मनी लॉन्ड्रिंग: केरल में मणप्पुरम फाइनेंस के परिसरों पर ED की छापेमारी, अधिकारियों ने जब्त किए दस्तावेज
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर 150 करोड़ रुपये से अधिक की सार्वजनिक जमा राशि एकत्र करने के आरोपों से संबंधित सबूत जुटाने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल की प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड के खिलाफ धन शोधन की जांच के तहत उससे जुड़े कई परिसरों पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कंपनी के मुख्यालय और उसके प्रबंध निदेशक के परिसरों की तलाशी
अधिकारियों ने बताया कि कंपनी पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर 150 करोड़ रुपये से अधिक की सार्वजनिक जमा राशि एकत्र करने के आरोपों से संबंधित सबूत जुटाने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि त्रिशूर में कंपनी के मुख्यालय और उसके प्रबंध निदेशक एवं सीईओ वीपी नंदकुमार के परिसरों समेत कुल चार परिसरों की तलाशी ली गई।
मणप्पुरम फाइनेंस ने कहा- जांच में कर रहे सहयोग
शेयर बाजार को दी गई सूचना में कंपनी ने कहा कि वह एजेंसी को पूरा सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा, ईडी हमारे पंजीकृत कार्यालय की तलाशी ले रही है। हम विभाग को पूरा सहयोग दे रहे हैं, जिसमें उनके द्वारा मांगी गई पूरी जानकारी प्रदान करना शामिल है।
कंपनी ने कहा- कॉर्पोरेट प्रशासन में हमेशा सर्वोत्तम प्रथाओं का पालन
कंपनी ने कहा, चूंकि तलाश जारी है, इसलिए हम इसके पूरा होने पर ही अधिक जानकारी प्रदान करने में सक्षम होंगे। मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड ने हमेशा कॉर्पोरेट प्रशासन और अनुपालन में सर्वोत्तम प्रथाओं का पालन किया है। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी को कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन का संदेह है और वह इस संदर्भ में दस्तावेज जुटाने और कंपनी के अधिकारियों के बयान दर्ज करने पर गौर कर रही है।
ईडी अधिकारियों ने जब्त किए कुछ दस्तावेज
बताया जा रहा है कि तलाशी के दौरान ईडी अधिकारियों ने कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं। कंपनी ऑनलाइन गोल्ड लोन, माइक्रो-होम फाइनेंस, फॉरेक्स एंड मनी ट्रांसफर, बिजनेस लोन, सिक्योर्ड पर्सनल लोन जैसे प्रोडक्ट्स के एक पोर्टफोलियो की पेशकश करती है।
कांग्रेस प्रत्याशी के भाई के घर छापा, पेड़ पर मिले एक करोड़
उधर, कर्नाटक के मैसूर में आयकर विभाग ने कांग्रेस उम्मीदवार अशोक कुमार राय के भाई सुब्रमण्यम राय के घर छापा मारकर एक करोड़ रुपये बरामद किए हैं। यह रकम एक पेड़ पर रखे डिब्बे से बरामद की गई। अशोक कुमार पुट्टूर से कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
इस मामले से जुड़े एक वीडियो में सामने आया कि आयकर विभाग के अधिकारी सुब्रमण्यम के घर पहुंचे तो पेड़ की घनी डालियों के बीच रखा एक डिब्बा देख घर की महिलाओं से सवाल जवाब किए। एक महिला ने कहा, इसे मैंने रखा है। अधिकारी ने पूछा, आपको क्या निर्देश दिए गए थे। महिला के जवाब देने से पहले ही वीडियो खत्म हो गया। बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है।
टीएमसी नेता के परिसरों पर आयकर छापा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग (आईटी) की तीन संयुक्त टीमों ने बुधवार को रायगंज के विधायक तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा की लोक लेखा समिति (पीएसी) के अध्यक्ष कृष्णा कल्याणी के आवास पर छापा मारा। कल्याणी 2021 के विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर जीते थे, लेकिन बाद में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।
आयकर विभाग के एक अधिकारी ने कहा, हमारी टीमें आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के संबंध में कृष्णा कल्याणी और उनके एक बिजनेस पार्टनर के परिसरों से जुड़े कई स्थानों पर तलाशी ली। सूत्रों ने बताया कि ईडी और आईटी की तीन संयुक्त टीमों ने एक साथ कल्याणी के आवास, कार्यालय और रायगंज स्थित उनकी तेल फैक्ट्री पर तलाशी शुरू की।
तलाशी अभियान शुरू करने से पहले केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने तीनों जगह मौजूद सभी लोगों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग ने विधायक की कारोबार से होने वाली आय और उनके द्वारा आयकर रिटर्न में दिखाई गई आमदनी में काफी अंतर पाया है।