फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Pune Nagpur Chhatrapati Sambhajinaga Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Update: जालना में गोली लगने से ट्रक चालक घायल; ठाणे में स्क्रैप डीलर पर 1 करोड़ की धोखाधड़ी का केस

Wed, 11 Dec 2024 11:08 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Wed, 11 Dec 2024 11:08 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Pune Nagpur Chhatrapati Sambhajinaga Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र के बीड जिले में कुछ लोगों ने मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का अपहरण कर हत्या कर दी, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारांगे बीड के मस्साजोग गांव में प्रदर्शनकारियों में शामिल हुए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जारांगे ने चेतावनी दी कि अगर हत्यारों को छोड़ दिया गया तो मराठा समुदाय के सदस्य कानून अपने हाथ में ले लेंगे। पुलिस ने कहा कि देशमुख की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी उम्र करीब 30 साल के बीच थी। देशमुख का सोमवार दोपहर करीब 3 बजे डोनगांव फाटा गांव के पास स्थित एक टोल प्लाजा से अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने बताया कि सरपंच का शव केज तहसील के दैथाना इलाके में मिला।

विज्ञापन

मुंबई में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने मायानगरी में अवैध रूप से रहने के आरोप में एक महिला समेत तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि कार्रवाई समता नगर और डीबी मार्ग पुलिस थाने के कर्मचारियों ने की। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद रोबिउल मोयाज़्ज़म हुसैन आलम और मोहम्मद रिदॉय हुसैन मियां और पिंकी उर्फ शिरीन मोनिरुज़ान मोनिर शेख के रूप में की गई। तीनों शहर में किसी नौकरी की तलाश में थे। अधिकारी ने कहा, जांच से पता चला कि वे अपने देश में गरीबी और बेरोजगारी के कारण बांग्लादेश से भागकर भारत आए थे। गिरफ्तार आरोपियों को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

कैंपको ने महाराष्ट्र सीएम से स्वादयुक्त सुपारी उत्पादों के नियमन की अपील की
सेंट्रल सुपारी और कोको विपणन और प्रसंस्करण सहकारी लिमिटेड (कैंपको) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक औपचारिक पत्र सौंपा है, जिसमें राज्य में सुगंधित सुपारी उत्पादों पर प्रतिबंध की समीक्षा का आग्रह किया है, जो 2013 से प्रभावी है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कैंपको अध्यक्ष ए किशोर कुमार कोडगी ने इस बात पर जोर दिया कि सहकारी के स्वाद वाले सुपारी उत्पाद पूरी तरह से खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम का अनुपालन करते हैं और तंबाकू, गुटका या पान मसाला जैसे उत्पादों से अलग हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि प्रतिबंध ने किसानों, व्यापारियों और छोटे व्यवसायों के लिए अनुचित चुनौतियां पैदा कर दी हैं, बावजूद इसके कि ये उत्पाद कानूनी रूप से देश के अन्य हिस्सों में निर्मित और बेचे जाते हैं। अपील में सुगंधित सुपारी और पान मसाला के बीच मुख्य अंतर को रेखांकित किया गया है, जिसमें कहा गया है कि सुपारी में चूना, कत्था या तंबाकू शामिल नहीं है और यह सभी नियामक मानकों का अनुपालन करता है।

विज्ञापन

धनशोधन मामले में ईडी के समक्ष दूसरे दिन पेश हुईं अभिनेत्री गहना वशिष्ठ
धनशोधन मामले में जांच का सामना कर रही अभिनेत्री गहना वशिष्ठ ने दूसरे दिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश होने के बाद कहा कि मुझे कल फिर आने के लिए कहा गया है। उन्होंने (ईडी) कहा कि वे सुबह मुझे फोन करके पुष्टि करेंगे। आज उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या हॉटशॉट एप के लोगों ने मुझसे संपर्क किया था या मैंने उनसे संपर्क किया था। मैंने बताया कि उन्होंने मुझसे कई बार संपर्क किया था और मुझे इसमें कोई रुचि नहीं थी। उन्होंने जो हॉटशॉट एप बनाया, उसकी सामग्री बहुत बोल्ड थी और मुझे वह ठीक नहीं लगा था। बता दें कि अभिनेत्री गहना पर उद्यमी राज कुंद्रा के साथ मोबाइल एप के माध्यम से वयस्क सामग्री के उत्पादन और वितरण से जुड़े वित्तीय मामले में कथित तौर पर शामिल रहने का आरोप है।

जालना में उत्पीड़न से तंग 16 वर्षीय लड़की ने की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के जालना जिले में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर लगातार उत्पीड़न करने से परेशान 16 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली। आरोपी ने लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की ने अपने घर में फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि आरोपी भी जिले के अंबाद शहर का निवासी है और उसके माता-पिता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 

