झूठ बोलने वाला नहीं हो सकता मुल्क का बादशाह : आजम
यूपी के नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि झूठ बोलने वाला मुल्क का बादशाह नहीं हो सकता और हिंदू मुस्लिमों को लड़ाने के मंसूबे बना रहे आरएसएस से सतर्क रहने की जरूरत है।
विधायक मोहम्मद फहीम की ओर से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री ने कहा कि स्वयं को मुल्क का बादशाह कहलाने वाले अपनी जिम्मेदारियों को भूल गए हैं।
केंद्र में सरकार बनने पर 100 दिन में पाकिस्तान को सबक सिखाने की बात कहने वाले अपनी बूढ़ी मां की तो उपेक्षा करते हैं और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मां के पैर छूते हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कहा कि इंसानों का खून बहाने वालों को पूरी सजा मिलनी जरूरी है।
उन्होंने कहा जो लोग नफरत के बीज बो रहे हैं उन्हें फल भी नफरत के ही मिलेंगे। उन्होंने बीते चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव प्रचार करने से रोके जाने का दर्द भी बयान किया।
'हिंदुस्तान को संभालने और जोड़ने की जरूरत'
नगर विकास मंत्री बोले कि हम पर मुजफ्फरनगर दंगों का आरोप लगाने वाले यह भूल जाते हैं कि वो खुद क्या करते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान को संभालने और जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जुल्म करने से कभी कुछ नहीं मिलता। सफलता उसी को मिलती है जो दूसरों के दिल जीतता है।
नगर विकास मंत्री ने दुनिया में इस्लाम को बेवजह बदनाम करने की बात भी कही। उन्होंने समारोह में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वह आपस में एकता और भाईचारे से रहें। नगर विकास मंत्री ने उत्तर प्रदेश की अपनी सपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं और कहा कि यूपी में सपा की अगली सरकार बनने पर प्रत्येक रिक्शा चालक ई रिक्शा का मालिक होगा।