फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने की फडणवीस की तारीफ; नवी मुंबई पुलिस ने नष्ट कीं 10 करोड़ की नशीली दवाएं

Wed, 26 Feb 2025 05:07 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिव शुक्ला Updated Wed, 26 Feb 2025 05:07 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र 'सामना' में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जमकर तारीफ की गई है। मुखपत्र में फडणवीस के उस फैसले की सराहना की गई है, जिसमें उन्होंने मंत्रियों के ओएसडी और सहायक (पीए) की नियुक्तियों में फिक्सर और दलालों को हटाने का निर्णय लिया है। वहीं, मुखपत्र में यह भी दावा किया गया है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए पैसा जमा करने वाला व्यक्ति फडणवीस से डरकर 10 हजार करोड़ रुपये लेकर दुबई भाग गया है। उद्धव ठाकरे की पार्टी के मुखपत्र में महाराष्ट्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर, भ्रष्टाचार और राजनीति पर कटाक्ष किया गया है, जिसमें एकनाथ शिंदे को निशाना बनाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि जैसे फडणवीस ने महाराष्ट्र में प्रदूषण पैदा करने वाले सीवरों को साफ करने का निर्णय लिया है, उसी तरह राज्य में गलत काम करने वालों को साफ करने का भी फैसला किया है। इससे शिंदे के कार्यकाल के दौरान हुए काले कारनामों का खत्म करने का पवित्र कार्य शुरू हो गया है।

विज्ञापन


नवी मुंबई पुलिस ने नष्ट कीं 10 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं
नवी मुंबई पुलिस ने बुधवार को 40 मामलों में जब्त की गई 10 करोड़ रुपये की कीमत की नशीली दवाएं नष्ट कीं। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई तलोजा स्थित एक सुविधा केंद्र में महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक, विधायक प्रशांत ठाकुर, नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारम्बे और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई। एक अधिकारी ने बताया कि 2023 और 2024 में, 1,143 मामलों में 56 करोड़ रुपये की कीमत की नशीली दवाएं जब्त कीं और 1,743 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए लोगों में 111 अफ्रीकी देशों के थे, जिनसे 38 करोड़ रुपये की विभिन्न दवाएं जब्त की गईं। 
विज्ञापन

 

नोटबुक में छिपाकर ले जा रहे 3.47 करोड़ की अमेरिकी मुद्रा के साथ दो गिरफ्तार
 सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने करीब 3.47 करोड़ रुपये मूल्य की अमेरिकी मुद्रा से जुड़े हवाला रैकेट का पर्दाफाश कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यात्रा एजेंट खुशबू अग्रवाल (41) और मुंबई के मोहम्मद आमिर के रूप में हुई है। विभाग ने मुंबई स्थित एक फॉरेक्स फर्म से विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा भी जब्त की है। यह कार्रवाई एक विशिष्ट सूचना के आधार पर की गई। इसमें बताया गया था कि 17 फरवरी को दुबई से पुणे आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट से तीन यात्रियों के जरिये दो ट्रॉली बैग में छिपाकर विदेशी मुद्रा भारत से बाहर ले जाई जा रही है। इसे नोटबुक के पन्नों के बीच छिपाकर रखा गया था। एआईयू अधिकारियों ने यात्रियों और सामान की तलाशी ली और बैग से 4,00,100 डॉलर (करीब 3.47 करोड़ रुपये) बरामद किए।  

विज्ञापन

ठाणे में अलग रह रही पत्नी की हत्या की कोशिश करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में घरेलू झगड़े के चलते अपनी अलग रह रही पत्नी को कथित तौर पर जलाकर मारने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने 35 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है। 30 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के हवाले से चितलसर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और व्यक्ति को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जो ठाणे में उससे अलग रह रही थी और अक्सर उसे परेशान करता था।

शिकायत के अनुसार, उनकी तलाक की याचिका भी यहां की एक अदालत में लंबित थी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कुछ मौकों पर अपनी पत्नी से उसके साथ रहने की इच्छा जताई थी और ऐसा न करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। मंगलवार की सुबह, जब पीड़िता अपने कार्यस्थल पर जा रही थी, तो आरोपी ने बोरीवली सुरंग निर्माण स्थल के पास उसका रास्ता रोक लिया।मामले में अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला किया, उस पर ज्वलनशील तरल पदार्थ फेंका और उसे आग लगा दी। उन्होंने बताया कि आसपास के कुछ लोगों ने आग बुझाने में मदद की और पीड़िता को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

सीमेंट मिक्सर वाहन में छिपाकर रखी गई 34 लाख रुपये की IMFL जब्त, एक गिरफ्तार
महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने नवी मुंबई में एक सीमेंट मिक्सर वाहन में तस्करी करके लाई जा रही 34.39 लाख रुपये की भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) जब्त की है। एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, राज्य आबकारी विभाग की एक टीम ने मंगलवार तड़के बेलापुर रोड पर जाल बिछाया। लगभग 1.15 बजे, अधिकारियों ने एक सीमेंट मिक्सर वाहन को इलाके में आते देखा और उसे रोक लिया।

 मामले में ठाणे के राज्य आबकारी अधीक्षक प्रवीण तांबे ने कहा कि उन्हें वाहन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 495 पेटी आईएमएफएल मिली। उन्होंने कहा कि गोवा में निर्मित शराब को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने शराब के स्टॉक और वाहन को जब्त कर लिया। अधिकारी ने कहा कि वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और तस्करी में शामिल ट्रांसपोर्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

 

फ्रांसीसी कंपनी ने एमएमआरडीए अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया
महाराष्ट्र विधानमंडल का बजट सत्र शुरू होने से पहले मुंबई मेट्रो रेल परियोजना को लेकर एक फ्रांसीसी कंपनी के आरोप से राज्य की सियासत गरमा गई है। फ्रांसीसी कंपनी ने मुंबई मेट्रो रेल परियोजना से जुड़ी नोडल एजेंसी मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। इसको लेकर उपमुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। दूसरी ओर इसी मामले में अदालत ने भी फ्रांसीसी कंपनी का अनुबंध समाप्त करने के लिए एमएमआरडीए के नोटिस को खारिज कर दिया है। मुंबई मेट्रो के निर्माण की डिजाइनिंग और देखरेख कर रही फ्रांसीसी कंपनी सिस्ट्रा एमवीए कंसल्टिंग (इंडिया) प्रा. लि. की ओर से अनावश्यक लाभ प्राप्त करने और भुगतान में देरी करने का आरोप लगाया गया है।  

शिंदे ने दिए जांच के आदेश
एकनाथ शिंदे ने फ्रांसीसी कंपनी के आरोपों की जांच के आदेश दिए हैं। शिंदे ने जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता को सौंपी है। उन्होंने वरिष्ठ नौकरशाह को मामले की जांच कर 15 दिनों में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
 

नौसेना ने यूनाइटेड सर्विसेज क्लब में 78 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी पर दर्ज कराया केस
नौसेना ने मुंबई के कोलाबा स्थित यूनाइटेड सर्विसेज क्लब (यूएसआई) में लगभग 78 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी को लेकर पुलिस में मामला दर्ज कराया है। कुछ महीने पहले नियमित ऑडिट के दौरान यूएसआई में वित्तीय गड़बड़ी का पता चला है। यूएसआई 97 साल पुराना ट्राई सर्विस क्लब है, जिसे रक्षा बल की ओर से संचालित किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि नियमित ऑडिट के दौरान यूसीआई में वित्तीय खामियां सामने आईं। इसके बाद अनुबंधित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से विशेष ऑडिट कराया गया। क्लब प्रबंधन के निर्देश पर वित्तीय खातों की विस्तृत जांच की गई, जिसमें विसंगतियां पाई गईं। इसके बाद नौसेना ने मुंबई पुलिस में मामला दर्ज कराया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की उचित जांच के लिए मुंबई पुलिस में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंट से विशेष ऑडिट का आदेश दिया गया है।

अवैध निर्माणों पर लगाम लगाने में विफल रहने पर नगर निगम अधिकारी निलंबित
कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी को नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले एक वार्ड में अवैध निर्माणों पर लगाम लगाने में विफल रहने पर निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि केडीएमसी के वार्ड ए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मांडा, टिटवाला, बलियानी, बनेली, उंबरनी और वसुंदरी जैसे इलाकों में कई अनधिकृत चॉल बन गई हैं।

केडीएमसी आयुक्त डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने टिटवाला का दौरा कर बाहरी सर्कुलर रोड का निरीक्षण किया था, जहां उन्होंने बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण देखा। इसके बाद उन्होंने नगर निगम के सहायक आयुक्त को अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सोमवार को "वार्ड ए में अनधिकृत निर्माणों को हटाने में विफल रहने, वरिष्ठों के आदेशों का उल्लंघन करने और कार्यालय अनुशासन का उल्लंघन करने" के लिए निलंबित कर दिया गया।

महाराष्ट्र में भाजपा सदस्यता अभियान में लोगों से साइबर ठगी
महाराष्ट्र में भाजपा के सदस्यता अभियान में सैकड़ों लोगों के साथ ऑनलाइन पंजीकरण में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मुंबई में शिवड़ी में एक भाजपा पदाधिकारी ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। साइबर ठगी के मामले में मुंबई पुलिस ने दिल्ली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान समरजीत सिंह (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस का अनुमान है कि साइबर ठगों ने 400 से अधिक लोगों के साथ ठगी की है। भाजपा ने महाराष्ट्र में 1.5 करोड़ जबकि मुंबई में 25 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित कर अभियान शुरू किया है। पुलिस के मुताबिक, बीते 12 फरवरी को शिवड़ी के एक भाजपा पदाधिकारी के मोबाइल पर सोशल मीडिया पर वायरल एक संदेश मिला, जिसमें कहा गया था कि भाजपा के सदस्यता पंजीकरण अभियान में रेफरल कोड के माध्यम से अधिक सदस्य पंजीकृत कराना चाहते हैं, तो उनसे संपर्क करें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed