{"_id":"64d4a29c166be2c40d022ee5","slug":"mahua-moitra-in-lok-sabha-no-confidence-motion-modi-government-2023-08-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lok Sabha: महुआ मोइत्रा ने 'फ्लाइंग किस' विवाद पर स्मृति ईरानी पर बोला हमला, कहा- आपके सांसद के बारे में क्या?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Lok Sabha: महुआ मोइत्रा ने 'फ्लाइंग किस' विवाद पर स्मृति ईरानी पर बोला हमला, कहा- आपके सांसद के बारे में क्या?
Thu, 10 Aug 2023 07:29 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Thu, 10 Aug 2023 07:29 PM IST
सार
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने 'फ्लाइंग किस' विवाद पर भाजपा सांसद स्मृति ईरानी पर हमला करते हुए कहा कि जब भाजपा सांसद पर पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था तो उन्होंने एक शब्द भी नहीं बोला।
विज्ञापन
महुआ मोइत्रा
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में विपक्ष द्वारा लाए गए पहले अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के तीसरे दिन गुरुवार को लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सांसद स्मृति ईरानी पर हमला किया। टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा कि महिला पहलवानों से छेड़छाड़ और उत्पीड़न मामले में आरोपी भाजपा सांसद को लेकर उन्होंने (ईरानी) एक शब्द भी नहीं कहा और अब वह ‘फ्लाइंग किस’ की बात कर रही हैं।
विज्ञापन
मोइत्रा का यह बयान लोकसभा में राहुल गांधी से जुड़े फ्लाइंग किस विवाद पर स्मृति ईरानी के बयान के एक दिन बाद आया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को स्त्रियों से द्वेष रखने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा था कि सदन में ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी गई। इस घटना को लेकर भाजपा की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की थी और राहुल गांधी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
विज्ञापन
भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह का नाम लिए बिना सांसद मोइत्रा ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, जब भाजपा के एक सांसद पर हमारी चैंपियन महिला पहलवानों से छेड़छाड़ और उत्पीड़न करने का आरोप लगता है, तब हम महिला एवं बाल विकास मंत्री से एक शब्द भी नहीं सुनते हैं और अब वह फ्लाइंग किस की बात कर रही हैं। महुआ मोइत्रा ने पूछा, आपकी प्राथमिकताएं कहां हैं मैडम?
विज्ञापन
ईरानी ने बुधवार को कहा था, संसद में पहले कभी किसी पुरुष का स्त्रीद्वेषी व्यवहार इतना स्पष्ट नहीं हुआ। जब लोगों का सदन, जहां महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए कानून बनाए जाते हैं, एक सत्र के दौरान मनुष्य की स्त्रीद्वेष की झलक देखने को मिलती है। मेरा सवाल यह है कि क्या उसे कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए?
कांग्रेस ने इस पर पलटवार करते हुए कहा था कि राहुल गांधी नारे लगा रहे भाजपा सांसदों की ओर इशारा कर रहे थे। एक कांग्रेस नेता ने कहा, राहुल गांधी ने जाते समय सत्ता पक्ष की ओर फ्लाइंग किस का इशारा किया और उन्हें भाइयों और बहनों कहा। उन्होंने इसे किसी विशेष मंत्री या सांसद की ओर निर्देशित नहीं किया था और स्मृति ईरानी की ओर तो बिल्कुल भी नहीं।
टीएमसी सांसद मोइत्रा की टिप्पणी को भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर आरोपों के संदर्भ में देखा जा रहा है जिन पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने सांसद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
‘यह अविश्वास नहीं, बल्कि विपक्षी इंडिया के लिए विश्वास प्रस्ताव’: लोकसभा में महुआ मोइत्रा
इससे पहले महुआ मोइत्रा ने लोकसभा में चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री थोड़ी न आपकी बैठकर सुनेंगे। वे आखिरी दिन आएंगे और आपकी धज्जियां उड़ाकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आता कि पीएम मोदी इस सदन में क्यों नहीं आते, जहां के लिए वे चुने गए हैं। यह सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं है। यह विपक्षी इंडिया के लिए विश्वास प्रस्ताव है।
मोइत्रा ने कहा कि हम यहां अपने 'तुम अभी चुप रहो' गणतंत्र में सवाल पूछने आए हैं, जहां प्रधानमंत्री एक राज्यपाल से कहते हैं 'चुप रहो'। इस सदन में निर्वाचित सांसद के रूप में हमसे नियमित रूप से कहा जाता है 'चुप रहो'। यह प्रस्ताव मणिपुर में इस मौन संहिता को तोड़ने के लिए है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमारी बात नहीं सुनेंगे, आखिरी दिन आकर भाषण देंगे। खैर कोई नहीं हमें इसका इंतजार है। हम इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि इससे अधिक दुर्भाग्यपूर्ण क्या है, हमारे प्रधानमंत्री ने संसद में आने से इनकार कर दिया या उन्होंने मणिपुर जाने से इनकार कर दिया।