फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra News Updates: Nagpur Key double murder case accused booked for duping youths in the name of jobs

Maharashtra Updates: खुद को नासा वैज्ञानिक बता 111 बेरोजगारों को ठगा, दोहरे हत्याकांड के आरोपी पर मामला दर्ज

Sat, 05 Aug 2023 07:22 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: निर्मल कांत Updated Sat, 05 Aug 2023 07:22 PM IST
सार

Maharashtra Updates: एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ओमकार तलमाले ने कई बेरोजगार युवाओं से कम से कम 5.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और गबन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
Maharashtra News Updates: Nagpur Key double murder case accused booked for duping youths in the name of jobs
आरोपी - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

महाराष्ट्र के नागपुर शहर में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने खुद के नासा का वैज्ञानिक होने का झूठा दावा किया और यहां क्षेत्रीय सुदूर संवेदन केंद्र में नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को ठगा। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

विज्ञापन

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ओमकार तलमाले ने कई बेरोजगार युवाओं से कम से कम 5.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और गबन के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। 25 वर्षीय तलमाले शहर के दो व्यापारियों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी है। उसे पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

अधिकारी ने बताया कि तलमाले ने खुद को नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) में जूनियत वैज्ञानिक होने का झूठा दावा किया। उसने प्राथमिकी दर्ज कराने वाले शिकायतकर्ताओं में से एक को पैसे के बदले नागपुर के वाडी स्थिति क्षेत्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (रीजनल रिमोट सेंसिंग सेंटर) में नियुक्ति देने का वादा किया।  उसने दो साल में कम से कम 111 बेरोजगार युवाओं से 5.31 करोड़ रुपये ठगने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल किया।
 

विज्ञापन

उन्होंने बताया कि उसने अपने एक परिचित शिकायतकर्ता को फर्जी नियुक्ति पत्र और ईमेल भेजे थे। तलमाले नागपुर में एमआईडीसी क्षेत्र में लकड़ी की मूर्ति निर्माण इकाई चलाता था। उसे और पांच अन्य को 25 जुलाई की रात को एक फार्महाउस में व्यापारी निराला कुमार (43) और अंबरीश गोले (40) की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के बाद गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने प्राथमिकी के हवाले से कहा था कि बाद में उन्होंने (आरोपियों) सबूत मिटाने के लिए शवों को जला दिया। राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के प्राथमिक केंद्रों में से एक है।

एएनसी अपराध शाखा मुंबई ने कफ सिरप गिरोह का किया भंडाफोड़ 
एएनसी अपराध शाखा मुंबई ने दवा कंपनियों के चिकित्सा प्रतिनिधियों द्वारा संचालित सीबीसीएस (कोडीन-आधारित कफ सिरप) गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस मामले में दो एमआर समेत कुल पांच ड्रग पैडलर गिरफ्तार किए गए हैं।  प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों एमआर ने सीबीसीएस बोतलें खरीदने के लिए डॉक्टर की फर्जी रसीदों और स्टांप का इस्तेमाल किया। जांच के दौरान जाली रबर स्टांप और जाली खरीद रसीद मिली हैं। इस ऑपरेशन में जब्त किए गए मादक पदार्थ का मूल्य 28 लाख से ज्यादा है। 



 

पुणे कोर्ट ने चार आतंकी आरोपियों की एटीएस हिरासत बढ़ा दी
पुणे कोर्ट ने शनिवार को कथित तौर पर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) से जुड़े चार लोगों की महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) की हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी। 18 जुलाई को, शहर की कोथरुड पुलिस ने राजस्थान में आतंक से जुड़े एक मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा वांछित मोहम्मद इमरान और मोहम्मद यूनुस को गिरफ्तार किया।

इसके बाद एटीएस ने सिमाब नसरुद्दीन काजी को गिरफ्तार कर लिया। एनआईए द्वारा ठाणे में गिरफ्तार किए गए जुल्फिकार अली बड़ौदावाला को भी इसी मामले में पुणे एटीएस ने हिरासत में लिया था। एटीएस ने शनिवार को चारों लोगों को कोर्ट में पेश किया। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि वे आईएसआईएस से जुड़े हुए थे और उनके पास से प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए थे। 

एटीएस ने कहा कि वे ईमेल और फोन के जरिए एक संदिग्ध हैंडलर के संपर्क में थे और संभावना है कि नेटवर्क में और भी लोग शामिल थे। एजेंसी ने उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि आरोपियों ने विस्फोटकों में इस्तेमाल होने वाले विद्युत उपकरणों का परीक्षण किया और ज्यादा योग्य नहीं होने के बावजूद उनके पास इन चीजों का तकनीकी ज्ञान था।

औरंगाबाद: पैसे लेकर वन रक्षकों को नौकरी दिलाने का वादा करने के आरोप में चार गिरफ्तार 
औरंगाबाद शहर में पुलिस ने नौकरी के इच्छुक लोगों से वन रक्षक के रूप में नौकरी दिलाने का वादा कर कथित तौर पर पैसे लेने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार को चारों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान अमोल निच्छद, अन्नाजी काकड़े, अनिल कांबले और संदीप भूटेकर के रूप में हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि आरोपियों ने नौकरी पाने के इच्छुक प्रत्येक व्यक्ति से 10 लाख रुपये की मांग की थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह अभ्यर्थियों के दस्तावेज जब्त किए हैं। अधिकारी ने बताया कि चारों के पास से तीन खाली चेक और 20 लाख रुपये मूल्य के चार चेक जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि उनके पास से सात लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की गई है।

मुंबई: अधिकारी पर स्याही फेंकने के आरोप में कांग्रेस के पांच कार्यकर्ता गिरफ्तार 
देवनार में बीएमसी के एक इंजीनियर पर उसके कार्यालय में स्याही फेंकने के आरोप में कांग्रेस के पांच कार्यकर्ताओं को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। देवनार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कांग्रेस ने दिन में एम ईस्ट वार्ड समेत बीएमसी के सभी वार्डों में विरोध मार्च निकाला। अधिकारी ने कहा, 'बीएमसी इंजीनियर अनिल जाधव से उनके केबिन में बात करते समय प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में से एक ने नगर निकाय अधिकारी पर स्याही फेंकी और उसे धमकी दी। सैयद और उसके साथ आए लोगों को बीएमसी के सुरक्षाकर्मियों ने वहां पकड़ लिया।'

अधिकारी ने बताया कि जाधव की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 353 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल प्रयोग), 120-बी (आपराधिक साजिश) और 506-2 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांचों लोगों को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

नियमों का उल्लंघन कर होटल बनाने के मामले में रवींद्र वायकर से 6 घंटे तक पूछताछ
अपने रसूख का इस्तेमाल कर पांच सितारा होटल बनाने की अनुमति लेने और महानगर नागरिक निकाय को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शनिवार को शिवसेना (यूबीटी) विधायक रवींद्र वायकर से करीब छह घंटे तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने कहा, जोगेश्वरी पूर्व से विधायक वायकर सुबह करीब 11 बजे मुंबई पुलिस आयुक्तालय स्थित ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचे और शाम 5 बजे वहां से रवाना हुए। इस दौरान उनसे पूछताछ की गई और उनका बयान दर्ज किया गया। उनके बयान का विस्तृत विश्लेषण तय करेगा कि उन्हें पूछताछ के लिए दोबारा बुलाने की जरूरत है या नहीं।

इस बारे में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी कि वायकर ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर एक बगीचे के लिए आरक्षित भूखंड पर एक पांच सितारा होटल के निर्माण के लिए अवैध रूप से मंजूरी प्राप्त की, जिससे बृहन्मुंबई नगर निगम को नुकसान हुआ है। सोमैया ने अपनी शिकायत में 500 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है।

मुंबई पुलिस को फोन पर मिली हवाई, अड्डों को बम से उड़ाने की धमकी
मुंबई पुलिस को एक अज्ञात कॉलर से फोन कर मुंबई, दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय एवं घरेलू हवाई अड्डों पर बम विस्फोट करने का दावा किया। हालांकि, बम की धमकी बाद में फर्जी निकली। 

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि अन्य एक राज्य के पुलिस अधिकारी ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक अज्ञात कॉलर की ओर से बम विस्फोट की धमकी मिलने की सूचना दी। अन्य राज्य के पुलिस अधिकारी ने मुंबई कंट्रोल पुलिस को फोन कर बताया कि उसे शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे एक कॉल आई थी, जिसमें दावा किया गया था कि मुंबई और दिल्ली में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर बम विस्फोट की घटना होने वाली है। 

इस कॉल के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने पूरे हवाई अड्डे की जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है। उसके खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ठाणे: आरोपी की बहन के साथ रहने वाले व्यक्ति की हत्या के आरोप में तीन गिरफ्तार
जिले के कल्याण में दो आरोपियों की बहन की लिव-इन-पार्टनर की कथित तौर पर हत्या करने और उसके शव को उल्हास नदी में फेंकने के आरोप में शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। खड़कपाड़ा पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि शेबाज शेख (28 वर्षीय) का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, 'शेख पिछले चार साल से तलाकशुदा मुमताज के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वह शुक्रवार को लापता हो गया और जांच में मुमताज के भाइयों शोएब शेख और इरशाद शेख के साथ-साथ हेमंत बिछवाडे के रूप में पहचाने जाने वाले एक और व्यक्ति की पहचान की गई।' अधिकारी ने बताया कि उन्होंने कथित तौर पर हथौड़े से पीट-पीटकर शहबाज की हत्या कर दी क्योंकि वह मुमताज के साथ अक्सर झगड़ा करता था।

ठाणे: राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि मामले की सुनवाई स्थगित 
ठाणे जिले के भिवंडी की एक मजिस्ट्रेट अदालत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आरएसएस के एक कार्यकर्ता द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले की सुनवाई शनिवार को स्थगित कर दी। गांधी के वकील नारायण अय्यर ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) एलसी वाडीकर ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 16 सितंबर की तारीख तय की है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने 2014 में भिवंडी के पास एक चुनावी रैली में कांग्रेस नेता के कथित बयान को लेकर मामला दर्ज कराया था कि 'आरएसएस के लोगों ने (महात्मा) गांधी की हत्या की थी।' कुंटे ने कहा कि इस तरह उन्होंने झूठा दावा कर के आरएसएस को बदनाम किया। कुंटे से बचाव पक्ष को शनिवार को जिरह करनी थी लेकिन राहुल गांधी के वकील ने सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया। 

उन्होंने दलील दी कि कांग्रेस नेता ने कुंटे द्वारा पेश कुछ दस्तावेजों को स्वीकार करने के मजिस्ट्रेट के फैसले को चुनौती देते हुए बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और जब तक उच्च न्यायालय मामले पर फैसला नहीं कर लेता तब तक मजिस्ट्रेट को सुनवाई आगे नहीं बढ़ानी चाहिए। वकील अय्यर ने बताया कि मजिस्ट्रेट ने याचिका स्वीकार कर ली और सुनवाई स्थगित कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed