फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   List of BJP candidates for Biennial Elections to the Rajya Sabha and their profile

Rajya Sabha: जिन चेहरों को भाजपा ने बनाया राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार, जानें उनके बारे में सबकुछ

Mon, 12 Feb 2024 06:02 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Mon, 12 Feb 2024 06:02 PM IST
विज्ञापन
सार
Rajya Sabha Elections: भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की है। इनमें डॉ. सुधांशु त्रिवेदी और आरपीएन सिंह जैसे चर्चित चेहरे भी हैं जिन्हें उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। 
 
loader
List of BJP candidates for Biennial Elections to the Rajya Sabha and their profile
भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार - फोटो : Amar Ujala

विस्तार

भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से कुल 14 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इनमें तीन महिलाओं को भी जगह दी गई है। आइये जानते हैं ये सभी चेहरे कौन हैं...

 

सुधांशु त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी - फोटो : ट्विटर@bjp
उत्तर प्रदेश से सुधांशु त्रिवेदी समेत सात चेहरे
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए यूपी से सात प्रत्याशियों की घोषणा की है। भाजपा ने सुधांशु त्रिवेदी, अमरपाल मौर्य, आरपीएन सिंह, नवीन जैन, संगीता बलवंत, साधना सिंह और तेजवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है। सात में से छह प्रत्याशी नए हैं जबकि राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी को एक बार फिर मौका मिला है। 

डॉ. सुधांशु त्रिवेदी: पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग से पीएचडी करने वाले सुधांशु इंजीनियर/प्रौद्योगिकीविद, अध्यापक और शिक्षाविद भी हैं। सुधांशु ने जनवरी 2001 से मार्च 2002 तक उत्तर प्रदेश के मुख्य मंत्री के सूचना सलाहकार के रूप में काम किया। वह अक्तूबर 2019 में राज्यसभा सांसद बने थे। इसके साथ ही सुधांशु ने संसद की कई समितियों में बतौर सदस्य भी काम किया है। 

आरपीएन सिंह: वर्तमान में भाजपा के नेता हैं। आरपीएन सिंह को यूपी के पडरौना का राजा साहेब कहा जाता है। वह यूपीए सरकार में गृह राज्य मंत्री रह चुके हैं। आरपीएन 2009 से 2014 तक कुशीनगर लोकसभा सीट से सांसद थे। 2020 में कांग्रेस ने उन्हें झारखंड और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया। 2022 में आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। 

अमरपाल मौर्य: उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 2022 में रायबरेली के ऊंचाहार से विधानसभा का चुनाव लड़ा था। हालांकि, सपा के मनोज पांडेय ने अमरपाल मौर्य को हरा दिया था। 

तेजवीर सिंह: उत्तर प्रदेश के मथुरा से तीन बार के लोकसभा सांसद हैं। 1996, 1998 और 1999 में लगातार भाजपा से लोकसभा सांसद रहे हैं। 2018 में यूपी को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के चेयरमैन बने थे।

डॉ. संगीता बलवंत: गाजीपुर सदर की विधायक रह चुकी हैं। 2022 में डॉ. संगीता बलवंत ने इसी सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन सफलता नहीं मिली। संगीता 2021 में योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में शामिल की गईं थीं। उनके पिता स्व. रामसूरत बिंद रिटायर्ड पोस्टमैन थे। छात्र जीवन से ही वह राजनीति में सक्रिय हैं। संगीता बलवंत के राजनीतिक करियर की शुरुआत बसपा के साथ हुई थी। 2014 लोकसभा चुनाव में मनोज सिन्हा ने इन्हें भाजपा में शामिल कराया था। 

नवीन जैन: भाजपा ने जिन नेताओं को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है उनमें आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन भी शामिल हैं। नवीन के राजनीतिक करियर की शुरुआत पार्षद का चुनाव लड़कर की थी। इसी सदन में वह डिप्टी मेयर चुने गए। इसके बाद वह ब्रज क्षेत्र के सह कोषाध्यक्ष और बाद में प्रदेश में सह कोषाध्यक्ष बनाए गए। साल 2017 में नवीन भाजपा से आगरा के महापौर चुने गए। 

साधना सिंह: भारतीय जनता पार्टी की विधायक रह चुकी हैं। साधना दो बार भाजपा महिला मोर्चा चंदौली की अध्यक्ष बनीं। तीन बार बीजेपी यूपी कार्यसमिति की सदस्य भी बनीं। साधना सिंह जिला उद्योग व्यापार मंडल चंदौली उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष हैं।



 

बिहार से उम्मीदवार डॉ. भीम सिंह और डॉ धर्मशीला गुप्ता (फोटो साभार- विधान परिषद व ECL वेबसाइट)
बिहार से उम्मीदवार डॉ. भीम सिंह और डॉ धर्मशीला गुप्ता (फोटो साभार- विधान परिषद व ECL वेबसाइट) - फोटो : बिहार विधान परिषद और ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ECL) की वेबसाइट
बिहार से दो नाम 
भाजपा ने बिहार से दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। ये नाम हैं डॉ. धर्मशीला गुप्ता और डॉ. भीम सिंह। धर्मशीला वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। दरभंगा के डॉ. नागेंद्र झा महिला विद्यालय में सामाजिक विज्ञान की शिक्षिका हैं। जानकारी के अनुसार, धर्मशीला दरभंगा नगर निगम के चुनाव में मेयर के पद का चुनाव लड़ीं थीं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।  

दूसरे प्रत्याशी डॉ. भीम सिंह की बात करें तो वह मुख्यमंत्री नीतीश के सहयोगी रह चुके हैं। शिक्षाविद की पहचान रखने वाले डॉ. भीम सिंह पॉलिटेक्निक कॉलेज के अध्यापक हैं। वर्तमान में बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। भीम सिंह नीतीश कुमार की समता पार्टी में भी रह चुके हैं। उन्होंने नीतीश सरकार में ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली है। बाद में वह जदयू छोड़कर भाजपा के साथ आए गए थे।

उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट राज्यसभा प्रत्याशी
उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट राज्यसभा प्रत्याशी - फोटो : अमर उजाला
इन राज्यों से एक-एक उम्मीदवार 
भाजपा ने छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से एक-एक प्रत्याशी घोषित किया है। 

राजा देवेंद्र प्रताप सिंह: छत्तीसगढ़ से उम्मीदवार बनाए गए हैं। देवेंद्र प्रताप सिंह रायगढ़ के पूर्व गोंड शाही परिवार के वंशज हैं। वर्तमान में वह रायगढ़ जिले के लैलूंगा जिला पंचायत सदस्य हैं। सिंह के पिता स्व. सुरेंद्र कुमार सिंह कांग्रेस से कई बार विधायक रहे थे। देवेंद्र प्रताप पहले कांग्रेस में भी थे लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए। 

सुभाष बराला: हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। सुभाष ने छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत की थी। बराला ने प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभाई। सुभाष बराला टोहाना से जीत कर विधायक बने थे। इसके बाद पार्टी ने बराला को हरियाणा भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था।

नारायणा कृष्णासा भांडगे: भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे को मौका दिया है। नारायणा कर्नाटक विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं।

महेंद्र भट्ट: उत्तराखंड से पार्टी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया है। महेंद्र बदरीनाथ विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। मदन कौशिक के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 
सामिक भट्टाचार्य: पार्टी ने पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। वह प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed