महाराष्ट्र चुनाव को लेकर पीएम मोदी की ताबड़तोड़ रैलियां, 370 पर जनता का किया अभिवादन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ रैलियों में जुटे हैं। आज उन्होंने यहां कई शहरों में रैली की और विपक्ष पर हमला बोला। बीड, सतारा के बाद उन्होंने पुणे में चुनावी रैली को संबोधित किया।
सतारा में चुनावी रैली
सतारा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुच्छेद 370, राफेल जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर विपक्ष अफवाह फैलाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि जब ये राफेल जैसे आधुनिक जहाज को लेकर दुष्प्रचार करते हैं तो मुझे विश्वास है इस राष्ट्रभक्ति की धरती को पीड़ा होती है। जब ये आर्टिकल-370 को लेकर अफवाहें फैलाते हैं, तब पूरा सातारा निराश होता है। जब वीर सावरकर जैसे राष्ट्रनायकों को ये बदनाम करने का प्रयास करते हैं, तब सातारा का पारा सातवें आसमान पर चढ़ जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और एनसीपी के दलों के भीतर भी दंगल है और दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच दंगल चल रहा है। वो एक-दूसरों को हैसियत दिखाने के लिए बिसात बिछा रहे हैं। जहां कार्यकर्ताओं में, गठबंधन में ही बंटवारा है वो महाराष्ट्र को एकजुट भला कैसे कर सकते हैं।
कांग्रेस-एनसीपी की राजनीति का आधार- बांटो और मलाई खाओ
पीएम मोदी ने कहा कि इनकी राजनीति का एक ही आधार है- बांटो और मलाई खाओ। ये संस्कार छत्रपति शिवाजी के बिलकुल नहीं हैं। उन्होंने तो समभाव और सद्भाव से राष्ट्र सेवा का मार्ग दिखाया है।
'हमने किसानों का दर्द समझा है'
पीएम मोदी ने कहा कि हमने हमेशा से किसानों का दर्द समझा है। 90 के दशक में जब महाराष्ट्र में महायुति की सरकार थी तब यहां पानी की परेशानी को देखते हुए कुछ डैम स्वीकृत हुए थे। लेकिन महायुति की सरकार गई तो डैम की ये फाइलें भी बंद हो गई। आपने जब केंद्र में नरेन्द्र और महाराष्ट्र में देवेन्द्र को अवसर दिया, तो पुरानी फाइलें खुल गई, अब सिंचाई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की मुश्किलों को हल करने के लिए बीते पांच सालों में हर संभव कोशिश की गई है। गन्ने के लाभकारी मूल्य को लागत का डेढ़ गुणा से अधिक तय किया गया है। जब भी कोई समस्या हुई है, हमने यह कोशिश की है कि किसानों को उनका बकाया समय पर मिले।
बीड की जनसभा में कांग्रेस और एनसीपी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के बीड में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और एनसीपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतिहास में जब भी 370 की चर्चा होगी तो देशहित में किए निर्णय को विरोध करने वालों का, उनके बयानों का जिक्र जरूर होगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने कहा था अनुच्छेद 370 को हटाने के फैसले से देश नष्ट हो जाएगा, 3 महीने हो गए हैं, क्या देश तबाह हो गया है? एक अन्य कांग्रेस नेता ने कहा कि हमने अनुच्छेद 370 को निरस्त करके कश्मीर खो दिया है, क्या हम कश्मीर खो चुके हैं? यदि आप जाना चाहते हैं तो मैं व्यवस्था कर दूंगा।
पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 पर कहा कि इसको हटाने के फैसले पर विपक्षी पार्टी के एक नेता एक ने कहा था कि ये किसी की हत्या करने जैसा है। एक नेता ने कहा कि ये भारत की राजनीति का काला दिन है। एक नेता ने कहा कि ये लोकतंत्र के खिलाफ है, एक और बड़े नेता ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की खत्म हो गया।
पीएम बोले- मुझे दो-दो भगवानों का दर्शन करने का सौभाग्य मिला
बीड में सभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज एकसाथ मुझे दो-दो भगवानों का दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। यहां पहुंचते ही पहले बाबा वैद्यनाथ के चरणों में चला गया, उसके बाद इस विशाल जनता जनार्दन का दर्शन करने का मौका मिला, जनता भी भगवान का रूप होती है।
बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद हम सभी पर बना हुआ है। सोमनाथ से लेकर वैद्यनाथ तक, काशी विश्वनाथ से लेकर केदारनाथ तक, सम्पूर्ण विश्व पर महादेव की कृपा बनी हुई है। बाबा वैद्यनाथ का आशीर्वाद पूरे बीड पर रहा है और बीड की जनता का आशीर्वाद और विश्वास हमेशा भाजपा पर रहा है।
भाजपा के पास लगन से काम करने वाले कार्यकर्ता
पीएम मोदी ने कहा कि विरोधी दल के नेताओं को को चिंता हो रही है कि भाजपा के कार्यकर्ता इतनी मेहनत क्यों कर रहे हैं? मैं आज बीड से उनको बता दूं कि, भाजपा के पास लगन से कार्य करनेवाले कार्यकर्ता हैं, तभी वो दिलों को जीतते हैं और दलों को जिताते हैं:
कांग्रेस के अधिकतर नेता आज आपस में एक दूसरे से निपटने में लगे हैं। इनकी युती में जो युवा नेता थे वो भी साथ छोड़ रहे हैं और वरिष्ठ नेता आज हताश-निराश हैं।
2022 तक हर घर जल: पीएम मोदी
महाराष्ट्र में पानी की समस्या पर पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन शुरू किया है। इसके तहत आने वाले पांच वर्षों में सिर्फ पानी के लिए साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पानी के लिए इतना गंभीर प्रयास भारत में तो क्या विश्व के इतिहास में भी नहीं हुआ होगा।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र भाजपा ने 2022 तक हर घर जल पहुंचाने का संकल्प लिया है। ये संकल्प ऐसे ही नहीं लिया गया, इसके पीछे महाराष्ट्र सरकार के बीते पांच वर्षों का ट्रैक रिकॉर्ड भी है।
सिंचाई से लेकर कमाई की चिंता, महायुती (भाजपा+शिवसेना) की सरकार ने की है। सूखे के कारण जब आपदा आई तो सरकार ने तत्काल मदद पहुंचाई। आपदा राहत हो या फसल बीमा, हर तरह की मदद पहुंचाई है। अब किसानों के खाते में सीधे सहायता राशि दी जा रही है।
'हमने बिचौलियों के खेल को पूरी तरह से बंद कर दिया'
उन्होंने कहा कि आप सभी इस बात के गवाह हैं कि पहले किस तरह से हर जगह बिचौलियों का राज होता था। गरीब के राशन और अपकी कमाई तक में कट लगता था। हमने बिचौलियों के खेल को पूरी तरह से बंद कर दिया है। आज करीब 400 योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रहा है।
'मराठवाड़ा में 50,000 करोड़ रुपये से बन रहे हैं रास्ते'
उन्होंने कहा कि आज सड़क, रेल, पुल, अस्पताल, जैसी आधुनिक सुविधाएं तेजी से बढ़ रही हैं और दूर दराज के क्षेत्रों में भी मिल रही हैं। अकेले मराठवाड़ा में ही करीब 50,000 करोड़ रुपये के रास्ते बन रहे हैं। बीते पांच वर्षों में यहां स्वयं सहायता समूहों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र भाजपा ने ये संकल्प लिया है कि आने वाले पांच वर्षों में 1 करोड़ और बहनों को इस बचत समूह के आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
बीड और सतारा में जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी पुणे में चुनावी रैली को भी संबोधित करेंगे। पीएम ने कल भी महाराष्ट्र में तीन चुनावी रैलियां संबोधित की थीं। राज्य में 21 अक्तूबर को वोटिंग होनी है।
पुणे में रैली
पुणे में हुई रैली में पीएम मोदी ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का मुद्दा उठाया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने लोगों के सामने हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया। इसके बाद उन्होंने दोबारा अपना भाषण शुरू किया।#WATCH Maharashtra: Prime Minister Narendra Modi bows down before the people while speaking about the abrogation of Article 370, at a public rally in Pune. #MaharashtraAssemblyPolls pic.twitter.com/O0Cy28mEep
— ANI (@ANI) October 17, 2019