महाराष्ट्र: आईएस मॉड्यूल आरोपी ने कोर्ट में जज को धमकाया; मुंबई में विश्व हिंदू कांग्रेस, भागवत करेंगे उद्घाटन
महाराष्ट्र की एक विशेष एनआईए कोर्ट में बृहस्पतिवार को इस्लामिक स्टेट (आईएस) मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने सुनवाई के दौरान जज को जान से मारने की धमकी दी। इस हरकत के बाद कोर्ट ने आरोपी को सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही अदालत में पेश करने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि आरोपी मुकदमे की कार्यवाही से बचने के लिए मानसिक समस्या का नाटक कर रहा है। आरोपी ताबिश सिद्दीकी को जुलाई 2023 में महाराष्ट्र में मारे गए छापे के दौरान गिरफ्तार किया गया था। विशेष एनआईए जज अभय जोगलेकर के सामने पेश किए जाने पर ताबिश ने कोर्ट के लिए अपमानजनक शब्द कहे। उसने धमकी दी कि वह जज और उनके परिवार को देख लेगा। एनआईए के अनुसार, ताबिशी आतंकी संगठन आईएस के संपर्क में था और वह युवाओं को बरगलाकर आईएस के भारत-विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने में जुटा था।
मुंबई में विश्व हिंदू कांग्रेस का भागवत करेंगे उद्घाटन
चौथी विश्व हिंदू कांग्रेस का आयोजन मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत इसका उद्घाटन करेंगे। इस तीन दिवसीय वैश्विक कार्यक्रम में दुनिया के 60 से अधिक देशों के 4,000 से अधिक हिंदू नेताओं, विचारकों, पेशेवरों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के जुटने की संभावना है।