Man vs Wild: क्या सच में खतरों का सामना करते हैं बेयर ग्रिल्स, जानिए कैसे होती है शो की शूटिंग
अमेरिकी सर्वाइवर शो मैन vs वाइल्ड (Man vs Wild) को बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं। इस शो में बेयर ग्रिल्स (Bear Grylls) को बड़े-बड़े खतरों का सामना करने के लिए जाना जाता है। उन्होंने शो में कई जंगलों और पहाड़ों पर एडवेंचर ट्रिप की हैं। वह शो में बर्फीले पहाड़ों पर अपनी जान बचाने के लिए भागते, पानी में तैरकर दूसरी ओर जाते, या फिर जंगली जानवरों को मारकर अपना पेट भरते देखे जाते हैं।
क्या सिखाते हैं बेयर
बेयर अपने शो में लोगों को सालों से मुश्किल वक्त में क्या करें ये सिखाते आ रहे हैं। वह शो में सिखाते हैं कि कैसे अपने जीवन को बचाया जाना चाहिए। उनके इस शो में कई हॉलिवुड के सितारों को भी देखा जा चुका है। आज इस शो में उनके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिखाई देंगे। दोनों को साथ में देखने के लिए पूरा देश बेताब है।
इस शो को जब भी हम और आप देखते हैं तो हमें लगता है कि इसपर बेयर अकेले होते हैं। लेकिन ये बात सच नहीं है। चाहे बेयर का स्टंट करना हो, खतरों से लड़ना हो या फिर बेफिक्र हो जानवरों को खाना हो। दरअसर उनके साथ एक कैमरामैन हर समय रहता है।
केवल कैमरामैन ही नहीं बल्कि उनके साथ और भी बहुत से लोग होते हैं। ये लोग बेयर की सुरक्षा के लिए उनके साथ होते हैं। शो को लेकर ये बात पहले भी सामने आ चुकी है कि इसे नकली माना जाता है। लेकिन बेयर के फैंस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और वह हमेशा से ही उनके एडवेंचर्स को देखने के लिए तैयार रहते हैं।
एक्सपर्ट्स की पूरी टीम
इस शो की शूटिंग में बेयर के पास एक्सपर्ट्स की पूरी टीम होती है। ये टीम हर समय उनके साथ रहती है। इन एक्सपर्ट्स की टीम में कैमरामैन के अलावा साउंडमैंन, स्टंट एक्सपर्ट, डायरेक्टर और एक से दो लोग और होते हैं। क्रू के लोग बेयर की और भी कई तरह से मदद करते हैं। इस शो का एक एपिसोड प्रधानमंत्री मोदी के साथ भी शूट किया गया है। जिसका प्रसारण आज रात नौ बजे डिस्कवरी चैनल पर होगा।