फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra update mumbai thane Nagpur pune crime politics education event and other news in hindi

Maharashtra: मुंबई-अहमदाबाद उड़ान और हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी; ठाणे में होटल व्यवसायी पर हमला

Thu, 17 Jul 2025 11:44 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 17 Jul 2025 11:44 PM IST
विज्ञापन
maharashtra update mumbai thane Nagpur pune crime politics education event and other news in hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला

नवी मुंबई पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद उड़ान में बम होने और महानगर में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई के संयुक्त पुलिस आयुक्त के कार्यालय में बुधवार को दोपहर दो बजे से ढाई बजे के बीच एक कॉल आई। फोन करने वालों ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद उड़ान में बम रखा गया है। जबकि एक दूसरी कॉल में कहा गया कि मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को शाम 6:30 बजे उड़ा दिया जाएगा। जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिन मोबाइल फोन नंबरों से कॉल की गई थी, उनकी पहचान कर ली गई है और इन सुरागों के आधार पर आगे की जांच जारी है।

विज्ञापन


ठाणे में होटल व्यवसायी पर हमला 
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में मुंबई के एक होटल व्यवसायी और कुछ अन्य लोगों पर एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार को वागले एस्टेट इलाके में स्थित एक कार्यालय में तब हुई जब होटल व्यवसायी संपत्ति से संबंधित व्यावसायिक मामलों पर चर्चा करने के लिए वहां पहुंचा था। 
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, उसी समय लगभग 20 लोग परिसर में घुस आए और कथित तौर पर होटल व्यवसायी और वहां मौजूद अन्य लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकारी ने बताया कि होटल व्यवसायी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें गैरकानूनी रूप से एकत्रित होना, दंगा करना, जानबूझकर चोट पहुँचाना, अतिक्रमण और आपराधिक धमकी शामिल है।

विधानमंडल परिसर के बाहर शरद गुट-BJP विधायक के बीच तीखी बहस
महाराष्ट्र विधानमंडल परिसर के बाहर बुधवार को राकांपा (शपा) विधायक जितेंद्र आव्हाड और भाजपा विधायक गोपीचंद पडलकर के बीच तीखी बहस हुई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दोनों विधायकों को भवन के प्रवेश द्वार पर तीखी बहस करते देखा गया। आव्हाड ने दावा किया कि पडलकर ने कार से उतरते ही जोर से उसका दरवाजा बंद कर दिया और वह उन्हें लग गया। राकांपा नेता ने आरोप लगाया कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया था। विधायक पडलकर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है। 

नक्सल प्रभावित मरकनार में आजादी के बाद पहली बार पहुंची सरकारी बस
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एक दूरस्थ गांव मरकनार में पहली बार सरकारी बस सेवा शुरू की गई है। ये गांव कभी नक्सलियों का गढ़ था, लेकिन अब आजादी के बाद पहली बार सरकारी बस सेवा शुरू होने से यहां के निवासियों के लिए एक नए युग की शुरुआत हुई है। बुधवार को जब पहली बस मरकनार गांव में पहुंची तो स्थानीय लोगों ने उसका स्वागत किया और राष्ट्रीय ध्वज लहराकर खुशी मनाई।।

गढ़चिरौली पुलिस की कोशिशों से शुरू की गई इस बस सेवा से लगभग 1,200 निवासियों को लाभ होगा। ये बस सुदूर मरकानार गांव से अहेरी तक चलेगी। जिससे आसपास के गांवों जैसे मुरुंभुशी, फुलनार, कोपरशी, पोयारकोठी और गुंडुरवाही के निवासियों को भी लाभ होगा।

महाराष्ट्र के विधायकों ने कृत्रिम फूलों पर रोक लगाने की मांग की
राकांपा (शपा) विधायक रोहित पाटिल ने बुधवार को महाराष्ट्र सरकार को 105 विधायकों द्वारा हस्ताक्षरित एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कृत्रिम फूलों पर प्रतिबंध लगाने और फूल उत्पादक किसानों को उचित मूल्य दिलाने की मांग की गई है। इस संबंध में पाटिल ने विधानमंडल परिसर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। पहली बार विधायक बने पाटिल ने कहा कि उन्होंने फडणवीस से इन मांगों पर तत्काल एक बैठक आयोजित करने का आग्रह किया।

मुंबई में एप आधारित टैक्सी ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
मुंबई में बुधवार को एप आधारित टैक्सी ड्राइवर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकाली हड़ताल पर चले गए। जिसके चलते महानगर क्षेत्र में ओला, उबर और रैपिडो जैसी एप-आधारित टैक्सियों का संचालन प्रभावित रहा। महाराष्ट्र गिग वर्क्स मंच की अध्यक्ष किरण क्षीरसागर ने दावा किया कि लगभग 90 फीसदी एप-आधारित टैक्सी सड़कों से नदारद रहीं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को उनके संगठन के कुछ लोगों ने महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक से मुलाकात की थी, लेकिन जब उन्हें कोई पक्का वादा नहीं मिला, तो उन्होंने हड़ताल तेज करने का फैसला लिया।

बैंकॉक से विदेशी जानवर लाने के आरोप में दो लोग पुणे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
बैंकॉक से विदेशी जानवरों की भारत में तस्करी करने के आरोप में को दो लोगों को पुणे एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीमा शुल्क विभाग को पहले से इस बारे में खास जानकारी मिली थी। इसके बाद सोमवार को जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पुणे पहुंची, तो जहीर अब्बास अयनल मंडल और भावेश रमेशभाई सोलंकी नामक दो यात्रियों को रोका गया। एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि जांच करने पर उनके सामान से कुल 20 विदेशी जानवर मिले। इनमें 14 हरे रंग के पेड़ों पर रहने वाले अजगर (13 जिंदा और 1 मरा हुआ), 4 दो आंखों वाले अंजीर तोते और 2 सुमात्रा नस्ल के धारीदार खरगोश शामिल थे।

महिला ने एसपी के दफ्तर में पीया जहर, आईसीयू में भर्ती
महाराष्ट्र में ज्ञानेश्वरी मुंडे ने पति के हत्यारों की गिरफ्तारी में हो रही देरी के विरोध में एसपी कार्यालय के भीतर जहर पी लिया। पुलिसकर्मियों ने महिला को तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आईसीयू में उसका इलाज हो रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।  19 अक्तूबर, 2023 को उसके पति की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी।

लोकमान्य तिलक के परपोते दीपक तिलक का निधन
स्वतंत्रता सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के परपोते और मराठी दैनिक केसरी के न्यासी संपादक डॉ दीपक जयंतराव तिलक (78) का निधन हो गया है। वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्होंने पुणे स्थित अपने आवास में बुधवार तड़के आखिरी सांस ली। डॉ दीपक के परिवार में उनके पुत्र कांग्रेस नेता रोहित तिलक, उनकी बेटी और पोते-पोतियां हैं। वे तिलक महाराष्ट्र विद्यापीठ के कुलपति और तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष भी थे। डॉ. दीपक ने शिक्षा, पत्रकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।

चलती बस में बच्चे को दिया जन्म, पति ने बाहर फेंका, मौत
महाराष्ट्र के परभणी में एक युवती ने चलती बस के स्लीपर कोच में एक बच्चे को जन्म दिया और उसके पति ने उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया, जिससे नवजात की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह लगभग 6.30 बजे पथरी-सेलू रोड में हुई। पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में दंपती ने बताया कि वे बच्चे का पालन- पोषण करने में असमर्थ थे इसलिए उन्होंने उसे फेंक दिया था। एक अधिकारी ने बताया कि ऋतिका ढेरे (19) नामक महिला पुणे से परभणी जाने के लिए अल्ताफ शेख नामक युवक के साथ बस में सफर कर रही थी। शेख ने खुद को महिला का पति बताया लेकिन यह साबित करने के लिए उसके पास कोई दस्तावेज नहीं थे। 

भाजपा विधायक ने भगवान राम-कृष्ण और शिव से की CM फडणवीस की तुलना 
भाजपा विधायक परिणय फुके ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का चरित्र भगवान राम और बुद्धि भगवान कृष्ण जैसी है। विधान परिषद में बोलते हुए, फुके ने कहा कि सीएम फडणवीस ने महाराष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है और इसे नंबर एक राज्य बनाया है। फुके ने कहा, 'हम उनके भजन गाते हैं, क्योंकि वह हमारे लिए भगवान जैसे हैं। मुझे नहीं पता कि देवेंद्र फडणवीस भगवान हैं या नहीं, लेकिन वह एक ईश्वरीय व्यक्ति हैं।' विधायक फुके ने आगे कहा कि सीएम फडणवीस का चरित्र भगावन श्री राम जैसा, बुद्धि कृष्ण जैसी, सहनशीलता महादेव जैसी और सूर्य जैसा तेज और चंद्रमा जैसी शांति है। 

