IRCTC: कटरा-श्रीनगर वंदे भारत में उठा सकेंगे कश्मीरी जायके का लुत्फ, अगले महीने से परोसे जाएंगे स्थानीय व्यंजन
आईआरसीटीसी ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन में जुलाई के दूसरे सप्ताह से स्थानीय कश्मीरी शाकाहारी व्यंजन परोसने का फैसला लिया है। इसके तहत अब यात्री अपने सफर के दौरान जम्मू कश्मीर के जायके का लुत्फ उठा सकेंगे।
विस्तार
भारतीय रेलवे की केटरिंग सेवा देने वाली कंपनी आईआरसीटीसी ने कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन में भोजन परोसने के मामले में एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन में स्थानीय कश्मीरी शाकाहारी व्यंजन परोसा जाएगा। यह सेवा जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी।
मामले में आईआरसीटीसी के एडिशनल जनरल मैनेजर आनंद कुमार झा ने बताया कि यात्रियों को स्थानीय स्वाद का अनुभव देने के लिए खास योजना बनाई गई है। नाश्ते में अम्बल कद्दू, बब्बरू और जम्मू पराठा जैसे लोकप्रिय व्यंजन मिलेंगे। दोपहर के भोजन में पनीर चमन, कश्मीरी दम आलू और जम्मू राजमा परोसा जाएगा।
ये भी पढ़ें:- गुजरात: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने दिया इस्तीफा, उपचुनाव में मिली हार की ली जिम्मेदारी
पीएम मोदी ने किया था कटरा-श्रीनगर वंदे भारत का उद्घाटन
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 6 जून को कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन किया था। इसके बाद से यात्रियों को अभी तक सामान्य खाना दिया जा रहा था। अब स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए आईआरसीटीसी ने बड़े होटल और फूड आउटलेट्स से संपर्क किया है।
क्या है स्थानीय भोजन की खासियत?
अब बात अगर आईआरसीटीसी के द्वारा शुरू किए गए पहल में मिलने वाले भोजन की करें तो अम्बल कद्दू मीठा और खट्टा डोगरा व्यंजन है, जो कि कद्दू से बना होता है। खासकर ये व्यंजन शादी समारोहों में भी परोसा जाता है। वहीं बब्बरू एक तरह का भरवा पूरी जैसा नाश्ता है, जो पहाड़ी इलाकों में पसंद किया जाता है। इसके साथ ही वैसे यात्री को जो स्थानीय खाना पसंद नहीं करते, उनके लिए उपमा, पोहा और वेज कटलेट जैसे विकल्प भी उपलब्ध रहेंगे।
ये भी पढ़ें:- MP Samwad 2025: वॉटर वुमन शिप्रा पाठक जल संवर्धन पर रखेंगी अपने विचार, होगी जल है तो कल पर बात
आईआरसीटीसी की पहल
गौरतलब है कि आईआरसीटीसी ने पहले भी अन्य प्रमुख ट्रेनों में स्थानीय खाना परोसने की पहल की है। जैसे थिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस में दक्षिण भारतीय व्यंजन और नागपुर-सेकंदराबाद वंदे भारत ट्रेन में भी दोनों शहरों के खास व्यंजन मिलेंगे।इस कदम से यात्रियों को यात्रा के दौरान क्षेत्रीय संस्कृति और खाने का आनंद मिलेगा।