{"_id":"60f15c5b9e21a2417759dae2","slug":"leader-of-house-in-rajya-sabha-piyush-goyal-holds-consultations-with-former-pm-manmohan-singh-ncp-chief-sharad-pawar-and-senior-congress-leader-anand-sharma-ahead-of-the-monsoon-session-of-parliament","type":"story","status":"publish","title_hn":"मानसून सत्र: शरद पवार से मिलने घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, इन नेताओं से भी की मुलाकात","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मानसून सत्र: शरद पवार से मिलने घर पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, इन नेताओं से भी की मुलाकात
Fri, 16 Jul 2021 03:45 PM IST
कुमार संभव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: कुमार संभव
Updated Fri, 16 Jul 2021 03:45 PM IST
सार
शरद पवार से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा से भी मिले। हालांकि, यह पता नहीं लगा है कि इन मुलाकातों का एजेंडा क्या था।
विज्ञापन
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रकाश जावड़ेकर
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा में सदन के नेता व केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा से भी मिले। हालांकि, यह पता नहीं लगा है कि इन मुलाकातों का एजेंडा क्या था।
विज्ञापन
मोदी के मंत्रियों ने मांगा था मिलने का समय
बताया जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में शामिल कुछ मंत्रियों ने शरद पवार से मिलने का समय मांगा था। इसके मद्देनजर उनकी और पीयूष गोयल की मुलाकात हुई। बता दें कि शरद पवार, आज ही दिल्ली आए हैं और उससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की थी। सूत्रों का दावा है कि यह मुलाकात प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले के विवादास्पद बयानों की पृष्ठभूमि में हुई।
विज्ञापन
आज रक्षा मंत्री से मिल सकते हैं पवार
सूत्रों के मुताबिक, राकांपा अध्यक्ष शरद पवार आज (16 जुलाई) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। इस बैठक में एके एंटनी के शामिल होने की भी जानकारी मिली है। फिलहाल, यह चर्चा रक्षा संबंधी मानी जा रही है। वहीं, सियासी जानकारों का दावा है कि सत्तापक्ष कई अहम मुद्दों पर शरद पवार को साधने की कोशिश कर रहा है।
विज्ञापन
19 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र
बता दें कि संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू होगा और 13 अगस्त तक चलेगा। महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से मांग की है कि स्थानीय निकायों में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए राजनीतिक कोटा बहाल किया जाए। साथ ही, नौकरियों और शिक्षा में मराठों के आरक्षण के लिए 50 प्रतिशत की सीमा में छूट के लिए भी केंद्र हस्तक्षेप करे। इसके अलावा महाराष्ट्र में टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए केंद्र से हर महीने तीन करोड़ कोविड टीके भी मांगे गए हैं।