कांग्रेस ने लॉकडाउन बढ़ाने का किया समर्थन , वित्तीय पैकेज की घोषणा नहीं होने पर सवाल उठाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस ने देश में लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा का मंगलवार को समर्थन किया और साथ ही कोई नया वित्तीय पैकेज घोषित नहीं किए जाने को लेकर सवाल खड़े किए।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट किया, 'हम लॉकडाउन बढ़ाने की मजबूरी समझते हैं। हम इस निर्णय का समर्थन करते हैं।' उन्होंने आरोप लगाया, 'गरीबों को 40 दिनों (21+19) के लिए अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। पैसा है, खाद्य सामग्री है, लेकिन सरकार इन्हें जारी नहीं कर रही।'
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दावा किया, 'प्रधानमंत्री के भाषण में कुछ भी विशेष नहीं था। वित्तीय पैकेज की घोषणा नहीं की गई, कोई विवरण नहीं दिया गया, कोई ठोस बात नहीं है। मध्य वर्ग, गरीब और कारोबारियों के लिए कुछ नहीं कहा गया।' उन्होंने सवाल किया, 'लॉकडाउन अच्छा है, लेकिन जीविका का मुद्दा कहां है?'
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोगों को बताया कि वह उनसे क्या उम्मीद करते हैं, लेकिन यह नहीं बताया कि सरकार लोगों के लिए क्या कर रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिये लागू देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की मंगलवार को घोषणा करते हुए कहा कि इस महामारी को परास्त करने के लिये यह जरूरी है।
थरूर ने किया लॉकडाउन बढ़ाने का प्रधानमंत्री का समर्थन
थरूर ने ट्वीट कर कहा, मैं लॉकडाउन के विस्तार के फैसले का समर्थन करता हूं, लेकिन प्रधानमंत्री को दो वक्त का भोजन जुटाने में असमर्थ लोगों के लिए भी राहत की घोषणा करनी चाहिए थी। मनरेगा, जनधन खाते, राज्यों का जीएसटी बकाया आदि के भुगतान का भी एलान करना चाहिए था।