फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   maharashtra news updates 27 november Juvenile sets teen girl ablaze after fight in Thane detained

Maharashtra: पालघर हत्या मामले में देरी पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, नाबालिग ने 17 साल की लड़की को जिंदा जलाया

Mon, 27 Oct 2025 09:56 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: नितिन गौतम Updated Mon, 27 Oct 2025 09:56 PM IST
विज्ञापन
maharashtra news updates 27 november Juvenile sets teen girl ablaze after fight in Thane detained
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने महाराष्ट्र सरकार से पूछा है कि पालघर साधुओं की लिंचिंग केस को सीबीआई को सौंपने में तीन साल क्यों लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस मामले का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की, जैसे सुशांत सिंह राजपूत केस में किया गया था। सावंत ने कहा कि जांच रिपोर्ट में साफ था कि साधुओं पर हमला अफवाहों के कारण हुआ और कई आरोपी भाजपा से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि अक्तूबर 2022 में सीबीआई जांच की घोषणा के बाद भी औपचारिक आदेश फरवरी 2024 में जारी हुआ और केस अगस्त 2025 में ट्रांसफर किया गया। सावंत ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने नए मुख्यालय की जमीन पर भी अनियमितता कर रही है। यह बीएमसी की संपत्ति थी और करोड़ों की जमीन मात्र 8.91 करोड़ रूपये में ली गई। उन्होंने सरकार और बीएमसी से इस सौदे पर जवाब मांगा।
विज्ञापन


नाबालिग ने 17 साल की लड़की को जिंदा जलाया
महाराष्ट्र के ठाणे में एक नाबालिग ने 17 साल की लड़की को जिंदा जला दिया। घटना में पीड़िता 80 फीसदी तक जल गई है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग ने पीड़िता के घर में घुसकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। पड़ोसियों ने घर से धुआं उठते देखकर पीड़िता के पिता को सूचना दी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना ठाणे के बालकुम इलाके की है। जांच में पता चला है कि आरोपी की उम्र भी 17 साल है और पीड़िता का दोस्त है। दोनों के बीच पूर्व में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। माना जा रहा है कि उसी नाराजगी में आरोपी ने ये खौफनाक कदम उठाया। घटना के समय पीड़िता के परिजन बाहर गए हुए थे। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड होम भेज दिया गया। ठाणे की कपूरबावड़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या की कोशिश) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज की है।
विज्ञापन


'पार्टी की परंपरा को ठेस पहुंची', लावणी डांस पर बोलीं सुप्रिया सुले
नागपुर के एनसीपी (अजीत पवार गुट) कार्यालय में हुए ‘लावणी’ नृत्य कार्यक्रम पर राजनीतिक विवाद छिड़ गया है। एनसीपी (एसपी) की कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले ने इसे दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह वही पार्टी है जिसे शरद पवार ने मेहनत और जनसेवा से खड़ा किया था। क्या पार्टी उनसे इसलिए छीनी गई थी कि इस तरह का प्रदर्शन हो? सुले ने कहा कि आज जब किसान परेशान हैं, तब ऐसे कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल की संस्कृति नहीं हो सकते। वहीं, नागपुर एनसीपी अध्यक्ष अनिल आहिरकर ने सफाई देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम दीवाली मिलन समारोह का हिस्सा था, न कि सार्वजनिक आयोजन। उन्होंने बताया कि इसमें पार्टी कार्यकर्ता और कलाकार परिवार की तरह शामिल हुए थे और लावणी प्रस्तुत करने वाली कलाकार पार्टी पदाधिकारी हैं। आहिरकर ने कहा कि मीडिया ने कार्यक्रम को गलत रूप में दिखाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुंबई में अमित शाह ने किया महाराष्ट्र भाजपा मुख्यालय का शिलान्यास
मुंबई में सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी के नए महाराष्ट्र मुख्यालय का शिलान्यास किया। यह भवन दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्टेशन के पास बनेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी समारोह में मौजूद रहे। विपक्ष ने इस भूमि आवंटन पर सवाल उठाए हैं। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने अमित शाह को पत्र लिखकर कहा है कि यह जमीन आवासीय प्रयोजन के लिए आरक्षित थी और भाजपा को इस पर निर्माण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी।
 

किसानों के कर्ज माफी की मांग पर पूर्व विधायक ने शुरू की ट्रैक्टर यात्रा
अमरावती में प्रहार जनशक्ति पार्टी प्रमुख और पूर्व विधायक बच्चू कादू ने सोमवार को किसानों की सम्पूर्ण कर्ज माफी की मांग को लेकर ट्रैक्टर यात्रा शुरू की। यात्रा चांदुरबाजार से शुरू होकर रात में वर्धा में रुकेगी और मंगलवार को नागपुर पहुंचेगी। कादू ने बताया कि उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री और 38 विभागों के सचिवों से मुलाकात का निमंत्रण मिला है, लेकिन वे अपने समर्थकों से चर्चा के बाद ही फैसला करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि केवल आश्वासन पर आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा, जब तक किसानों को सम्पूर्ण कर्जमाफी का ठोस फैसला नहीं होता।
 

‘घबराएं नहीं, जांच जारी’, पालघर में ड्रोन दिखने की अफवाह पर पुलिस की अपील
महाराष्ट्र के पालघर जिले में कुछ इलाकों में ड्रोन जैसी वस्तुएं देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। पालघर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात मुरबे, सटपाटी, नंदगांव और खरेकुरन समेत कई इलाकों में लोगों ने ड्रोन उड़ते देखे जाने की सूचना दी थी। इन खबरों से स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि इस घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संबंधित सरकारी विभागों से संपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो लोग तुरंत पुलिस को सूचित करें।

सतारा डॉक्टर दुष्कर्म-आत्महत्या केस- एनसीपी विधायक ने जांच समिति बनाने की मांग की
एनसीपी विधायक धनंजय मुंडे ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध आत्महत्या की जांच के लिए एक महिला आईपीएस अधिकारी की अगुवाई में समिति बनाने की मांग की है। मुंडे रविवार को डॉक्टर के बीड जिले स्थित घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सतारा पुलिस को जांच से दूर रखा जाए, क्योंकि डॉक्टर को पुलिस और मेडिकल अधिकारियों ने परेशान किया था।

डॉक्टर का शव 23 अक्तूबर को फलटण के एक होटल में फांसी पर लटका मिला था। उनकी हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में डॉक्टर ने पुलिस सब-इंस्पेक्टर गोपाल बडाने पर बार-बार दुष्कर्म का और सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बंकर पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंडे ने सवाल उठाया कि अगर डॉक्टर पीजी पढ़ने की तैयारी कर रही थी, तो वह आत्महत्या क्यों करेगी? उन्होंने पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया पर भी संदेह जताते हुए कहा कि डॉक्टर के परिवार के पहुंचने से पहले पुलिस ने शव को जांच के लिए भेज दिया, जिसकी जांच होनी चाहिए। मुंडे ने यह भी कहा कि डॉक्टर को उसकी जाति और बीड जिले से होने के कारण प्रताड़ित किया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक डॉक्टर को न्याय नहीं मिलेगा, वे चुप नहीं बैठेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed