कोलकाता भगदड़: राष्ट्रपति-पीएम ने दुख जताया, मुआवजे का एलान; गृह मंत्री शाह के कार्यक्रम रद्द; कैसे हुआ हादसा?
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 17 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मुआवजे का एलान किया। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कार्यक्रम रद्द किए। हादसे पर किसने क्या कहा, बारिश से बचने के लिए पंडाल में घुसे लोग कैसे भीड़ में फंस गए? पढ़िए इस रिपोर्ट में।
विस्तार
राष्ट्रपति ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं'।
गृह मंत्री ने रद्द किए कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से बात की। इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूंगा। मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
VIDEO | Kolkata: Visuals from the spot at Chorbagan Sarbojanin Durga Puja pandal, where at least 17 people died and 25 others were injured in a stampede-like situation. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) #Kolkata #DurgaPuja #Stampede https://t.co/xbqX4VFaiE
— Press Trust of India (@PTI_News) October 17, 2026 " />VIDEO | Kolkata: Visuals from Calcutta Medical College and Hospital, where victims of a stampede following a crowd surge at a community Durga Puja pandal in north Kolkata were brought. As it started raining, people waiting outside the Chorbagan Durga Puja pandal rushed forward, and some fell on the road, triggering the stampede. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/bIyFWTfmBd) #Kolkata #KolkataStampede
— Press Trust of India (@PTI_News) October 17, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने क्या कहा?
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना से बहुत दुखी हूं। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई। जिन परिवारों ने अपने लोगों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैं पश्चिम बंगाल सरकार से अपील करता हूं कि बचाव कार्य और इलाज में तुरंत मदद दी जाए। मृतकों और घायलों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, इस हादसे की पूरी जांच हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मैं कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि इस मुश्किल समय में प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी जताया दुख
लोकसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की खबर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
उन्होंने आगे लिखा, प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले और इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने क्या कहा?
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई जनहानि की दुखद घटना से मन अत्यंत व्यथित है। मां दुर्गा से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?
भगदड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा, हमारी पूरी कांग्रेस पार्टी ने सरकार को पूरा सहयोग देने का फैसला किया है। हमारे कार्यकर्ता लोगों की जान बचाने के काम में सक्रिय रूप से जुटे हैं। जब असली घटना हुई, तब पुलिस कहां थी? आज जनता यह सवाल पूछ रही है। इसके अलावा, लालबाजार में कंट्रोल रूम को फोन करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। जब मैं चोरबागान इलाके में गया, तो स्थानीय लोगों ने यह चिंता जताई। यह बहुत दुखद घटना है। मैं सरकार से इस पर विचार करने, मुआवजा देने और जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को रोजगार देने की अपील करता हूं।
क्या हुई घटना?
कोलकाता में दुर्गापूजा के दौरान शनिवार की शाम चोरबागान सर्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने से 17 लोगों की मौत की खबर है। कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें कम से कम 15 की हालत बेहद गंभीर बताई गई। कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, वहां लाए गए लोगों में 17 की मौत हुई है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
#WATCH | Kolkata, West Bengal: Visuals from outside Kolkata Medical College, where those injured in the stampede at the Chorbagan Sarbojanin Durga Puja pandal have been brought for treatment https://t.co/znUD7xEuqF
— ANI (@ANI) October 17, 2026
घायलों को लगातार अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई। हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कोलकाता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पूजा आयोजकों को थाने बुलाने का निर्देश दिया। कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा भी अस्पताल पहुंचे। लालबाजार पुलिस सूत्रों के अनुसार, 35 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि अस्पताल सूत्रों ने 40 से 50 लोगों के पहुंचने की जानकारी दी। इनमें से 11 घायलों को एसएसकेएम अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
बारिश से बचने के लिए पंडाल में घुसे लोग, पीछे से लगा धक्का
सप्तमी की शाम उत्तर और मध्य कोलकाता में तेज बारिश हो रही थी। चोरबागान पंडाल में दर्शन के लिए पहले से भारी भीड़ जुटी थी। बारिश से बचने के लिए कतार में खड़े कई लोगों ने पंडाल के भीतर जाने की कोशिश की। इसी दौरान पीछे से भीड़ का दबाव बढ़ा और आगे खड़े लोग गिरने लगे। देखते ही देखते कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और नीचे दब गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह अपनी तीन सहेलियों के साथ पंडाल से निकल रही थीं। पीछे से जोरदार धक्का लगने के बाद लोग गिरने लगे। उनकी तीनों सहेलियां भी भीड़ के नीचे दब गईं। लोगों के लिए सांस लेना मुश्किल हो रहा था। बाद में स्थानीय लोगों ने पंडाल के दूसरे हिस्से को तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। एक अन्य चश्मदीद देब्रत चटर्जी ने बताया, मेरे एक दोस्त की जान चली गई। भीड़ में कुचलने से उसकी मौत हो गई। वह मेरे घर के पास रहता था।
#WATCH | Kolkata's Chorbagan Sarbojanin Durga Puja stampede incident | "One of my friend lost his life. He got trampled in the crowd. He lived near my home..." says Debrata Chatterjee, a friend of the deceased https://t.co/mDUWwaA7iM
— ANI (@ANI) October 17, 2026
ये भी पढ़ें: कोलकाता के दुर्गा पंडाल में भगदड़: 17 लोगों की मौत, कई घायल; पीएम मोदी और अमित शाह ने जताया दुख
गोलाकार गलियारे में हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंडाल के भीतर 360 डिग्री घूमकर बाहर निकलने के लिए गोलाकार ऊंचा गलियारा बनाया गया था। इसी हिस्से में भीड़ का दबाव बढ़ने की बात सामने आई है। पंडाल के ढांचे का हिस्सा टूटने की आशंका भी जताई गई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने समय पर पुलिस और सुरक्षाकर्मियों से मदद नहीं मिलने का आरोप लगाया है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मृतकों में तीन पुरुष, एक बच्चा और 13 महिलाएं शामिल हैं। गंभीर घायलों को आपातकालीन वार्ड में उपचार दिया जा रहा है। छुट्टी के कारण वरिष्ठ चिकित्सकों की कमी की आशंका के बीच विभागाध्यक्षों को अस्पताल बुलाया गया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री भी अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद पंडाल की रोशनी बंद कर दी गई और पूजा फिलहाल रोक दी गई।
हादसे की प्रमुख बातें-
- स्थान: चोरबागान सर्वजनिन दुर्गापूजा पंडाल, कोलकाता।
- तारीख: 17 अक्तूबर 2026, सप्तमी की शाम।
- मौतें: अस्पताल सूत्रों के अनुसार 17
- घायल: पुलिस सूत्रों के अनुसार 35 लोग अस्पताल पहुंचे; अस्पताल सूत्रों ने 40-50 लोगों के पहुंचने की जानकारी दी।
- गंभीर घायल: कम से कम 15 की हालत बेहद गंभीर बताई गई।
- अस्पताल: कोलकाता मेडिकल कॉलेज; 11 घायलों को एसएसकेएम भेजे जाने की खबर।
- मुख्यमंत्री की कार्रवाई: शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आयोजकों को थाने बुलाने का निर्देश दिया।
- संभावित कारण: बारिश के दौरान भीड़ का दबाव और गोलाकार गलियारे में धक्का-मुक्की।