Loan Apps Scam: तेलंगाना पुलिस ने एक और चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया
तेलंगाना पुलिस ने बुधवार को मोबाइल एप के जरिए तुरंत लोन घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक और चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो भारत में चीनी कंपनियों का प्रमुख बताया जा रहा है। तेलंगाना पुलिस ने 27 वर्षीय चीनी नागरिक झू वेई उर्फ लाम्बो को दिल्ली एयरपोर्ट से नाटकीय अंदाज में उस समय पकड़ा गया, जब वह शंघाई जाने के लिए फ्रैंकफर्ट जाने वाली उड़ान में सवार हुआ। पुलिस ने उसके भारतीय सहयोगी के. नागराजू को भी दिल्ली से गिरफ्तार किया था।
तेलंगाना पुलिस ने लोन एप घोटाला मामले में अब तक चार चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से यी बाई, लियांग तियानतियन और लाम्बो को तुरंत लोन ऐप के मामले में गिरफ्तार किया गया। जबकि चौथे याओ हाओ को अगस्त में एक ऑनलाइन जुआ रैकेट चलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीयों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ था।
लैपटॉप से हुआ ये खुलासा
दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया झू वेई उर्फ लाम्बो पिछले कुछ दिनों से हैदराबाद पुलिस के रडार पर था। पुलिस ने जब से उसके साथियों को पकड़ा था, तभी से वह लापता था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में थी। जांच अधिकारियों ने जब एयरपोर्ट पर उसको पकड़ा, तो उसने शुरू में लोन एप कंपनियों के साथ किसी भी संबंध से इनकार कर दिया, लेकिन जब उसका लैपटॉप खोला गया और महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले तो उसकी मिलीभगत का खुलासा हो गया।
ऐसे कर रहे थे लोगों का उत्पीड़न
हैदराबाद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लाम्बो सात कॉल सेंटर चलाने वाली चार अलग-अलग कंपनियों का प्रमुख है। ये कंपनियां गुरुग्राम, बेंगलुरु और हैदराबाद में है। इन कंपनियों की ओर से कॉल सेंटर चलाए जा रहे थे। इन कॉल सेंटरों का इस्तेमाल एप के जरिए लोन लेने वालों से वसूली करने के लिए उनका उत्पीड़न करने में किया जाता है।
पुलिस ने बताया कि पिछले एक महीने में ऐसी एप आधारित कंपनियों के उत्पीड़न से कथित तौर पर तंग आकर एक इंजीनियर समेत तीन लोगों ने आत्महत्या कर ली। इन घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की। साइबर अपराध पुलिस स्टेशन कथित रूप से अवैध लोन एप के जरिए लोन जारी करने और अपने कॉल सेंटरों के माध्यम से एप चलाने वाली कंपनियों की ओर से लोन लेने वालों के उत्पीड़न से संबंधित 27 मामलों की जांच कर रहा है।