जम्मू-कश्मीर: पीडीपी में सब कुछ ठीक नहीं, कई विधायकों ने खोला मोर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत में गठबंधन सरकार गिरने के बाद पीडीपी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी विधायकों में असंतोष है। कई ने बगावती तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूर्व मंत्री इमरान रजा अंसारी ने पार्टी प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को अक्षम बताते हुए कहा कि सरकार गिरने के लिए उनकी अक्षमता ही जिम्मेदार है।
एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए अंसारी ने कहा कि महबूबा ने न केवल एक पार्टी के रूप में पीडीपी को फेल किया, बल्कि अपने पिता व पार्टी संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सईद के सपनों को भी चकनाचूर किया है। उन्होंने सत्ता से हटाने के लिए भाजपा पर सरकार गिराने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह महबूबा की नाकामी है कि वह सरकार को सुचारु रूप से चला नहीं पाईं। भाजपा ने पूरे हृदय के साथ गठबंधन सरकार का साथ दिया। रियासत में विकास कार्यों के लिए उनके प्रयासों से भारी राशि जारी की गई। महबूबा की अक्षमता की वजह से सरकारी मशीनरी फेल रही। उन्होंने पार्टी में परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि भाई, चाचा, चाची व अन्य रिश्तेदार मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में इस पार्टी के साथ बने रहना न केवल व्यर्थ है बल्कि सम्मान के खिलाफ भी है।
उन्होंने कहा कि इस वजह से तय किया है कि अब वे पार्टी से दूरी बनाकर रखेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के विचारों का कोई मायने नहीं है। हालांकि, उन्होंने न तो विधायक पद से इस्तीफा दिया है और न ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से। यह पूछे जाने पर कि क्या वे अपनी नाराजगी से पार्टी अध्यक्ष को अवगत कराएंगे तो उन्होंने कहा कि जब पार्टी ही आर्डर में नहीं है तो फिर पार्टी अध्यक्ष को किस बात की सूचना दी जाए। ज्ञात हो कि रविवार को उनके चाचा व विधायक आबिद अंसारी ने संकेत दिया था कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा।
पीडीपी ने की जल्द चुनाव की मांग
सरकार बनाने के लिए पीडीपी विधायकों के विभिन्न पार्टियों के साथ गोपनीय वार्ताओं की चर्चा के बीच पार्टी ने जल्द विधानसभा चुनाव कराने की मांग की है। पार्टी नेता तथा पूर्व मंत्री नईम अख्तर ने कहा कि पार्टी इस प्रकार की चर्चाओं का कोई जवाब नहीं देगी, लेकिन उसका मानना है कि जल्द से जल्द चुनाव होने चाहिए। जब से सरकार गिरी है तभी से पार्टी जल्द चुनाव कराने की मांग कर रही है। यह पूछे जाने पर कि पार्टी में क्या सब कुछ ठीक चल रहा है तो उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी प्रकार की चर्चाओं का जवाब नहीं देगी।
महबूबा का ट्वीट - रियासत में नई सरकार बनाने के लिए संभावित पीडीपी-कांग्रेस गठजोड़ के मीडिया की अटकलों से खुश हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि सोनिया और मेरे बीच मुलाकात हुई है। यह पूरी तरह बनावटी व फेक न्यूज का दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण है।
Amused at media speculations about a possible PDP-INC alliance to form the government in J&K. Conjecture also includes an impending meeting between Sonia ji & I. This is utter fabrication & yet another unfortunate example of #FakeNews!
— Mehbooba Mufti (@MehboobaMufti) July 2, 2018
कांग्रेस का जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने की संभावना से इंकार : कांग्रेस ने पीडीपी के साथ किसी गठबंधन या जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने की संभावनाओं को सिरे से नकार दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर कश्मीर को लेकर बनी पॉलिसी-प्लानिंग ग्रुप की बैठक में राज्य में राज्यपाल शासन लगने के बाद की स्थितियों पर चर्चा और समीक्षा की गई। कांग्रेस ने ये भी साफ किया इस ग्रुप की बैठक का उद्देश्य किसी गठबंधन या सरकार पर चर्चा के लिए नहीं था। कांग्रेस राज्य में नए सिरे से विधानसभा चुनाव चाहती है।