मोदी का सूट खरीदने वाले लालजी पटेल बोले- मैंने नहीं सरेंडर किए 6000 करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुजरात के हीरा व्यापारी लालजी पटेल को तो आप जानते ही होंगे, जो कुछ दिन पूर्व प्रधानमंत्री मोदी के एक सूट को निलामी में 4.31 करोड़ में खरीदकर एकाएक सुर्खियों में आ गए थे। इसके अलावा अपने कर्मचारियों को दिवाली बोनस के तौर पर घर और कार भेंटकर भी वह काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं।
वही लाजी पटेल एकबार फिर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार कारण कुछ और है, बताया जाता है कि लालजी पटेल ने अपने पास रखे 6 हजार करोड़ की नकदी को सरकार के पास जमा कर उस पर भारी भरकम जुर्माना चुकाया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लालजी पटेल ने 6000 करोड़ के पुराने नोट सरेंडर किए हैं। इसके लिए उन्होंने 200 फीसदी जुर्माने के हिसाब से 5400 करोड़ रुपये अलग से चुकाए हैं, इसमें 30 फीसदी टैक्स के हिसाब से 1800 करोड़ रुपये और बाकी 3600 करोड़ रुपये पैनल्टी के हैं।
कर्मचारियों को कार और घर गिफ्ट भेंट कर सुर्खियां बटोर चुके हैं पटेल
हालांकि मीडिया में यह खबरें आने के बाद स्थानीय मीडिया ने लालजी पटेल से उनका पक्ष जानना चाहा। जिसके बाद लालजी पटेल ने दावा किया कि मेरे खिलाफ झूठी खबरें चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा मेरा काम हीरे का कारोबार का है मैं एक्सपोर्ट इंपोर्ट का काम करता हूं। मेरे पास कुछ ऐसा धन है ही नहीं जिसे छुपाया जाए।
बता दें कि लालजी पटेल गुजरात के सूरत में बड़े हीरा व्यापारी हैं, वह लगातार कुछ न कुछ ऐसा करते रहते हैं जिससे वो चर्चाओं में बने रहते हैं। मोदी का सूट खरीदने के अलावा वो अपनी दानवीर वाली छवि को लेकर भी काफी सुर्खियों में रहते हैं। इससे पूर्व वह बालिका शिक्षा के लिए भी 200 करोड़ रुपये दान कर चुके हैं।
इसके अलावा 1000 से ज्यादा छात्राओं की शिक्षा के खर्चे के तौर पर भी वह प्रत्येक छात्रा के नाम से 2 लाख रुपये बैंकों में जमा कर चुके हैं जिससे उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से चलती रहे।
दिवाली के मौके पर अपने कर्मचारियों को कार और घर गिफ्ट करने के कारण भी वह काफी सुर्खियों में रहे थे। तब भी हर तरफ उनकी वाहवाही हुई थी। बताया जाता है कि लालजी पटेल का कुल कारोबार 10 हजार करोड़ का है।