महाराष्ट्र: आईएस मॉड्यूल आरोपी ने कोर्ट में जज को धमकाया; मुंबई में विश्व हिंदू कांग्रेस, भागवत करेंगे उद्घाटन
महाराष्ट्र की एक विशेष एनआईए कोर्ट में बृहस्पतिवार को इस्लामिक स्टेट (आईएस) मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार एक आरोपी ने सुनवाई के दौरान जज को जान से मारने की धमकी दी। इस हरकत के बाद कोर्ट ने आरोपी को सिर्फ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही अदालत में पेश करने का आदेश दिया। साथ ही कहा कि आरोपी मुकदमे की कार्यवाही से बचने के लिए मानसिक समस्या का नाटक कर रहा है। आरोपी ताबिश सिद्दीकी को जुलाई 2023 में महाराष्ट्र में मारे गए छापे के दौरान गिरफ्तार किया गया था। विशेष एनआईए जज अभय जोगलेकर के सामने पेश किए जाने पर ताबिश ने कोर्ट के लिए अपमानजनक शब्द कहे। उसने धमकी दी कि वह जज और उनके परिवार को देख लेगा। एनआईए के अनुसार, ताबिशी आतंकी संगठन आईएस के संपर्क में था और वह युवाओं को बरगलाकर आईएस के भारत-विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने में जुटा था।
मुंबई में विश्व हिंदू कांग्रेस का भागवत करेंगे उद्घाटन
चौथी विश्व हिंदू कांग्रेस का आयोजन मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत इसका उद्घाटन करेंगे। इस तीन दिवसीय वैश्विक कार्यक्रम में दुनिया के 60 से अधिक देशों के 4,000 से अधिक हिंदू नेताओं, विचारकों, पेशेवरों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के जुटने की संभावना है।
पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को मुंबई से दिल्ली जाने वाली दो राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों का समय बदल दिया और एक एक्सप्रेस ट्रेन रद्द कर दी। यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी में 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध प्रदर्शन से ठीक पहले लिया गया है। पश्चिम रेलवे ने बताया कि उसने मुंबई सेंट्रल-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12951) और मुंबई सेंट्रल-हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस (12953) का समय पांच घंटे आगे बढ़ा दिया है और बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12247) को रद्द कर दिया है। इसके अलावा, पश्चिम रेलवे ने डॉ. अंबेडकर नगर-नई दिल्ली एक्सप्रेस (20155), इंदौर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (09309), इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12415) और साबरमती-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12957) को भी रद्द कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, रेलवे बोर्ड की सूचना के बाद 10 अक्तूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 54 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है। एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के सीनियर इंस्पेक्टर राहुल राख ने बताया कि पिछले हफ्ते वसई इलाके में हुई पहली कार्रवाई में तीन गाड़ियों से 22.67 लाख रुपये कीमत का गुटखा जब्त किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने नालासोपारा ईस्ट में भी एक और कार्रवाई की और 31.5 लाख रुपये कीमत का प्रतिबंधित सामान जब्त किया। अधिकारी ने बताया कि दोनों कार्रवाई में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक बिल्डर को अगवा करने और उससे 10 लाख रुपये नकद व सोने के गहने जबरन लेने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह घटना 2 अक्टूबर को हुई, जब मुख्य आरोपी रोहित सुभाष जांगिड़ (27) और उसके साथियों ने बिल्डर को अपनी कंस्ट्रक्शन साइट पर एक कमर्शियल दुकान खरीदने के बहाने बुलाया। आरोपियों ने डील पक्की करने के लिए उसे नालासोपारा ईस्ट इलाके के एक होटल में बुलाया। वहां पहुंचने पर, आरोपियों ने बिल्डर को जबरन एक काली हुंडई क्रेटा एसयूवी में खींच लिया। पुलिस ने बताया कि बंदूक की नोक पर उन्होंने बिल्डर से 10 लाख रुपये नकद और 70 ग्राम से ज्यादा वजन के सोने के गहने देने के लिए मजबूर किया। बिल्डर के पुलिस से संपर्क करने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने बताया कि क्राइम डिटेक्शन सेल-3 (विरार) ने 4 अक्तूबर को इस कथित अपराध के सिलसिले में आरोपी जांगिड़ और वंश शिवकुमार गुप्ता उर्फ मोनू (21) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों से सारा कैश और सोने के गहने बरामद कर लिए हैं।
महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक सार्वजनिक जगह पर दरांती लहराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। विवेकानंद चौक पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई गुरुवार रात जिले के हरंगुल खुर्द के रहने वाले कृष्णा उर्फ पप्पू सुभाष आहे (25) के खिलाफ की गई। उन्होंने बताया कि आहे को रात करीब 11.45 बजे एलआईसी कॉलोनी इलाके में एक सार्वजनिक जगह पर लोहे की दरांती लहराते हुए पाया गया। उन्होंने आगे बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और दरांती जब्त कर ली, जिससे लोगों को खतरा हो सकता था, और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने महाराष्ट्र के लातूर में एक प्राइवेट स्कूल के फाउंडर द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न की शिकार नाबालिग छात्राओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर के इस उत्पीड़न की शिकायत करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि उनकी पहचान और सुरक्षा का ध्यान रखा जाएगा। यह अपील आदर्श इंटरनेशनल स्कूल के फाउंडर बशीर उस्मान शेख (54) की गिरफ्तारी के बाद की गई है। यौन उत्पीड़न की शिकायतों के बाद फाउंडर को बुधवार को गिरफ्तार करके भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। लातूर जिला पुलिस ने एक बयान में उन अन्य नाबालिग छात्राओं से भी अपील की है जिनके साथ ऐसा ही दुर्व्यवहार हुआ हो, कि वे बिना किसी हिचकिचाहट के पुलिस से संपर्क करें। बयान में कहा गया है कि छात्राएं या उनके माता-पिता इस मामले से जुड़ी जानकारी देने के लिए सीधे डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस डॉ. भागीरथी पवार से उनके ऑफिशियल मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उनकी गरिमा और सुरक्षा की रक्षा की जाएगी।