13 बच्चों की मौत: घटनास्थल पर पहुंचे CM को लोगों ने घेरा, बोले- साहब, हमारे लाल लौटा दो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुशीनगर जिले के दुदही बाजार के पास बहपुरवा मानवरहित क्रासिंग पर गुरुवार की सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। स्कूली बच्चों को ले जा रही वैन ट्रेन से टकरा गई। सौ मीटर तक घिसटती रही वैन के परखचे उड़ गए। 13 विद्यार्थियों की मौके पर ही मौत हो गई।
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हजारों ग्रामीणों ने नारेबाजी और प्रदर्शन कर मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई और मानवरहित रेलवे फाटक पर गेट मैन के तैनाती की भी मांग की। इस दौरान भीड़ में शामिल परिजनों ने सीएम से कहा कि हमारे लाल हमें वापस लौटा दो।
इस दौरान सीएम ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाया। उन्होंने परिवार वालों को आश्वस्त किया कि इस मामले की गंभीरता से जांच होगी और दुर्घटना के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गोरखपुर के कमिश्नर अनिल कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की तरफ से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अलावा उन्होंने रेल मंत्री से भी पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद देने के साथ ही मानवरहित रेलवे समपार फाटकों को मानवयुक्त करने के संबंध में सिफारिश की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों के मानकों की जांच को लेकर पहले भी आदेश दिए जाते रहे हैं। पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर ऐसे सभी वाहनों की फिर से जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। गाड़ियों की फिटनेस खराब मिलने वाले सभी वाहनों को सीज करने के साथ ही तय मानकों से समझौता कर सड़कों पर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस हादसे के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ गोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया।
ऐसे हुआ दर्दनाक हादसा
कुशीनगर के दुदही बाजार में डिवाइन मिशन स्कूल है। इस निजी स्कूल में आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। गुरुवार की सुबह वैन में 18 विद्यार्थियों को बैठाकर ड्राइवर स्कूल ले जा रहा था। वैन जब बहपुरवा मानवरहित क्रासिंग के पास पहुंची तभी सीवान से गोरखपुर आ रही पैसेंजर ट्रेन (55075) आ गई।
रेल लाइन के दोहरीकरण होने की वजह से ट्रेन की स्पीड ज्यादा थी, इस कारण वैन उसकी चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वैन ट्रेन के इंजन से टकराई और करीब सौ मीटर तक घिसटती रही फिर ट्रैक किनारे गड्ढे में पलट गई। बड़ा हादसा देख आसपास के लोग वहां पहुंचे और बचाव जुट गए। थोड़ी देर में पुलिस भी आ गई, फिर वैन में फंसे विद्यार्थियों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद वैन से विद्यार्थी बाहर निकाले गए तो 13 की जान जा चुकी थी। पांच अन्य व ड्राइवर की हालत गंभीर थी। आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में घायलों का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की मुताबिक ज्यादातर विद्यार्थियों की हालत गंभीर है। स्कूली वैन ड्राइवर की हालत ज्यादा गंभीर है। बड़े हादसे के बाद दुदही बाजार में शोक की लहर है। क्षेत्रवासी स्तब्ध और डरे हुए हैं।
नाराज लोगों ने बाजार बंद करके रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। क्षेत्रवासियों की मांग थी कि बहपुरवा रेलवे ट्रैक के पास मानवसहित क्रासिंग बनाई जाए। इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग और विद्यार्थी आते-जाते हैं।
गंभीर रूप से घायलों का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज
घटना में गंभीर रूप से घायलों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है। कुशीनगर में दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज में अलर्ट घोषित कर दिया गया। साथ ही सात बेड आरक्षित कर दिए गए। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन और एसएसपी शलभ माथुर भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। घायलों के इलाज की जानकारी ली। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ विद्यार्थियों की हालत बेहद गंभीर है।
बच्चे चिल्लाते रहे पर वैन नहीं रोकी
ट्रेन से टकराने वाली वैन में सवार रहे और बीआरडी मेडिकल कॉलेज लाए गए घायल छात्र कृष्णा ने बताया कि चालक ईयरफोन लगाकर वैन चला रहा था। घटना के समय भी वह किसी से बात कर रहा था। कृष्णा के मुताबिक ट्रेन तेज गति से आ रही थी। यह सभी बच्चों ने देखा और चालक से वैन रोकने की अपील भी की लेकिन चालक ने नहीं सुना। बच्चे चिल्लाते रहे और वह वैन को लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। वैन का पंजीकरण भी आरटीओ में नहीं है। बिना नंबर प्लेट के ही चलाई जा रही थी।
छोटी वैन और ड्राइवर सहित 19 विद्यार्थी सवार
ट्रेन से टकराने वाली स्कूली वैन में बमुश्किल 10 विद्यार्थी बैठ सकते थे लेकिन इसमें 18 विद्यार्थियों को ठूंसकर भरा गया था। ड्राइवर को भी मिला लिया जाए तो यह संख्या 19 हो जाएगी। ओवरलोडिंग की वजह से वैन का संतुलन बिगड़ा और जल्दी से ट्रैक पार न कर सकी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन का अगला पहिया ट्रैक के बाहर था लेकिन पिछला हिस्सा ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की स्पीड ज्यादा थी, इस कारण वैन कुछ दूर साथ घिसटी फिर उछलकर दूर जा गिरी।
ग्राम प्रधान के तीन बच्चों की मौत
इस हादसे में कई परिवारों के घरों का चिराग बुझ गया। इसी वैन से मिश्रोली ग्राम पंचायत की महिला ग्राम प्रधान किरन देवी के तीन बच्चे जा रहे थे। प्रधान के पति अमरजीत ने दो बेटे और एक बेटी को वैन पर बैठाया और कुछ ही देर में मनहूस खबर आ गई। इस हादसे में अमरजीत के तीन बच्चों की मौत हुई है।
एक साथ कई मौतों से गांवों में मातम
हादसे में मयहिहरवा गांव के चार बच्चों की मौत हुई है। इससे गांव में चीख-पुकार मचा है। हर तरफ मातम है। बतरौली गांव के भी दो बच्चों की मौत हुई है। इससे सबका कलेजा फट गया है। मिश्रोली में तीन भाई और बहनों की लाश पहुंची तो कोहराम मच गया। हर कोई दहाड़े मारकर रोता दिखा।
इन विद्यार्थियों की हुई मौत
संतोष, रवि और रागिनी (7) सभी पुत्र और पुत्री अमरजीत निवासी मिश्रोली
कमरूल (10) और गोलू (8) पुत्र हैदर अली निवासी पडरौन मड़ुरही
साजिदा (11) और तमन्ना (10) पुत्री हसन निवासी बतरौली
मिराज (8) और मुस्कान (7) पुत्र मैनुद्दीन मयहिहरवा
अतिउल्लाह (8) पुत्र नौशाद निवासी कोकिला पट्टी
मोहम्मद अरशद (9) पुत्र जहीर मयहिहरवा
अनस नरोड़ (8) पुत्र नजीर मयहिहरवा
हरिओम (8) पुत्र अंबर सिंह निवासी बतरौली
ये हैं घायल
कृष्णा (9), रोशनी शर्मा (10), कलीम (7) और ताहिन (8), समर (7) और ड्राइवर 25