68c40fa09f61ece26b0cd234","slug":"making-ai-video-of-pm-modi-s-mother-can-harm-congress-rjd-uproar-ensues-2025-09-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: कांग्रेस-राजद पर भारी पड़ सकता है पीएम मोदी की मां का AI वीडियो बनाना, मचा घमासान","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Bihar: कांग्रेस-राजद पर भारी पड़ सकता है पीएम मोदी की मां का AI वीडियो बनाना, मचा घमासान
सार
बिहार कांग्रेस द्वारा जारी 36 सेकंड के नए एआई वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर हमला किया गया है। इसके पहले कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान एक मंच से पीएम की मां के लिए अभद्र शब्दों का उपयोग किया गया था। इसके बाद राजनीतिक बवाल मचा था।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ विवाविद पोस्ट।
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर वीडियो बनाकर कांग्रेस ने नया विवाद पैदा कर दिया है। भाजपा ने कहा है कि यह वीडियो कांग्रेस की निम्न राजनीति का परिचायक है। पार्टी ने कहा है कि यह वीडियो बनाकर कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि राहुल गांधी के इशारे पर ही पीएम की मां के लिए अभद्र टिप्पणी की गई थी। वहीं, राजद ने कांग्रेस के इस वीडियो का यह कहते हुए समर्थन किया है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है और यह पहले से घटी घटनाओं की सत्यता पर आधारित है। राजनीति के जानकार मानते हैं कि भाजपा-राजद की महिला केंद्रित राजनीति के बीच इस तरह की टिप्पणी कांग्रेस-राजद को नुकसान पहुंचा सकती है।
विज्ञापन
बिहार कांग्रेस द्वारा जारी 36 सेकंड के नए एआई वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर हमला किया गया है। इसके पहले कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान एक मंच से पीएम की मां के लिए अभद्र शब्दों का उपयोग किया गया था। इसके बाद राजनीतिक बवाल मचा था। पुलिस ने अभद्र टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लेकिन भाजपा ने आरोप लगाया था कि यह हमला कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर किया गया था। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि यह केवल उनकी मां का अपमान नहीं है, बल्कि यह बिहार और पूरे देश की हर मां का अपमान है। पीएम ने कहा था कि यह अपमान बिहार स्वीकार नहीं करेगा।
विज्ञापन
'मां पर हमला कांग्रेस को पहुंचा सकता है नुकसान'
राजनीतिक विश्लेषक अभिषेक रंजन ने अमर उजाला से कहा कि इसके पहले के कई अनुभव यह बताने के लिए पर्याप्त हैं कि प्रधानमंत्री पर निजी हमला करना किसी भी दल के लिए फायदे का सौदा नहीं रहा है। स्वयं कांग्रेस ने ही 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों के पहले पीएम मोदी पर निजी हमला कर उन्हें बढ़त दे दी थी। उनका मानना है कि यदि कांग्रेस-राजद पीएम और विशेषकर उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी करते हैं तो इससे उन्हें नुकसान हो सकता है।
विज्ञापन
भाजपा-जदयू महिलाओं को साधने की कोशिश कर रहे
उन्होंने कहा कि बिहार में इस समय सीतामढ़ी में माता सीता का मंदिर बनवाया जा रहा है। ट्रस्ट के द्वारा बनवाए जा रहे इस मंदिर के निर्माण में बिहार सरकार ने भी जमीन देकर सहयोग किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं बिहार आकर इस मंदिर का शिलान्यास किया है। स्पष्ट है कि बिहार विधानसभा चुनावों में भाजपा इसका जमकर इस्तेमाल करेगी।
लेकिन एक तरफ जहां पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह बिहार में महिलाओं के सम्मान की सबसे बड़ी प्रतीक माता सीता का मंदिर बनवाने का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे होंगे, वहीं यह बात भी सामने आएगी कि कांग्रेस-राजद के मंच से बार-बार पीएम की मां का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे यह मामला संवेदनशील बन सकता है।
मोदी-नीतीश की राजनीति की सफलता का मंत्र बना महिला केंद्रित राजनीति
राजनीतिक विश्लेषक कुमार संजय ने अमर उजाला से कहा कि मोदी हों या नीतीश कुमार, महिला केंद्रित राजनीति ने दोनों नेताओं को महिला मतदाताओं के बीच काफी लोकप्रिय बना दिया है। महिलाएं दोनों ही नेताओं को काफी पसंद करती हैं। शराब बंदी से लेकर, महिलाओं को पंचायतों में भागीदारी, सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर नीतीश कुमार ने महिलाओं को अपना ठोस वोट बैंक बना लिया है। इसी तरह मोदी ने भी जनधन खाते, महिला आर्थिक सशक्तिकरण, उज्ज्वला योजना और पीएम आवास योजनाओं के जरिए हर वर्ग की महिलाओं को अपना ठोस वोट बैंक बना दिया है।
इस चुनाव की घोषणा के पहले नीतीश कुमार और मोदी सरकार ने जिस तरह महिलाओं के लिए तमाम योजनाओं की घोषणा की है, माना जा रहा है कि इस बार भी वे महिलाओं को केंद्र में रखकर ही चुनाव में उतरने जा रहे हैं। ऐसे में यदि कांग्रेस-राजद पीएम की मां के लिए कोई भी अभद्र टिप्पणी करते हैं तो इससे उनको भारी नुकसान हो सकता है।
राहुल गांधी के इशारे पर हो रहा पीएम मोदी की मां का अपमान- अमित मालवीय
भाजपा नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा है कि इसके पहले कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपशब्दों का उपयोग किया गया था। अब उनका वीडियो बनाकर उनका अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो सामने आने से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के निर्देश पर ही प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्दों का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की घटिया राजनीति की पराकाष्ठा है।
अपनी मां का राजनीतिक उपयोग करते रहे हैं पीएम- राजद
बिहार में कांग्रेस के इस वीडियो को उसके सबसे बड़े सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल का भी साथ मिल गया है। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि इस वीडियो में कुछ भी गलत नहीं है। इसमें उन्हीं घटनाओं की बात कही गई है जो इसके पहले घट चुकी हैं और सत्य पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
Bihar: कांग्रेस-राजद पर भारी पड़ सकता है पीएम मोदी की मां का AI वीडियो बनाना, मचा घमासान