Maharashtra: ठगी में बैंक खाते का इस्तेमाल, खबर से सदमे में महिला ने दे दी जान; पुणे में भोजन विवाद में हत्या
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली (पूर्व) स्थित साईराम सोसाइटी निवासी 38 वर्षीय देविका अरमुगम पंडाराम ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। राजस्थान के चुरू साइबर सेल पुलिस ने 8 अगस्त को उनके घर जाकर नोटिस दिया था, जिसमें बताया गया कि उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में हुआ। ठाणे पुलिस आयुक्तालय के साइबर क्राइम विभाग से पता चला कि हरियाणा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात और तमिलनाडु में भी उनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। मंगलवार शाम करीब 4 बजे उन्होंने ब्लेड से खुद को घायल किया, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
नॉनवेज खाने की मांग पर बेटे की हत्या, माता-पिता गिरफ्तार
पुणे के वारजे इलाके में श्रावण महीने के दौरान नॉनवेज खाने की मांग को लेकर हुए विवाद में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में युवक के 64 वर्षीय पिता भगवान गायकवाड़ और 60 वर्षीय मां पार्वती गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना 24 अगस्त की रात हुई। मृतक महेश भागवत गायकवाड़ दिहाड़ी मजदूर था और कथित तौर पर शराब पीने का आदी था। वह अक्सर अपने माता-पिता से झगड़ा करता था। शिकायत के मुताबिक, घटना वाली रात महेश शराब के नशे में घर पहुंचा और रात के खाने में नॉनवेज की मांग की। पिता ने श्रावण महीने का हवाला देते हुए नॉनवेज देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि भगवान ने महेश के सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महेश की मां ने कथित तौर पर सबूत मिटाने में पति की मदद की। मामले की जांच जारी है।
महाराष्ट्र के लातूर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास एक 75 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान चाकुर के रहमत नगर निवासी सैयद हकानी तंजपाशा के रूप में हुई है। गुरुवार दोपहर घरनी गांव क्षेत्र में सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह पता चल सकेगी। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने कहा है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen Z आंदोलन ने लोगों के मन से सत्ता के खिलाफ बोलने का डर खत्म किया है। उन्होंने नागपुर में एक कार्यक्रम में कहा कि पिछले एक दशक में सरकार से सवाल उठाने वालों में डर का माहौल था। बोरा ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस विरोध करने वालों को ‘देश विरोधी’ और ‘गद्दार’ जैसे नामों से निशाना बनाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब युवा सरकार से जवाब मांग रहे हैं और सत्ताधारी दल भी युवाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक बदलाव बताया।
ठाणे पुलिस ने बसों में महिला यात्रियों के सोने के गहने चुराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से करीब 20.53 लाख रुपये के छह सोने के कंगन बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल सुरेश तिडंगे (38), पूर्णिमा सुरेश तिडंगे उर्फ कल्लू कल्पना (32) और दीपक वतन अभंग (48) के रूप में हुई है। पुलिस जुलाई में 61 वर्षीय महिला का कंगन चोरी होने की शिकायत की जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। पूछताछ में तीनों के छह चोरी के मामलों में शामिल होने की बात सामने आई।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर कूरियर कंपनी के वाहन को रोका और उसमें रखे 61.5 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस के अनुसार घटना 24 अगस्त की सुबह हुई। वाहन का चालक और सहचालक ग्वालियर से मुंबई करीब एक करोड़ रुपये नकद लेकर जा रहे थे। रास्ते में तीन आरोपियों ने वाहन रोककर दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें पुलिस स्टेशन चलने को कहा। इसके बजाय वे वाहन को नासिक की ओर ले गए और दोनों से मारपीट कर नकदी के बारे में पूछा। बाद में दो अन्य साथी पहुंचे और गिरोह 61.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
महाराष्ट्र के जालना जिले में सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रणनवारे ने ब्राह्मण समुदाय की विभिन्न मांगों को लेकर 29 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि वह जालना शहर के महात्मा गांधी चमन में धरना देंगे। उनकी प्रमुख मांगों में परशुराम आर्थिक विकास महामंडल के लिए सरकार से 1,000 करोड़ रुपये का फंड देना शामिल है। इसके अलावा उन्होंने EWS के लिए सालाना आय सीमा 8 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर खोलने और समुदाय के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की मांग की है। उन्होंने सुरक्षा के लिए अलग कानून की भी मांग की है।
एक्सपायर्ड पानी और मिठाई पर नागपुर के अम्यूजमेंट पार्क पर 4.75 लाख का जुर्माना
नागपुर की उपभोक्ता आयोग ने एक सगाई समारोह में एक्सपायर्ड बोतलबंद पानी और मक्खियों से संक्रमित मिठाई परोसे जाने के मामले में अम्यूजमेंट पार्क फन एन फूड विलेज को 4.75 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने कहा कि एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और पेय परोसना महज सेवा में कमी नहीं, बल्कि जीवन और स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाला बेहद लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना कृत्य है। अतिरिक्त जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, नागपुर ने पार्क संचालकों को 50 हजार रुपये की सुरक्षा राशि लौटाने के साथ सेवा में कमी के लिए दो लाख, चिकित्सा खर्च के लिए एक लाख, मानसिक उत्पीड़न के लिए एक लाख और मुकदमे के खर्च के तौर पर 25 हजार रुपये देने का निर्देश दिया।
शिकायतकर्ता ने 10 अक्टूबर 2021 को अपनी बेटी की सगाई के लिए 250-300 मेहमानों के वास्ते पार्क बुक किया था और 1.5 लाख रुपये का भुगतान किया था। शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में दोपहर चार बजे तक पीने का पानी उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में दी गई पानी की बोतलों की एक्सपायरी पांच सितंबर 2021 थी। वहीं, परोसे गए रसगुल्लों में मरी हुई मक्खियां मिलने का भी आरोप लगाया गया।शिकायत के मुताबिक, दूषित भोजन और पानी के सेवन के बाद कई मेहमानों और दुल्हन को गैस्ट्रोएंटेराइटिस की समस्या हुई और उन्हें इलाज कराना पड़ा। आयोग ने संस्थान को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी।