अमरनाथ यात्राः थोड़ी सी चूक पड़ गई भारी, भूलकर भी न करें ये गलतियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं पर आतंकी हमले के बाद सुरक्षा में चूक की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि बस के ड्राइवर ने सुरक्षा नियमों को धता बताते हुए बस को जत्थे से आगे निकाल दिया जिसकी वजह से वह सुरक्षा घेरे से अलग हो गए और आतंकियों की गोलियों का शिकार बन गए।
ये चूक तब हुई जब अमरनाथ और जम्मू कश्मीर में धार्मिक यात्रा पर जाने वालों के लिए विशेष तौर पर सुरक्षा संबंधी चेतावनियां जारी की जाती हैं। हिंसाग्रस्त इलाका होने के कारण पहाड़ की थकाऊ चढ़ाई भी यात्रा पर निकले लोगों के लिए चुनौतियां पैदा करती हैं ऐसे में सरकार और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जारी की जाने वाली चेतावनियों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है, जो इस हादसे में भी हुआ।
अमरनाथ यात्रा अभी भी जारी है और रक्षाबंधन तक इसका सफर बदस्तूर जारी रहता है ऐसे में जरूरी है कि हम कुछ जरूरी सुरक्षा सलाहों का ध्यान रखें।
यात्रा पर निकलने से पहले ये करें तैयारी
-अमरनाथ यात्रा के दौरान लगभग 46 किलोमीटर लंबी चढ़ाई पैदल ही करनी पड़ती है इसलिए जरूरी है कि खुद को शारीरिक तौर पर फिट रखें।
-इसके लिए एक दो महीने पहले से ही पैदल चलने का अभ्यास शुरू करें और रोजाना 3-4 किलोमीटर की मॉर्निंग वॉक जरूर करें हो सकें तो शाम को भी आधा घंटा टहल लें।
-क्योंकि चढ़ाई के दौरान श्वास संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है इसलिए रोजाना योग करके खासकर प्राणायाम के द्वारा खुद को फिट रखें।
-यात्रा के दौरान क्योंकि लंबा सफर होता है इसलिए जितना जरूरी हो उतना ही सामान लेकर चलें, ज्यादा सामान आपके लिए मुसीबत का सबब भी बन सकता है।
-शुगर और सांस की बीमारियों वाले व्यक्तियों को यात्रा के दौरान विशेष सावधानियों बरतनी चाहिए, अगर पूरी तरह फिट हों तभी यात्रा के लिए निकलें।
-यात्रा पर निकलने से पहले फर्स्ट एड की छोटी लेकिन पूरी किट साथ लेकर चलें, जिसमें पेन किलर से लेकर आइनमेंट और बैंडेज तक होनी चाहिएं।
-रवाना होने से पहले अपने सामान में ड्राई फ्रूट जरूर रखें, जिसे भूख लगने पर खाते रहें। पेट भरकर खाने पर सफर मुश्किल हो जाता है इसलिए भूख लगने पर थोड़ा थोड़ा ड्राई फ्रूट खाना सेहत के लिए ठीक रहता है।
-यात्रा के दौरान सॉफ्ट या हल्के कपडों का ही इस्तेमाल करें, मसलन ट्रैक सूट आदि। जींस या टाइट ड्रेस सफर के दौरान आपके लिए मुसीबत बन सकती है। इसी तरह महिलाओं के लिए सलवार कमीज या लोवर टीशर्ट कंफर्टेबल है।
-पैरों में स्पोर्ट्स शूज या स्लीपर डालकर यात्रा करना आरामदायक रहेगा, चमड़े के जूते या हार्ड शूज दिक्कत दे सकते हैं।
-पहाड़ पर मौसम सर्द रहता है कई बार तो यह शून्य से भी नीचे पहुंच जाता है ऐसे में गर्म कपड़े खासकर गर्म इनर वियर जरूर साथ लेकर चलें।
-चढ़ाई के दौरान अक्सर बारिश का सामना भी करना पड़ जाता है इसलिए रेनकोट (प्लास्टिक वाला) जरूर साथ रख लें।
यात्रा के दौरान रखें इन बातों का ध्यान
-यात्रा के दौरान भी कुछ खास बातों का ध्यान रखना जरूरी है। मसलन चढ़ाई करते समय जरूरी सामान लेकर चलें।
-सफर करते समय उतनी ही चढ़ाई करें जितना शरीर सह सके, ज्यादा मेहनत करने पर शारीरिक दिक्कत हो सकती है।
-हो सके तो कुछ दूर चलने के बाद सुस्ता जरूर लें, एकदम लंबी चढ़ाई करने से सांस फूलना और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
-सफर के दौरान हेल्थ ड्रिंक जरूर साथ रखें और थोड़ा थोड़ा करके पीते रहें, जिससे शरीर में पानी और शुगर की कमी न रहे।
-चढ़ाई शुरू करने से पहले खूब पानी पीएं, जबकि सफर के दौरान थोड़ा कम।
-सफर के दौरान तमाम दिशा-निर्देशों का ध्यान रखें, होर्डिंग्स पर लगी जानकारियों पर विशेष ध्यान दें जिससे किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-समय से अपने शिविर में पहुंचकर आराम कर लें ताकि अगले सफर के लिए तरोताजा होकर निकलें।
-यात्रा के दौरान हो सके तो पोर्टेबल ऑक्सीजन साथ लेकर चलें जिससे पहाड़ पर ऊंचाई के दौरान सांस संबंधी समस्या का सामना ना करना पड़े।
--यात्रा के दौरा स्मोकिंग या ड्रिंकिंग से बचें, ऐसा करना नुकसानदायक हो सकता है।
सुरक्षा संबंधी चेतावनियों का विशेष ख्याल रखें
-यात्रा के सफर पर निकलते समय सुरक्षा संबंधी चेतावनियों का विशेष ख्याल रखना जरूरी है।
-यात्रा से पहले अपना नियमित पंजीकरण जरूर कराएं, उसमें दी गई तमाम बातों पर ध्यान से अमल करें। पंजीकरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाता है इसलिए समय से पंजीकरण कराएं। बिना पंजीकरण के यात्रा करने की कोशिश न करें।
-पंजीकरण के दौरान दिए जाने वाले पहचान पत्रों को हमेशा अपने साथ रखें और किसी भी दिक्कत के समय यात्रा से जुड़े कर्मचारियों को तुरंत सूचित करें।
-यात्रा के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन करना चाहिए। जरा सी चूक जिंदगी के लिए भारी पड़ सकती है।
-आधार शिविर से रवाना होते समय जत्थे से अलग होने की गलती कभी न करें, जिस तरह से सुरक्षाबल निर्देश देते रहें उनका पूरा पालन करें।
-चढ़ाई के दौरान भी सुरक्षाबलों और स्वयंसेवकों के निर्देशों का विशेष ख्याल रखें।
-जो व्यक्ति आपका सामान लेकर चल रहा है, उसके साथ ही सफर में चलें, आगे पीछे होने पर सामान जाने या आपके बिछड़ने की दिक्कत हो सकती है।
-किसी भी तरह की संदेहास्पद गतिविधि दिखने पर तुरंत सुरक्षाबलों को सूचित करें।
-चेतावनी बोर्ड पर दी गई सूचनाओं को किसी भी तरह नजरअंदाज करने की कोशिश न करें, ये आपके लिए जोखिम भरी हो सकती है।
इन चीजों को जरूर रखें साथ
यात्रा के दौरान कुछ चीजों का विशेष ध्यान रखें जिन्हें अपने साथ ले जाएं।
-मसलन, बिछाने के लिए कोई हल्की चटाई, टार्च, वाटरप्रूफ बैग, मेडिकल किट, चश्मा, कैमरा, ड्राईफ्रूट, पानी की बोतल, मफलर या चादर, अपने पहचान पत्र, ग्लूकोज, जरूरी दवाइयां आदि।
-यात्रा के लिए जरूरी कागजात भी साथ लेकर चलें, वरना सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।