नागपुर में एनसीसी परेड के दौरान शिक्षक की मौत
नागपुर शहर के सैन्य छावनी क्षेत्र में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) परेड के दौरान एक शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान उत्तरी महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के पग्गन निवासी गणेश भामैया कोंकणी (49) के रूप में की। ओल्ड कैम्पटी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने कहा कि कोंकणी एक शिक्षक थे जो एनसीसी शिविर के लिए छात्रों के साथ नागपुर आए थे। पुलिस ने कारण बताए बिना बताया कि वह सुबह करीब साढ़े छह बजे एनसीसी परेड के दौरान बेहोश हो गए और उन्हें कैम्पटी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुंबई में सोने की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़, 19.6 करोड़ रुपये का सामान जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई में सोने की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि एजेंसी ने 19.6 करोड़ रुपये का सोना, चांदी और नकदी जब्त की है। इसके अलावा, रैकेट के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई में तीन संबंधित स्थानों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान, उन्होंने पाया कि तस्करी के सोने को पिघलाने के लिए सोने की निकासी और शोधन सुविधा का इस्तेमाल किया जा रहा था। तलाशी अभियान में 23.92 किलोग्राम सोने की छड़ें और पिघला हुआ सोना, विदेशी चिह्न वाला सोना, 37 किलोग्राम चांदी और 5.40 लाख रुपये नकद बरामद हुए। उन्होंने बताया कि श्रमिकों और सहायकों के बयान दर्ज करने के बाद सिंडिकेट के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त किया गया सोना तस्करी करके लाया गया प्रतीत होता है, क्योंकि मास्टरमाइंड सोने के स्रोत के बारे में नहीं बता सका और न ही उसने कोई दस्तावेजी रिकॉर्ड बनाए रखा।

तमिल सुपरस्टार अजित की अपील- उन्हें भगवान बुलाने से बचें, असहज करता है 'कदावुले'

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजित ने अपने नाम के बाद 'कदावुले' शब्द का इस्तेमाल न करने की अपील की है। प्रशंसकों द्वारा 'कदावुले...अजितेय' पुकारे जाने पर अजित ने कहा कि वे इससे काफी असहज हो जाते हैं। बता दें कि तमिल में 'कदावुले' शब्द का अर्थ 'भगवान' होता है। अभिनेता के प्रचारक सुरेश चंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में बयान जारी किया। तमिल और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी आधिकारिक बयान में सुपरस्टार अभिनेता ने अपने प्रशंसकों से कहा, 'अजित के साथ 'कदावुले' शब्द का इस्तेमाल मुझे परेशान कर रहा है। सार्वजनिक समारोहों में इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। जो ठीक नहीं है। गौरतलब है कि 53 साल के अजित की गिनती सबसे लोकप्रिय दक्षिण भारतीय कलाकारों में होती है। वे अब तक "आसाई", "कधल कोट्टई", "सिटिजन", "विलेन", "वरलारु" और "बिल्ला" जैसी 60 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।

जालना में ट्रक ड्राइवर पर गोलीबारी, घायल

महाराष्ट्र के जालना जिले में तीन लोगों की तरफ से कथित तौर पर की गई गोलीबारी में एक ट्रक चालक घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि 30 वर्षीय चालक के कुछ रिश्तेदारों पर गोलीबारी में शामिल होने का संदेह है और वित्तीय विवाद के कारण मंगलवार रात करीब 10 बजे इस घटना को अंजाम दिया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई निवासी चालक मोहम्मद रिजवान ने नागेवाड़ी टोल प्लाजा के पास सड़क किनारे एक भोजनालय में कबाड़ से लदा अपना ट्रक रोका था और इसी बीच वहां एक कार पहुंची। उन्होंने बताया कि कार से तीन लोग बाहर निकले और उन्होंने कथित तौर पर चालक पर तीन गोलियां चलाईं और अपने वाहन में बैठकर भाग गए। गोली चालक के हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से में लगी।

अधिकारी ने बताया कि चालक को उपचार के लिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। उपसंभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी ने बताया कि संदेह है कि हमलावर ट्रक चालक के रिश्तेदार थे। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

एक करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में स्क्रैप डीलर पर केस

महाराष्ट्र के ठाणे में एक स्क्रैप डीलर पर सप्लायर को एक करोड़ रुपये का चूना लगाने का केस दर्ज हुआ है। बताया गया है कि डीलर भयंदर में पीड़ित के गोदाम से कबाड़ की चीजें खरीदता था। आरोप है कि 1 अप्रैल 2022 से 29 अप्रैल 2024 के बीच डीलर ने 6.30 करोड़ रुपये का कबाड़ खरीदा, लेकिन भुगतान सिर्फ 5.31 करोड़ रुपये का किया। सप्लायर ने इसके बाद जब डीलर से बकाया राशि मांगी तो उसने भुगतान से इनकार कर दिया और फरार हो गया। सप्लायर की शिकायत के बाद पुलिस ने सोमवार को डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया। 

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में पुलिस ने दो निजी स्कूलों के निदेशकों के खिलाफ संबंधित प्रशासन की मंजूरी के बगैर कथित रूप से स्कूल का संचालन करने को लेकर मामला दर्ज किया है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी विद्यालय के प्रबंधन के लिए नगर प्रशासन या सरकार से मंजूरी लेना जरूरी होता है, लेकिन यहां लाखांदूर तहसील के ये दोनों शिक्षण संस्थान बिना जरूरी मंजूरी के चल रहे थे।

उन्होंने बताया कि दौरे के दौरान पंचायत समिति के एक अधिकारी को एक स्कूल में पहली से छठी कक्षा तक के लिए 69 विद्यार्थी पंजीकृत मिले, जबकि दूसरे संस्थान में पहली से चौथी कक्षा तक के लिए 31 विद्यार्थी नामांकित थे। अधिकारी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारियों के निर्देश के बाद लाखांदूर पुलिस ने दोनों स्कूलों के निदेशकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा दिए गए आदेश की अवहेलना) के तहत मामला दर्ज किया है।

महाराष्ट्र के नागपुर में वायुसेना एक हवलदार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। 

मुंबई: तकनीकी समस्या के कारण हार्बर लाइन की लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित
मुंबई की हार्बर लाइन पर पनवेल और खांदेश्वर स्टेशनों के बीच तकनी की खामी के कारण लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई। अधिकारियों के मुताबिक, इस वजह से कई यात्री विभिन्न स्टेशनों पर फंसे रहे, खासकर सीएसएमटी और पनवेल के बीच अन्य ट्रेनों में भी भीड़ बढ़ गई। मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल निला ने बताया कि पनवेल और खांदेश्वर स्टेशनों के बीच ट्रैक सर्किट में समस्या आई थी, जिसकी वजह से ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभाग समस्या को हल करने की कशिश कर रहा है। 

फडणवीस ने शिंदे के करीबी सहयोगी सहयोगी को मुख्यमंत्री राहत कोष से हटाया
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रामेश्वर नाइक को मुख्यमंत्री राहत कोष का प्रमुख बनाया है। नाइक ने मंगेश चिवटे की जगह ली है, जो पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी सहयोगी माने जाते थे। चिवटे को जून 2022 में शिंदे के मुख्यमंत्री बनने बाद यह पद सौंपा गया था। अब रामेश्वर नाइक को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।  

सतारा: जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित चार के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज
महाराष्ट्र के एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को सतारा जिले के एक जिला एवं सत्र न्यायाधीश और तीन अन्य लोगों के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया। आरोप है कि इन लोगों ने एक आरोपी के जमानत आवेदन पर उसके अनुकूल फैसला देने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। एसीबी के मुताबिक, दो व्यक्तियों किशोर खराद और आनंद खरात ने यह रिश्वत राशि जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धनंजय निकम के कहने पर मांगी थी। एजेंसी ने बताया कि महिला शिकायतकर्ता के पिता को इस साल अक्तूबर में धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। उनका जमानत आवेदन न्यायाधीश निकम के पास लंबित है। 
 
एसीबी ने आरोप लगाया कि न्यायाधीश निकम के निर्देशों पर आनंद और किशोर खरात ने महिला से उसके पिता के जमानत आवेदन को मंजूरी देने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी। महिला ने इसके बाद एसीबी से संपर्क किया और इसकी शिकायत दर्ज कराई। 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की हाल में शपथ लेने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की।

राष्ट्रपति मुर्मू से अपनी मुलाकात के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उन्हें महाराष्ट्र के देवता भगवान विट्ठल-रुक्मिणी की मूर्ति भेंट की।’ उपराष्ट्रपति सचिवालय ने यहां फडणवीस और धनखड़ की मुलाकात की तस्वीर साझा की।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘महाराष्ट्र के ऊर्जावान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुझे विश्वास है कि तीसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल महाराष्ट्र की विकास यात्रा को नई गति देगा। उन्हें आगे के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।’ फडणवीस ने भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले के साथ गडकरी से मुलाकात की।
 

मुंबई: एयरपोर्ट फूड कोर्ट के तीन कर्मचारी समेत छह गिरफ्तार, 12.5 किलोग्राम सोना बरामद
राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने बुधवार को मुंबई एयरपोर्ट के फूड कोर्ट में काम करने वाले तीन लोगों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। डीआरआई ने इनके पास से करीब 10 करोड़ रुपये का सोना भी बरामद किया है।

डीआरआई अधिकारी ने बताया कि फूड कोर्ट के कर्मचारी एक सिंडिकेट से जुड़े अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से सोना इकट्ठा करते थे और इसे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बाहर ले जाते थे। इनपुट पर कार्रवाई करते हुए डीआरआई अधिकारियों ने तस्करी के सोने की दो खेपों को उस समय रोका, जब उन्हें एयरपोर्ट के बाहर पहुंचाया जा रहा था और फूड कोर्ट के तीन कर्मचारियों और कई रिसीवरों को गिरफ्तार किया। डीआरआई अधिकारियों ने आठ थैलियों में पैक मोम के रूप में सोने की धूल की 24 अंडाकार गेंदें जब्त कीं। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर 9.95 करोड़ रुपये मूल्य का 12.5 किलोग्राम सोना बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद सभी छह लोगों को सीमा शुल्क अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि डीआरआई े पिछले दो दिनों में डीआरआई मुंबई ने लगभग 36 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed