Maharashtra: सोना और हीरे की चोरी के मामले में पांच गिरफ्तार; ट्रेनों में डकैती के आरोप में चार पकड़े गए
अधिकारी ने बताया कि आईटी कंपनी के सीईओ शरद सांघी के घर में हुई चोरी के मामले गिरफ्तार किए गए लोगों में एक घरेलू सहायिका और उसका पति भी शामिल था। सांघी की कंपनी कारमाइकल रोड पर स्थित है, जो गामदेवी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण मुंबई की एक प्रमुख आईटी कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के घर से 1.74 करोड़ रुपये की कीमत के सोने और हीरे के आभूषण चुराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आईटी कंपनी के सीईओ शरद सांघी के घर में हुई चोरी के मामले गिरफ्तार किए गए लोगों में एक घरेलू सहायिका और उसका पति भी शामिल था। सांघी की कंपनी कारमाइकल रोड पर स्थित है, जो गामदेवी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आती है। उन्होंने कहा, 'चोरी का पता 14 अप्रैल को तब चला जब आईटी फर्म के सीईओ और उनकी पत्नी ने अपने घर पर काम करने वालों से गायब गहनों के बारे में पूछा। जांच में पाया गया कि गहने फरवरी में उनके घरेलू सहायिक द्वारा चुराए गए थे, जो उसने अपने पति को दे दिए थे।
अधिकारी ने बताया कि घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पति को उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है जिनको गहने सौंप दिए गए थे। अधिकारी ने बताया कि चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
ट्रेनों में चोरी-डकैती के आरोप में चार गिरफ्तार
वहीं, ठाणे जिले में पुलिस ने एक्सप्रेस ट्रेन यात्रियों से आभूषण और अन्य सामग्री चुराने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से नौ लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान जब्त किया है। राजकीय रेलवे पुलिस (कल्याण इकाई) की अपराध शाखा ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अपराध शाखा के वरिष्ठ निरीक्षक अरसुद्दीन शेख ने बताया, "अहमदाबाद-वसई-पुणे मार्ग पर एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रा के दौरान बदमाशों द्वारा यात्रियों को लूटने या उनका सामान चुराने की कई घटनाएं हुई हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।" उन्होंने सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज की जांच की, जिसमें उन्होंने चार व्यक्तियों को रेलवे प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध तरीके से घूमते हुए पाया। उन्होंने कहा कि तकनीकी और खुफिया जानकारी से पुलिस एक आरोपी तक पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले पिछले हफ्ते पुणे से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों का नाम लिया। शेख ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा, ''पुलिस ने इसके बाद पांच मोबाइल फोन, सोने और चांदी के आभूषणों सहित कुल 9,41,998 रुपये मूल्य के कीमती सामान जब्त किए। आरोपी कर्जत, कल्याण और डोम्बिवली पुलिस थाना क्षेत्र में आठ अपराधों में शामिल थे।