छात्रा को अश्लील तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करने और पैसे मांगने के आरोप में युवक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवक को एक कॉलेज छात्रा की अश्लील तस्वीरें प्रसारित करने की धमकी देने और उससे जबरन वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। डीएन नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने कहा कि 21 वर्षीय पीड़िता के प्रेमी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें लीं और उन्हें अपने दोस्त को दे दिया। इसके बाद दोनों ने ब्लैकमेल और जबरन वसूली की। शिकायतकर्ता हरियाणा के गुरुग्राम की रहने वाली है। उसके प्रेमी और उसके दोस्त ने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने तस्वीरें सार्वजनिक न करने के लिए पैसे नहीं दिए, तो वे उसे जान से मार देंगे। हमने भारतीय न्याय संहिता के तहत यौन उत्पीड़न, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया और बुधवार को उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका साथी फरार है। 
 

नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले से पहले शिरडी हवाई अड्डे का काम पूरा करें: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को अधिकारियों को शिरडी हवाई अड्डे के नवीनीकरण और विस्तार कार्यों में तेजी लाने और आगामी नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले से पहले सभी काम पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों के आवागमन को संभालने में शिरडी हवाई अड्डे के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सुविधाएं जैसे कि नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन, एकीकृत कार्गो टर्मिनल और यात्री टर्मिनल कुंभ मेला शुरू होने से पहले पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि काम धीमी गति से चल रहा है। यदि आवश्यक हो तो अतिरिक्त मानवशक्ति तैनात की जानी चाहिए, और संरचनात्मक डिजाइन अनुमोदन और खरीद प्रक्रिया को एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप दिया जाना चाहिए।

नागपुर विधान भवन का होगा विस्तार
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने बुधवार को कहा कि नागपुर विधान भवन के विस्तार और नए प्रशासनिक परिसर का खाका तैयार है और ये भव्य और शानदार होने चाहिए। वास्तुकार हफीज कॉन्ट्रैक्टर ने नार्वेकर और अन्य लोगों के समक्ष नए भवनों का खाका प्रस्तुत किया। नागपुर में विधान भवन के वर्तमान परिसर में एक नया सात मंजिला परिसर बनाया जाएगा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि विस्तार के दौरान मौजूदा भवन की ऐतिहासिक स्थापत्य शैली को संरक्षित रखने का ध्यान रखा जाएगा। नए भवन में एक केंद्रीय कक्ष, विधानसभा कक्ष, विधान परिषद कक्ष, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, विधान परिषद सभापति और विपक्ष के नेताओं के कार्यालय एक ही छत के नीचे होंगे। कैबिनेट सदस्यों के लिए पास में ही एक अलग छह मंजिला इमारत का निर्माण किया जाएगा। इस परिसर में पार्किंग, कैफेटेरिया, आगंतुक लाउंज और सुरक्षा इकाइयाँ जैसी सुविधाएँ भी शामिल होंगी।

मेरी जासूसी की जा रही: वक्फ अधिनियम को चुनौती देने वाले का दावा
उच्चतम न्यायालय में नये वक्फ अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं में शामिल मुंबई के युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि अज्ञात लोग उसकी जासूसी कर रहे हैं और उसे जान का खतरा है। याचिकाकर्ता जमील मर्चेंट ने बुधवार को उपनगरीय मुंबई के मालवणी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और अपने तथा अपने परिवार के सदस्यों के लिए सुरक्षा की मांग की। मर्चेंट ने सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्ति उन पर, उनके आवास और कार्यालय पर नजर रख रहे हैं। अज्ञात लोगों की गतिविधियां रात के समय बढ़ जाती हैं। वे उसके आने-जाने पर कड़ी नज़र रखते हैं। ये लोग कभी-कभी उसके भवन परिसर की भी निगरानी करते हैं। पुलिस ने कहा कि हमें शिकायत मिली है और हम तथ्यों की जांच कर रहे हैं।

यूएपीए पर नहीं उठा सकते सवाल, यह मौजूदा स्वरूप में पूरी तरह सांविधानिक: बॉम्बे हाईकोर्ट
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा कि गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की वैधता पर कोई सवाल नहीं खड़ा किया जा सकता। अपने मौजूदा स्वरूप में यह कानून पूरी तरह सांविधानिक है। हाईकोर्ट ने यह कहते हुए यूएपीए और राजद्रोह से संबंधित भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की अब निलंबित हो चुकी धारा 124ए को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया। जस्टिस एएस गडकरी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ अनिल बाबूराव बेले नामक एक व्यक्ति की तरफ से 2021 में दायर उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एल्गार परिषद मामले के संबंध में 2020 में नोटिस जारी किया था। केंद्र सरकार और एनआईए ने किया विरोध: केंद्र सरकार और एनआईए की तरफ से बेले की याचिका का विरोध करते हुए यह भी बताया गया कि यूएपीए की वैधता पर आपत्ति जताने वाली कई याचिकाएं हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। शीर्ष कोर्ट में आईपीसी की धारा 124ए के तहत राजद्रोह कानून की सांविधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका लंबित होने का भी हवाला दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed