फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Of 21 Aug: Maharashtra News, Politics, Crime, Mumbai, Thane; Maharashtra News In Hindi

MH Updates: नांदेड में 10 साल की बच्ची से स्कूल में दरिंदगी का आरोप, हेडमास्टर हिरासत में; POCSO के तहत केस

Fri, 21 Aug 2026 11:01 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Pavan Updated Fri, 21 Aug 2026 11:01 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Of 21 Aug: Maharashtra News, Politics, Crime, Mumbai, Thane; Maharashtra News In Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विरार में खराब सड़कों और क्षेत्र में पर्याप्त बुनियादी सुविधाओं की कमी के खिलाफ शुरू किया गया ‘सड़क सत्याग्रह’ गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा। कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता विवेक तिवारी के नेतृत्व में यह भूख हड़ताल की जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनकारियों के स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा भी लिया और आंदोलन को समर्थन दिया। वसई-विरार क्षेत्र में लंबे समय से खराब सड़कों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रशासन सड़कों की स्थिति में सुधार करे और क्षेत्र की अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दे। स्थानीय कांग्रेस नेताओं और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन


नांदेड के स्कूल में 10 वर्षीय छात्रा से यौन उत्पीड़न का आरोप, हेडमास्टर हिरासत में
महाराष्ट्र के नांदेड शहर के एक स्कूल में 10 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप स्कूल के हेडमास्टर पर लगा है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार को स्कूल परिसर में हुई। पुलिस के अनुसार, कथित घटना के दौरान छात्रा ने शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई, जिसके बाद मामला सामने आया। घटना के बाद बच्ची के माता-पिता पुलिस के पास पहुंचे और स्कूल के हेडमास्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
विज्ञापन


पुलिस ने शिकायत के आधार पर हेडमास्टर के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस निरीक्षक संतोष तांबे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हेडमास्टर को तत्काल हिरासत में लिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

नीट प्रदर्शन का चेहरा बनी रिया ने की केस वापस लेने की गुहार
नीट पेपर लीक के खिलाफ मुंबई में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस वैन रोककर चर्चा में आईं मॉडल रिया अहिर ने पुलिस से उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और सोशल मीडिया पर उन्हें धमकियां देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। रिया के समर्थन में मुंबई यूथ कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) मनोज शर्मा से मुलाकात कर रिया पर दर्ज मुकदमे और उन्हें ऑनलाइन मिल रही प्रताड़ना का मुद्दा उठाया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि एफआईआर वापस लेने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और धमकियां देने वालों की जांच कर कार्रवाई होगी। मुलाकात के बाद रिया ने कहा कि उस विरोध प्रदर्शन के बाद से ही सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार गालियां और धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

रोज के झगड़े मानसिक क्रूरता नहीं कोर्ट से तलाक की याचिका खारिज
बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि वैवाहिक जीवन में रोजाना के झगड़े या सामान्य मतभेद मानसिक क्रूरता नहीं माने जा सकते, न ही इसके आधार पर तलाक दिया जा सकता। नागपुर पीठ की न्यायमूर्ति उर्मिला जोशी फाल्के और न्यायमूर्ति राज वाकोडे ने बुधवार को यह टिप्पणी करते हुए 44 वर्षीय व्यक्ति की तलाक याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि क्रूरता का आकलन कुछ अलग-अलग घटनाओं के आधार पर नहीं, बल्कि पूरे वैवाहिक जीवन को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। इस मामले में व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी उससे और उसकी मां से अकसर झगड़ा करती थी। पत्नी ने इसके विपरीत पति और ससुरालवालों पर मां न बन पाने को लेकर उसके साथ हुए दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। परिवार अदालत ने भी तलाक से इनकार करते हुए पत्नी को पांच हजार रुपये मासिक गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था।

राम मंदिर निर्माण में विपक्ष की कोई भूमिका नहीं, चोरी पर सवाल उठाने का हक नहीं- राम नाईक
भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने राम मंदिर में कथित चोरी को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में विपक्ष ने कोई महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाई, इसलिए उसे इस मामले में सरकार की आलोचना करने का नैतिक अधिकार नहीं है। राम नाईक ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना हुई है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर लोग जांच से संतुष्ट नहीं होते तो अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना जारी नहीं रहता। उन्होंने कहा कि आम लोगों ने मंदिर निर्माण में काफी योगदान दिया है, इसलिए चोरी की घटना से उन्हें दुख हुआ है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करते हुए नाईक ने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में राज्य के मुख्यमंत्रियों में फडणवीस का काम सबसे बेहतर रहा है। हालांकि, उन्हें नरेंद्र मोदी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखने पर उन्होंने कहा कि अभी इस तरह के सपने देखने का समय नहीं आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का फिलहाल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर ध्यान है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए नाईक ने कहा कि उसने संसद और उत्तर प्रदेश में जनता से जुड़े मुद्दे प्रभावी तरीके से नहीं उठाए।
 

पुणे में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम सभी युवाओं के लिए खुला- सपकाल
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस दावे को खारिज किया है कि राहुल गांधी का पुणे में होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कांग्रेस नेताओं से जुड़े कॉलेजों के छात्रों तक सीमित रहेगा। सपकाल ने कहा कि 22 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम सभी छात्रों के लिए खुला है। सपकाल ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवा छात्राओं के साथ संवाद पर केंद्रित होगा। किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़े छात्र इसमें शामिल हो सकते हैं। इसके लिए छात्रों को बारकोड के जरिए पंजीकरण करना होगा।

उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है और इसमें पार्टी का झंडा या चुनाव चिह्न नहीं लगाया जाएगा। सपकाल ने कहा कि लोगों को बसों में भरकर कार्यक्रम में नहीं लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने दावा किया था कि कार्यक्रम एक नियंत्रित माहौल में होगा और इसमें खुला संवाद नहीं हो सकता। सपकाल ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री के परिवार का कोई सदस्य भी आना चाहे तो बारकोड स्कैन करके पंजीकरण कर सकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
 

नेहरू साइंस सेंटर मेट्रो स्टेशन से वर्ली प्रोमेनेड तक बनेगा अंडरग्राउंड पैदल मार्ग
मुंबई में नेहरू साइंस सेंटर मेट्रो स्टेशन को वर्ली प्रोमेनेड से जोड़ने के लिए भूमिगत पैदल मार्ग बनाने का रास्ता साफ हो गया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की स्थायी समिति ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। करीब एक किलोमीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा यह भूमिगत मार्ग मेट्रो लाइन-3 के नेहरू साइंस सेंटर स्टेशन से शुरू होकर महालक्ष्मी रेसकोर्स क्षेत्र से गुजरेगा। इसके बाद यह लाला लाजपत राय रोड के नीचे से होकर वर्ली प्रोमेनेड और प्रस्तावित लैंडस्केप गार्डन तक पहुंचेगा।

इस मार्ग में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रैवलेटर लगाया जाएगा। इसका निर्माण मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड करेगा, जबकि परियोजना की अनुमानित 702.44 करोड़ रुपये की लागत बीएमसी वहन करेगी। परियोजना का उद्देश्य मेट्रो स्टेशन से वर्ली के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र तक लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक पैदल कनेक्टिविटी देना है। भूमिगत मार्ग बनने से सड़क पार करने और यातायात के बीच से गुजरने की परेशानी कम होने की उम्मीद है।

मुंबई में MMRDA का क्रेन गिरा, नौ लोग घायल
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) की एक क्रेन पास की एक वर्क साइट से कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच ओवरहेड इक्विपमेंट पर गिर गई। इससे ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि यह मुख्य रूप से मालगाड़ियों की लाइन है। मामले में मुंबई पुलिस के डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने अस्पताल में नौ घायल लोगों से मुलाकात की और सभी की हालत स्थिर है, जबकि एक-दो लोगों को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है; अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed