KazInd 2022: मेघालय में भारत-कजाकिस्तान के संयुक्त सैन्य अभ्यास का हुआ समापन
KazInd 2022: रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की तरफ से 11वीं गोरखा राइफल्स की छठी बटालियन की तरफ से एक कंपनी ने हिस्सा लिया। जबकि कजाकिस्तान की ओर से भी एक टुकड़ी ने हिस्सा लिया...
विस्तार
भारत और कजाकिस्तान (KazInd 2022) की सेनाओं के बीच मेघालय के उमरोई में आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास 'काजिंद-22' बुधवार को संपन्न हो गया। इस सैन्य अभ्यास का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देना था। इसका आयोजन 15 से 22 दिसंबर के बीच किया था, जिसका समापन बुधवार को हुआ।
रक्षा प्रवक्ता के मुताबिक इस सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना की तरफ से 11वीं गोरखा राइफल्स की छठी बटालियन की तरफ से एक कंपनी ने हिस्सा लिया। जबकि कजाकिस्तान की ओर से भी एक टुकड़ी ने हिस्सा लिया। दोनों टुकड़ियों ने जंगल और अर्ध शहरी/शहरी इलाकों में संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभियानों के एक स्पेक्ट्रम में अपने सामरिक और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।
दोनों पक्षों ने संयुक्त रूप से आतंकवाद विरोधी अभियानों पर सैनिकों को प्रशिक्षित करने के लिए सामरिक अभ्यास की एक श्रृंखला की योजना बनाई और उसे क्रियान्वित किया। सैन्य अभ्यास के समापन के मौके पर आयोजिक समारोह में गणमान्य लोगों की उपस्थिति में दोनों देशों के जवानों ने अपने जौहर का प्रदर्शन किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दोनों टुकड़ियों ने सबकी सराहना हासिल की।