Gujarat: जापानी राजदूत बोले- भारत के पास विश्व शांति की कुंजी; AAP ने चैतर बसावा को बनाया विधायक दल का नेता
भारत में जापान के राजदूत सुजुकी अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन में 11वें जापान महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिए लोगों के बीच पारस्परिक आदान-प्रदान पर जोर दिया।
विस्तार
जापान के राजदूत हिरोशी सुजुकी ने भारत की तारीफ की है। शनिवार को गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत के पास पूरे विश्व के लिए शांति और समृद्धि हासिल करने की कुंजी है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भारत और जापान के बीच घनिष्ठ तालमेल पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है, खासकर तब जब भारत के पास जी-20 की अध्यक्षता है और जापान जी-7 की अध्यक्षता कर रहा है।
भारत में जापान के राजदूत सुजुकी अहमदाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन में 11वें जापान महोत्सव का उद्घाटन करने के बाद बोल रहे थे। उन्होंने दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिए लोगों के बीच पारस्परिक आदान-प्रदान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संस्कृति वह स्तंभ है जो भारत और जापान के बीच विशेष साझेदारी का समर्थन करता है, जो वैश्विक और रणनीतिक है और इसमें सुरक्षा, राजनीतिक और आर्थिक सहयोग के व्यापक क्षेत्र शामिल हैं।
आम आदमी पार्टी ने चैतर वसावा को गुजरात विधायक दल का नेता बनाया
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को आदिवासी विधायक चैतर वसावा को गुजरात विधायक दल का नेता नियुक्त किया। साथ ही हेमंत खावा को उप नेता की जिम्मेदारी दी गई। आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई ने एक विज्ञप्ति जारी कर इसके बारे में जानकारी दी।
बता दें कि चैतर वसावा नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा सीट से निर्वाचित हुए हैं जबकि खावा जामनगर के जमजोधपुर से विधायक हैं।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुख्य प्रतिद्वंद्वी होने का दावा करते हुए पिछले साल हुए 182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा की 181 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन केवल पांच सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी। वहीं, भाजपा ने 156 सीटों पर जीत दर्ज की थी।