फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Nagpur Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Updates: जीएमएलआर की जुड़वां सुरंग का भूमि पूजन 13 को; कांग्रेस का अदाणी समूह के खिलाफ प्रदर्शन

Fri, 12 Jul 2024 02:44 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Fri, 12 Jul 2024 02:44 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Nagpur Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जुलाई को मुंबई में 12.20 किलोमीटर लंबी जुड़वां सुरंगों के काम के लिए भूमि-पूजन करेंगे, जो गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) का हिस्सा हैं। मोदी का कार्यक्रम शनिवार शाम गोरेगांव के एनईएससीओ में होगा। बृहन्मुंबई नगर निगम ने बृस्पतिवार को बताया कि महत्वाकांक्षी जीएमएलआर परियोजना पश्चिमी हिस्से में गोरेगांव से शहर के उत्तर पूर्व में मुलुंड के बीच यात्रा के समय को मौजूदा 75 मिनट से घटाकर 25 मिनट कर देगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 14000 करोड़ रुपये है। जुड़वां सुरंग परियोजना की अनुमानित लागत 6301.08 करोड़ रुपये है। इसके अक्तूबर 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है। 

विज्ञापन

महाराष्ट्र कांग्रेस का अदाणी समूह के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
महाराष्ट्र कांग्रेस ने अदाणी समूह द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। बृहस्पतिवार को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, विपक्षी दल ने भी राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी का विरोध किया। महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान ने कहा कि अदाणी इलेक्ट्रिसिटी ने बिजली दरों में बढ़ोतरी की है। स्मार्ट मीटर की आड़ में लोगों को लूटा जा रहा है। हम मांग करते हैं कि स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए और बिजली दरों में बढ़ोतरी तुरंत वापस ली जाए। बाद में, विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अदाणी इलेक्ट्रिसिटी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। विरोध प्रदर्शन में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और मुंबई उत्तर मध्य से सांसद वर्षा गायकवाड़, राज्यसभा सांसद चंद्रकांत हंडोरे और एमएलसी भाई जगताप ने हिस्सा लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

राष्ट्र सेविका समिति की तीन दिवसीय बैठक नागपुर में 12 से
नई दिल्ली: राष्ट्र सेविका समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और अन्य प्रतिनिधियों की तीन दिवसीय बैठक 12 से 14 जुलाई तक रेशिम बाग, स्मृति मंदिर, नागपुर में होगी। बैठक में 35 प्रांतों के करीब 400 प्रतिनिधि भाग लेंगे। समिति की अखिल भारतीय संचार विभाग प्रमुख सुनीला सोवानी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बैठक में देवी अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर चर्चा की जाएगी। सोवानी ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 साल पूरे होने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा और 'राष्ट्र सर्वोपरि' विषय पर एक प्रस्ताव लाया जाएगा। राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख शांता कुमारी और महासचिव सीता गायत्री अन्नदानम बैठक में उपस्थित रहेंगी।

विज्ञापन

नागपुर रेलवे स्टेशन से छह महीने के बच्चे का अपहरण
नागपुर रेलवे स्टेशन से बृहस्पतिवार को एक महिला ने छह महीने के बच्चे का अपहरण कर लिया। पुलिस अधीक्षक (रेलवे) अक्षय शिंदे ने कहा कि बच्चा, उसके भाई-बहन और माता-पिता अमरावती से गोंदिया जा रहे थे और उन्हें सुबह-सुबह यहां से ट्रेन पकड़नी थी। वह रात 2 बजे नागपुर पहुंचे। सुबह 4:30 बजे वे सोने चले गए और सुबह 7:30 बजे बच्चे का अपहरण कर लिया गया। हमें सीसीटीवी फुटेज मिला है। एक महिला बच्चे के साथ ट्रेन में चढ़ रही है। उसे पकड़ने और बच्चे को बचाने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।

कांग्रेस विधायकों की रात्रिभोज बैठक में शामिल हुए उद्धव और पाटिल
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख जयंत पाटिल ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस विधायकों की रात्रिभोज बैठक में भाग लिया। इस बैठक का आयोजन शुक्रवार को विधान परिषद की 11 सीट के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनावों के मद्देनजर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा की खातिर किया गया था।

महाराष्ट्र के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रभारी रमेश चेन्निथला भी मुंबई के उस होटल में मौजूद थे, जहां उनकी पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार ने चुनाव की पूर्व संध्या पर बैठक और रात्रिभोज का आयोजन किया था। कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के घटक हैं।

वरिष्ठ नागरिक सरकारी खर्च पर कर सकेंगे तीर्थयात्रा
महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को 'मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना' के तहत वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त तीर्थ यात्रा कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रस्ताव के अनुसार 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को अधिकतम 30,000 रुपये का लाभ मिलेगा।

मंत्रिमंडल ने तीर्थयात्रियों के कल्याण के लिए 'मुख्यमंत्री वारकरी महामंडल' की स्थापना को भी मंजूरी दी। अधिकारी ने बताया कि मातंग समुदाय के लिए एक कौशल प्रशिक्षण संस्थान स्थापित किया जाएगा। मंत्रिमंडल ने किसानों के लिए मुफ्त बिजली योजना के तहत 7,775 करोड़ रुपये के अतिरिक्त व्यय को भी मंजूरी दी। इस योजना से कुल 44 लाख किसानों को लाभ मिलेगा।

मंत्रिमंडल ने खरीफ सीजन के लिए कपास और सोयाबीन किसानों को दो हेक्टेयर तक के लिए 1,000 रुपये और दो हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फसलें उगाने के लिए 5,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि देने को भी मंजूरी दे दी।

आईएएस अधिकारी खेडकर के खिलाफ लगे आरोपों की जांच मुख्य सचिव करें: मिलिंद देवड़ा
शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने बृहस्पतिवार को मांग की कि महाराष्ट्र की मुख्य सचिव सुजाता सौनिक विवादास्पद परिवीक्षाधीन आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर के खिलाफ लगे आरोपों की व्यापक और निष्पक्ष जांच करें। सत्तारूढ़ शिवसेना के राज्यसभा सदस्य देवड़ा ने कहा कि जिन लोगों में प्रतिभा और नैतिकता का अभाव है वे महत्वपूर्ण पदों पर आसीन होने के लिए उपयुक्त नहीं हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री देवड़ा ने कहा कि खेडकर के खिलाफ लगे आरोप प्रतिष्ठित भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की प्रतिष्ठा के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा,  'क्या आप सरकार में सेवा करने के लिए हैं या किसी अधिकार की भावना के कारण? मैं महाराष्ट्र की मुख्य सचिव से आग्रह करता हूं कि वह बिना देरी किए इन आरोपों की व्यापक और निष्पक्ष जांच करें।'

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 32 वर्षीय परिवीक्षाधीन अधिकारी खेडकर ने अपनी विभिन्न मांगों से विवाद खड़ा कर दिया था और इस वजह से उनका तबादला प्रशिक्षण पूरा होने से पहले ही पुणे से विदर्भ क्षेत्र के वाशिम में कर दिया गया।

किसी ने यह दावा नहीं किया कि लंदन से लाए जा रहे 'बघनखा' का इस्तेमाल शिवाजी ने किया था: मुनगंटीवार
महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि किसी ने यह दावा नहीं किया है कि लंदन से राज्य में लाया जा रहा 'बघनखा' या बाघ के पंजे के आकार वाला हथियार छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने इस दावे को भी खारिज कर दिया कि सरकार ने लंदन के विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय से इस हथियार को महाराष्ट्र लाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा व्यय और समझौते पर हस्ताक्षर करने में 14.08 लाख रुपये का खर्च हुआ है। उनकी यह टिप्पणी एक इतिहासकार के उस दावे के कुछ दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि मराठा साम्राज्य के संस्थापक द्वारा बीजापुर सल्तनत के सेनापति अफजल खान को मारने के लिए इस्तेमाल किया गया 'बघनखा' सातारा में ही मौजूद है। मुनगंटीवार ने सदन को बताया कि 'बघनखा' को तीन साल के लिए लंदन से लाया जाएगा और 19 जुलाई से राज्य के सातारा स्थित एक संग्रहालय में प्रदर्शन के लिए रखा जाएगा।

गढ़चिरौली में 16 लाख की इनामी दो महिला नक्सलियों का आत्मसमर्पण

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सामूहिक रूप से 16 लाख रुपये के इनाम वाली दो महिला नक्सलियों प्रमिला सुखराम बोगा उर्फ मंजूबाई (36) और अखिला शंकर पुडो उर्फ रत्नमाला (34) ने बृहस्पतिवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, 20 मुठभेड़ों में शामिल प्रमिला बोगा पर 8 लाख का इनाम था। वहीं, अखिला पुडो पर सात मामले दर्ज हैं। उसके सिर पर भी 8 लाख का इनाम था। सरकारी नीति के तहत बोगा और पुडो को पुनर्वास के लिए 5-5 लाख रुपये मिलेंगे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed