फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: महाराष्ट्र में अब व्हाट्सएप पर मिलेंगी नागरिक सेवाएं; राज्यपाल से मिले की सीएम फडणवीस और मंत्री

Mon, 25 Aug 2025 08:28 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Mon, 25 Aug 2025 08:28 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

महाराष्ट्र सरकार अब सभी नागरिक सेवाएं व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि 'आपले सरकार' पोर्टल के साथ-साथ व्हाट्सएप पर भी सेवाएं शुरू की जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआत में हर तालुका में 10-12 गांवों का क्लस्टर बनाया जाए और स्थानीय जरूरतों के अनुसार सेवाएं दी जाएं। इसके लिए विशेष टीमें बनाई जाएंगी ताकि लोगों को समय पर सुविधा मिल सके। उन्होंने आवेदन प्रक्रियाओं में जरूरी दस्तावेजों की संख्या कम करने और सेवाओं की गुणवत्ता की स्वतंत्र एजेंसियों से जांच कराने पर जोर दिया। साथ ही, सभी जिला परिषदों, नगर निगमों और विश्वविद्यालयों के डैशबोर्ड को एक जैसा बनाने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव राजेश कुमार ने सुझाव दिया कि नागरिकों को अपील की सुविधा भी दी जाए और प्रमाणपत्र ईमेल, पोर्टल व व्हाट्सऐप से बहु-माध्यमों में उपलब्ध कराए जाएं। वर्तमान में आपले सरकार पोर्टल पर 1,001 सेवाओं में से 997 पहले से उपलब्ध हैं।

विज्ञापन


पुणे के सह्याद्री अस्पताल को नोटिस जारी
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने पुणे के सह्याद्री अस्पताल को नोटिस जारी किया है। स्वास्थ्य सेवाओं के उप निदेशक डॉ. नागनाथ येमपल्ले ने बताया कि एक महिला ने अपने पति को लीवर का एक हिस्सा दान किया था। ट्रांसप्लांट सर्जरी के बाद उसके पति की मौत हो गई और कुछ दिन बाद ही महिला की भी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल को सोमवार तक प्रत्यारोपण प्रक्रिया से संबंधित सभी विवरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, 'हमने अस्पताल को एक नोटिस जारी किया है और प्राप्तकर्ता और दाता, उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग और उपचार प्रक्रिया का विवरण मांगा है। अस्पताल को सोमवार सुबह 10 बजे तक सभी विवरण प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।' मरीज बापू कोमकर की 17 अगस्त को और उनकी पत्नी कामिनी की 21 अगस्त को मौत हो गई। उनके परिवार के सदस्यों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाया है और जाँच की मांग की है। वहीं, अस्पताल ने कहा कि सर्जरी मानक चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार की गई थी।

विज्ञापन

मुंबई की 22 मंजिला इमारत के एक फ्लैट में लगी आग, सामान जलकर खाक
मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक 22 मंजिला आवासीय इमारत के एक फ्लैट में आग लग गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसा गोरेगांव (पूर्व) में बालाजी अस्पताल के सामने रानी सती मार्ग पर स्थित वैष्णव हाइट बिल्डिंग में हुआ, जिसके 12वीं मंजिल के फ्लैट में दोपहर करीब 3.30 बजे आग लगी। आग लगने से फ्लैट में बिजली के तार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। अधिकारियों ने बताया कि आठ दमकल गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 6 बजे आग बुझाई। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। न ही हादसे में किसी के हताहत होने की खबर है।

NCP में शामिल हुए कांग्रेस नेता राहुल पाटिल
कांग्रेस नेता और कोल्हापुर जिला परिषद के पूर्व सदस्य राहुल पाटिल ने सोमवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का दामन थाम लिया। राहुल पाटिल, जो दिवंगत कांग्रेस विधायक पी.एन. पाटिल के पुत्र हैं, ने 2024 के विधानसभा चुनाव में कोल्हापुर की करवीर सीट से शिवसेना के चंद्रदीप नरके के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। अजित पवार ने पाटिल का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें एक होनहार नेता बताया और कहा कि उनके आने से कोल्हापुर ज़िले में एनसीपी को मजबूती मिलेगी।
विज्ञापन

ठाणे के भिवंडी में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध
यातायात विभाग ने भिवंडी शहर में प्रवेश करने वाले सभी भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह कार्रवाई बढ़ती भीड़, दुर्घटनाओं और आम जनता की असुविधा से निपटने के लिए की गई है। ठाणे के पुलिस उपायुक्त (यातायात) पंकज शिरसाट ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। नए आदेश के तहत, भारी वाहनों का वंजारपट्टी नाका, रंजनोली नाका, अंजुरफाटा और तलवली नाका से शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए गए हैं। दमकल, एंबुलेंस, पुलिस वाहन और अन्य आवश्यक सेवा वाहनों को इस आदेश से छूट दी गई है। शिरसाट ने कहा कि यह प्रतिबंध 23 अगस्त से प्रभावी होकर अगली सूचना तक लागू रहेगा।

ठाणे में मकान की बालकनी का हिस्सा गिरा, कोई हताहत नहीं
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक घर की बालकनी का हिस्सा ढह गया। हादसे के बाद वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार शाम को लोकमान्य नगर इलाके में हुई। राहत की बात यह रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। ठाणे नगर निगम की आपदा प्रबंधन इकाई के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि यह मकान एक मंजिला है और यह लगभग 20 से 25 साल पुराना है। पहली मंजिल की बालकनी का एक हिस्सा गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और सुरक्षा के इंतजाम किए।

इस मकान में दो परिवार रहते थे, जिनमें कुल नौ सदस्य शामिल हैं। एहतियात के तौर पर मकान की पहली मंजिल को खाली करा लिया गया और वहां रहने वाले लोगों को अस्थायी रूप से उनके रिश्तेदारों के घर भेज दिया गया। जो हिस्सा गिरा था, वह काफी जर्जर हालत में था, इसलिए उसे पूरी तरह गिरा दिया गया।
 

पालघर के कोचिंग सेंटर में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक निजी कोचिंग सेंटर में नाबालिग छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पीड़िता (16 वर्षीय) की शिकायत के मुताबिक, नल्ला सोपारा इलाके के कोचिंग सेंटर में रसायन विज्ञान बढ़ाने वाले आरोपी (42 वर्षीय) ने शनिवार दोपहर छात्रा को एक अतिरिक्त क्लास के लिए बुलाया और उसे अपने कार्यालय में ले गया, जहां उसने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। नल्ला सोपारा थाने के अधिकारी ने बताया कि अगले दिन शिक्षक ने क्लास के दौरान पीड़िता की तस्वीर लेने की कोशिश की, लेकिन उसने ऐसा करने से मना किया। इसके बाद छात्रा के माता-पिता क्लास में पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पहले भी उसके साथ छेड़छाड़ की है। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) व यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।

MNS ने चार नेताओं को पार्टी से निकाला
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने सोमवार को कोंकण क्षेत्र के चार नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बाहर कर दिया। जिन नेताओं को निकाला गया है उनमें रत्नागिरी के वैभव खेड़ेकर, अविनाश सोंडालकर, संतोष नलावडे और रायगढ़ के सुबोध जाधव शामिल हैं। पार्टी ने पत्र जारी कर बताया कि यह कार्रवाई राज ठाकरे के आदेश पर हुई है। खेड़ेकर ने कहा कि उन्होंने पार्टी के लिए जेल की सजा और आर्थिक नुकसान तक झेला, लेकिन अब पार्टी ने जल्दबाजी में फैसला लिया। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि कोंकण में उनके साथ कार्यकर्ता खड़े हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक खेड़ेकर भाजपा से नजदीकी बना रहे थे और वरिष्ठ नेताओं से मिले थे, जिसके बाद यह कार्रवाई तय हुई।

फडणवीस और मंत्रिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके कैबिनेट सहयोगियों ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। राधाकृष्णन को हाल ही में बीजेपी-एनडीए का उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। बैठक के बाद सभी नेताओं ने साथ में भोजन भी किया। इस मौके पर मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, गणेश नाइक (भाजपा), प्रताप सरनाईक, दादा भुसे (शिवसेना) और अदिति तटकरे (राकांपा) मौजूद थे। उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होने हैं। राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवार और पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा।
 

विपक्ष के वोट चोरी पर एकनाथ शिंदे का वार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, 'जब उनकी (विपक्ष) जीत होती है तब वे वोट चोरी नहीं बोलते हैं, हारने पर वोट चोरी की बात करते हैं... जब उन्हें लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में ज़्यादा सीटें मिलीं, तो क्या उन्होंने ईवीएम, चुनाव आयोग को मैनेज किया था क्या? वोट चोरी की? जब वे तेलंगाना, कर्नाटक में जीते, तो क्या उन्होंने ईवीएम, चुनाव आयोग को मैनेज किया? हारने के बाद ऐसा कहना ग़लत है। चुनाव आयोग ने भी कहा है कि अगर सबूत हैं तो दें, वरना माफ़ी मांगें। बार-बार आरोप लगाने से आरोप साबित नहीं होते। ये मतदाताओं का अपमान है, महाराष्ट्र की जनता का अपमान है... हम महायुति के ढाई साल के काम के दम पर जीते हैं, अगर वे इसी तरह अपमान करेंगे तो स्थानीय निकाय चुनाव में बुरी तरह हारेंगे... वे प्रधानमंत्री पर आरोप लगाते हैं, सेना के जवानों पर आरोप लगाते हैं। ये कैसा देशप्रेम है?... महाराष्ट्र की जनता उन्हें जवाब दे चुकी है, वे बिहार चुनाव भी हारने वाले हैं, इसलिए वे इसके लिए जमीन तैयार कर रहे हैं। अगर वे ऐसे आरोप लगाएंगे तो हर चुनाव हारेंगे।'
 

पुणे की रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक अमित थेपड़े को ईडी ने किया गिरफ्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पुणे की रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक अमित अशोक थेपड़े को मुंबई के एक फाइव स्टार होटल से गिरफ्तार किया है। ईडी को तलाशी में 9.5 लाख रुपये नकद, 2.3 करोड़ रुपये मूल्य के आभूषण, दो वाहन और डिजिटल डिवाइस मिले। संघीय जांच एजेंसी ने थेपड़े के 50 से अधिक बैंक खातों को भी फ्रीज कर दिया है। ईडी ने बताया कि थेपड़े पिछले दो महीने से होटल में ठहरा हुआ था। वह लंबे समय से जांच से बच रहा था। उसे व्यापक निगरानी और वित्तीय विश्लेषण के बाद गिरफ्तार गया। सोमवार को विशेष पीएमएलए अदालत ने उसे पांच दिनों के लिए ईडी के रिमांड पर भेज दिया। यह मामला कैनरा बैंक से जुड़े 117.06 करोड़ रुपये के लोन घोटाले से संबंधित है। ईडी ने आरोप लगाया कि थेपड़े ने अवैध धन को छिपाने और घुमाने के लिए एक जटिल वित्तीय नेटवर्क तैयार किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed