Maharashtra: 'मेरे संपर्क में जयंत, पर शरद गुट छोड़ने पर कभी चर्चा नहीं हुई', इस्तीफे की अटकलों पर गिरीश महाजन
Maharashtra: भाजपा नेता गिरीश महाजन ने दावा किया कि जयंत पाटिल राकांपा (शरद पवार गुट) में खुश नहीं हैं और लगातार उनके संपर्क में हैं, हालांकि इस्तीफे पर कभी बातचीत नहीं हुई। महाजन ने पार्टी के अंदर पारिवारिक राजनीति को नाराजगी की वजह बताया, जबकि एनसीपी (एसपी) ने इस्तीफे की खबरों को अफवाह करार दिया है।
विस्तार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के महाराष्ट्र प्रमुख जयंत पाटिल के इस्तीफे की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मंत्री गिरीश महाजन ने रविवार को दावा किया कि जयंत पाटिल पार्टी से खुश नहीं हैं और उनके साथ लगातार संपर्क में रहते हैं। महाजन ने कहा कि उन्होंने और जयंत पाटिल ने कभी इस बारे में बात नहीं की कि वह राकांपा (शरदचंद्र पवार) छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा, जयंत पाटिल वरिष्ठ नेता हैं। अगर उन्हें कुछ कहना होगा, तो वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात करेंगे।
गिरीश महाजन ने कहा, खबरें आ रही हैं कि जयंत पाटिल ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) के राज्य प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। मुझे नहीं लगता कि वह पार्टी में बहुत खुश हैं। वह मेरे संपर्क में रहते हैं, लेकिन हमने इस मुद्दे पर कभी चर्चा नहीं की। सियासी गलियारों में यह चर्चा है कि जयंत पाटिल ने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया है और अब उनकी जगह एमएलसी शशिकांत शिंदे को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
ये भी पढ़ें: 'नितिन गडकरी में प्रधानमंत्री बनने के गुण', कांग्रेस विधायक ने भागवत के उम्र वाले बयान का दिया हवाला
हालांकि, राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने शनिवार को इन खबरों को गलत और भ्रामक बताया और कहा कि मंगलवार को बैठक बुलाई गई है। हालांकि, अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अविभाजित) की 26वीं वर्षगांठ पर 10 जून को जयंत पाटिल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संकेत दिया था कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने पर विचार कर रहे हैं, ताकि नए चेहरों को मौका मिल सके। उस समय शरद पवार भी वहां मौजूद थे।
महाजन ने दावा किया कि पाटिल की नाराजगी पार्टी के अंदर के पारिवारिक टकराव से जुड़ी है, जिसमें शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले शामिल हैं। उन्होंने कहा, यह केवल उनकी पार्टी में नहीं बल्कि कांग्रेस में भी दिखता है। अब यह बात सबके सामने है। उन्होंने कहा कि भारत में कुछ राजनीतिक दल केवल परिवार के इर्द-गिर्द घूमते हैं – बेटी, भतीजा, दामाद आदि। इससे समर्पित और वरिष्ठ कार्यकर्ता खुद को अलग-थलग महसूस करते हैं और पार्टी छोड़ते हैं।
ये भी पढ़ें: सीतारमण बोलीं- पेड़ों की जड़ों से बने पुलों को मिले यूनेस्को की मान्यता; सीमावर्ती गांव भी पहुंचीं
उन्होंने यूनेस्को द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज के बनाए 12 किलों को विश्व धरोहर का दर्जा देने पर खुशी जताई। महाजन ने कहा कि जब वह पर्यटन मंत्री थे तब इन किलों की सूची भेजी गई थी। उन्होंने कहा, अब ये किले पर्यटन के लिहाज से और अधिक महत्व पाएंगे। यह सभी शिवभक्तों के लिए गर्व का दिन है। जब पत्रकारों ने राकांपा (शरदचंद्र पवार) विधायक रोहित पवार के खिलाफ ईडी की जांच पर सवाल किया तो महाजन ने कहा, जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन्हें उसके परिणाम भुगतने होंगे। अगर रोहित पवार निर्दोष हैं, तो उन्हें जांच से डरने की जरूरत नहीं है।
वहीं, जब शिवसेना विधायक संजय शिरसाट के वायरल वीडियो में दिख रहे एक बैग को लेकर सवाल पूछा गया कि उसमें पैसे थे या कपड़े, तो महाजन ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, अब जब इस पर फिल्म बन गई है, तो सवाल यह है कि इसके पीछे कौन था और इसका मकसद क्या था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.