फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: ठाणे में डिवाइडर से टकराया ट्रक, दो की मौत; एयरपोर्ट पर 7.32 करोड़ की ड्रग्स के साथ चार गिरफ्तार

Tue, 22 Jul 2025 03:32 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Tue, 22 Jul 2025 03:32 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane palghar pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

ठाणे में मंगलवार आधी रात के बाद लोहे की छड़ें और पाइप ले जा रहा एक ट्रक एक पुल पर डिवाइडर से टकराने के बाद स्ट्रीट लाइट के खंभे से जा भिड़ा। इससे ट्रक चालक और सहायक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घोड़बंदर रोड स्थित पाटलीपाड़ा पुल पर ट्रक नवी मुंबई से गुजरात जा रहा था। यातायात पुलिस ने स्थानीय नियंत्रण कक्ष को रात 12.35 बजे बताया कि ट्रक हादसा हो गया है। उन्होंने कहा कि पाटलीपाड़ा पुल पार करते समय चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया। वाहन डिवाइडर और एक स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गया, जिससे ट्रक का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने कहा कि क्रेन की मदद से केबिन से चालक और सहायक को बाहर निकालने में लगभग 45 मिनट का समय लगा। उन्होंने बताया कि दोनों को ठाणे के एक सरकारी अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान ट्रक चालक विनोद (42) और हेल्पर रहीम पठान (25) के रूप में हुई है, दोनों उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।

विज्ञापन


मुंबई हवाई अड्डे पर 7.32 करोड़ रुपये के ड्रग्स के साथ चार गिरफ्तार
मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने हवाई अड्डे पर चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 7.32 करोड़ रुपये मूल्य की हाइड्रोपोनिक खरपतवार और अन्य प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं।
विज्ञापन

बैंकॉक से यहां छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे एक यात्री को 15 जुलाई की सुबह रोका गया। अधिकारी ने बताया कि सीमा शुल्क अधिकारियों ने यात्री के ट्रॉली बैग में छिपाकर रखे गए 610 ग्राम हाइड्रोपोनिक खरपतवार को जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि बैंकॉक से आए दो अन्य यात्रियों को अगले दो दिनों में गिरफ्तार कर लिया गया, जब उनके पास से 5.25 किलोग्राम और 1.45 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक खरपतवार बरामद किया गया। एक अन्य मामले में, मुंबई से रियाद जा रहे एक यात्री को 99 बोतल कफ सिरप जब्त करने के बाद हिरासत में लिया गया, जिसमें प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट रसायन मिला हुआ था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रमी वीडियो विवाद: महाराष्ट्र के कृषि मंत्री कोकाटे को हटाने की मांग तेज
महाराष्ट्र के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे एक नए विवाद में फंस गए हैं। एनसीपी (शपा) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने सोमवार को दो वीडियो पोस्ट किए। उनका दावा है कि ये वीडियो राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान के हैं, और इनमें मंत्री कोकाटे अपने मोबाइल फोन पर जंगली रमी खेलते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कोकाटे के इस्तीफे की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस पर एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा कि पार्टी प्रमुख और उप-मुख्यमंत्री अजित पवार इस मामले को गंभीरता से लेंगे और खुद मंत्री से बात करेंगे। रविवार को एनसीपी (शपा) विधायक रोहित पवार ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कोकाटे का एक वीडियो शेयर किया, जिसके बाद राजनीतिक विवाद और बढ़ गया। इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए कोकाटे ने कहा कि वह विधान परिषद में अपने फोन पर पहले से डाउनलोड किया गया रमी गेम बंद करने की कोशिश कर रहे थे, ना कि उसे खेल रहे थे।

हडपसर विधानसभा सीट पर पुनर्गणना के आदेश
पुणे जिला निर्वाचन अधिकारी ने नवंबर 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हडपसर विधानसभा क्षेत्र के वोटों की पुनर्गणना कराने का आदेश दिया है। यह फैसला उस उम्मीदवार की शिकायत के बाद लिया गया है, जिसने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। चुनाव अधिकारी ने सोमवार को एक नोटिस में बताया कि वोटों की यह दोबारा गिनती 25 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भोसरी में होगी। हालांकि, इसमें ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
 

अजीत पवार ने राकांपा नेता से मांगा इस्तीफा
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने राकांपा कार्यकर्ताओं की ओर छावा संगठन के कार्यकर्ताओं की पिटाई की घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने पार्टी के युवा विंग प्रमुख सुरज चव्हाण से इस्तीफा देने को कहा। पवार ने इस घटना को निंदनीय बताया। उधर, मारपीट मामले में राकांपा के 11 कार्यकर्ताओं के खिलाफ लातूर में केस दर्ज किया गया है।

मुंबई में 19 सरकारी अफसरों को ठगने वाले पूर्व उपसचिव पर FIR
मुंबई पुलिस ने एक पूर्व उप सचिव पर आवास घोटाले में धोखाधड़ी करने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। उस पर आरोप है कि उसने महाराष्ट्र सरकार के 19 अधिकारियों और कर्मचारियों से 2.61 करोड़ रुपये की ठगी की। पवई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि सेवानिवृत उप सचिव राजेश शालिग्राम गोविल ने पवई के हीरानंदानी गार्डन स्थित ब्लू बेल बिल्डिंग में स्थित सरकारी आवासों को अपने नाम पर स्थानांतरित करने का झूठा वादा करके लोगों को ठगा था। उन्होंने बताया कि गृह विभाग के अवर सचिव उमेश चंदीवड़े की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।

पालघर में प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या
महाराष्ट्र के पालघर में एक महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी। उसके शव को घर के अंदर दफना दिया और टाइलों से ढक दिया। पुलिस ने बताया कि लगभग दो सप्ताह पुराना सड़ा हुआ शव सोमवार को कब्र से निकाला गया। घटना मीरा-भयंदर वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस के क्षेत्र में हुई। पुलिस ने महिला चमन देवी (28) और उसके प्रेमी मोनू शर्मा (20) की तलाश शुरू कर दी है। प्रेमी दंपती का पड़ोसी था। पुलिस ने मृतक की पहचान विजय चौहान (34) के रूप में की है, जो मुंबई के सुदूर उपनगर नालासोपारा के गंगनीपाड़ा इलाके में एक हाउसिंग सोसाइटी में रहता था।

बुजुर्ग महिला ने शेयर निवेश धोखाधड़ी में गंवाए 7.88 करोड़ 
मुंबई की 62 वर्षीय एक गृहिणी को शेयर बाजार में उच्च रिटर्न के लिए निवेश करने का लालच देकर साइबर जालसाजों ने कथित तौर पर 7.88 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पश्चिम क्षेत्र साइबर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि जालसाजों ने एक प्रतिष्ठित वित्तीय सेवा कंपनी के प्रतिनिधि के रूप में यहां बांद्रा क्षेत्र की निवासी महिला को ठगा। पीड़िता ने कहा कि उसे सबसे पहले एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। भेजने वाले ने खुद को महिला बताया और खुद को कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी की असिस्टेंट बताया और शेयर निवेश के बारे में बातचीत शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पीड़िता को कंपनी अधिकारी का संपर्क नंबर और एक वेबसाइट का लिंक दिया गया। इसके बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और एक अन्य व्यक्ति से मिलवाया गया, जिसने भी खुद को वित्तीय कंपनी से जुड़ा बताया। महिला के आग्रह पर पीड़ित ने कुछ समय में कई बैंक खातों में कुल 7,88,87,000 रुपये स्थानांतरित कर दिए।

जब उसने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो उससे 10 प्रतिशत अतिरिक्त जमा करने को कहा गया। कुछ संदिग्ध लगने पर, महिला ने पूछताछ करने का फैसला किया, जिससे धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
 

विधान भवन मारपीट मामले में आव्हाड, पडलकर के दो समर्थकों को जमानत
मुंबई की एक अदालत ने पिछले सप्ताह महाराष्ट्र विधानमंडल परिसर में हुई हाथापाई के मामले में राकांपा (सपा) विधायक जितेंद्र आव्हाड और भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के दो समर्थकों को जमानत दे दी। एस्प्लेनेड अदालत के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रभारी) केएस झंवर ने सोमवार को आव्हाड के समर्थक नितिन देशमुख और पडलकर के समर्थक सरजेराव ताकले को जमानत दे दी। देशमुख के वकील नवनाथ देवकाटे ने बताया कि दोनों आरोपियों को 25-25 हजार रुपये के जमानत बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया है। 17 जुलाई को विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान विधान भवन के भूतल पर आव्हाड और पडलकर के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। यह घटना 16 जुलाई को दोनों विधायकों के बीच हुई तीखी बहस के बाद हुई।


दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज कराने पर मुकदमा
पुलिस ने एक आईटी पेशेवर के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत करने पर मुकदमा दर्ज किया है। महिला ने झूठा दावा किया था कि पुणे में उसके अपार्टमेंट में एक व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने तीन जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक डिलीवरी एजेंट उसके फ्लैट में घुस आया। उसने कोई रसायन छिड़ककर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद दुष्कर्म किया। महिला ने दावा किया था कि उस व्यक्ति ने उनके फोन से एक सेल्फी ली और एक संदेश लिखकर धमकी दी कि अगर उन्होंने इस घटना के बारे में बताया तो वह उनकी तस्वीरें वायरल कर देंगे। पुलिस को जांच में पता चला कि डिलीवरी एजेंट उस महिला का मित्र था जो उसकी सहमति से फ्लैट पर आया था। पुलिस ने जबरन प्रवेश और स्प्रे के इस्तेमाल की बात को खारिज कर दिया था और कहा था कि दुष्कर्म की शिकायत झूठी और भ्रामक है। महिला के खिलाफ सोमवार को असंज्ञेय मामला दर्ज किया गया।

छात्र के साथ यौन दुर्व्यवहार बनाने वाली शिक्षिका को मिली जमानत
मुंबई की एक अदालत ने एक 40 वर्षीय महिला शिक्षिका को जमानत दे दी है। इस शिक्षिका पर आरोप था कि उन्होंने एक नाबालिग छात्र के साथ कई बार यौन दुर्व्यवहार किया। पीड़ित छात्र की उम्र 16 साल थी। विशेष पॉक्सो अदालत की जज सबिना मलिक ने जमानत की अनुमति दी। शिक्षिका पर पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत आरोप लगाए गए थे। शिक्षिका ने अपने वकीलों के माध्यम से दायर जमानत अर्जी में आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि यह मामला लड़के की मां के कहने पर गढ़ा गया था क्योंकि वह शिक्षिका के साथ लड़के के संबंधों के खिलाफ थीं।

पुलिस ने दावा किया था कि शिक्षिका ने दिसंबर 2023 में स्कूल के वार्षिक समारोह के संबंध में हुई कई बैठकों के दौरान अपने 16 वर्षीय छात्र के प्रति आकर्षण महसूस किया और जनवरी 2024 में पहली बार यौन संबंध बनाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, शिक्षिका नाबालिग को लक्सरी होटलों में ले जाकर उसका यौन शोषण करती थीं और अक्सर उसे शराब भी पिलाती थीं।

मराठवाड़ा के कई इलाकों में झमाझम बारिश, परभणी का कसापुर सबसे आगे
महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित मराठवाड़ा क्षेत्र में बीते 24 घंटे में कम से कम 30 राजस्व मंडलों में 65 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। यह जानकारी मंगलवार को एक सरकारी अधिकारी ने दी। अधिकारी के मुताबिक, परभणी जिले की पाथरी तहसील के कसापुर राजस्व मंडल में सोमवार को सबसे ज्यादा 215 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, जालना जिले के तलनी सर्कल में 147.75 मिमी बारिश हुई।

जिला प्रशासन द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, परभणी के 9, जालना और बीड के 6-6, हिंगोली के 4 और धाराशिव व नांदेड़ के 2-2 राजस्व मंडलों में 65 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अब तक मराठवाड़ा क्षेत्र में औसतन 196.3 मिमी बारिश हुई है, जो जून से अपेक्षित 266.1 मिमी बारिश का 73.8 प्रतिशत है। यह बारिश किसानों के लिए राहत की खबर मानी जा रही है, क्योंकि क्षेत्र लंबे समय से सूखे की स्थिति से जूझ रहा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed