एक्सक्लूसिव: नए साल से शुरू हो जाएंगी अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स, विदेशी पर्यटकों के लिए खुलेंगे रास्ते! जानें सरकार का प्लान
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कोरोना के लगातार घटते मामलों को देखते हुए केंद्र सरकार ने दूसरे देशों से आवाजाही खोलने की तैयारी कर ली है। इसके तहत चार्टर्ड उड़ानों को भारत आने की इजाजत दी जा चुकी है। वहीं, घरेलू उड़ानें भी सौ फीसदी क्षमता के साथ शुरू करने को मंजूरी दे दी गई है। अब लोगों की नजरें अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर हैं, जिससे दूसरे देशों में आवाजाही शुरू हो सके। हालांकि, इसे लेकर कई सवाल भी हैं। जैसे विदेश से आने वालों के लिए क्या गाइडलाइंस होंगी? वैक्सीनेशन और वैक्सीन सर्टिफिकेट को लेकर क्या व्यवस्था होगी? विदेशियों को किन-किन नियमों का पालन करना होगा? इस विशेष रिपोर्ट में जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कब से शुरू होंगी और इसके लिए केंद्र सरकार ने क्या-क्या तैयारियां कर ली हैं?
यह है केंद्र सरकार की योजना
जानकारी के मुताबिक, केंद्र सरकार एक जनवरी 2022 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और विदेश से यातायात को पूरी तरह खोलने की योजना बना चुकी है। कहा तो यह भी जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को जनवरी 2022 से पहले भी शुरू किया जा सकता है। इसके लिए दिशा-निर्देश तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही, कोरोना के मामलों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अगर सबकुछ ठीक रहा और कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक नहीं दी तो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को एक जनवरी 2022 से अनलॉक करके बड़ा तोहफा दिया जा सकता है।
गृह मंत्रालय जल्द कर सकता है तारीख का एलान
पर्यटन मंत्रालय की एडीजी रुपिंदर बरार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर गहन मंथन किया जा रहा है। इसी कड़ी में चार्टर्ड फ्लाइट्स को खोल दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को खोलने की सटीक तारीख गृह मंत्रालय की ओर से जारी होगी और यह जल्द ही जारी की जाएगी। उम्मीद है कि नए साल से हर हाल में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी। हो सकता है कि उससे पहले ही तारीख का एलान कर दिया जाए। दरअसल, टीकाकरण के आंकड़े काफी आगे आ चुके हैं। आधी से ज्यादा आबादी को पहला टीका लग चुका है। दूसरी डोज भी लगातार लग रही है। इसके अलावा कोरोना के मामले भी लगातार घट रहे हैं। ऐसे में कोई वजह नहीं है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रोका जाए।
ब्रिटेन जैसे हालात बनने पर क्या होगा?
भारत और ब्रिटेन के बीच वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट को लेकर तनाव दूर हो चुका है, लेकिन एडीजी टूरिज्म ने इस मसले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर कोई आपको अपने देश में नहीं आने देगा तो हम भी उसे अपने देश में नहीं आने देंगे। अगर कोई हमारी वैक्सीन को मान्यता नहीं देगा तो हम इस पर सख्त कदम उठाएंगे। इस तरह के मामले में जैसे को तैसा वाला रवैया अपनाया जाएगा। जो देश हमारे साथ जैसा व्यवहार करेंगे, उन्हें उसी तरह जवाब दिया जाएगा। जब हमें दूसरे देशों में जाने की अनुमति होगी तो हम भी अतिथि देवो भव की भावना बरकरार रखेंगे।
इन गाइडलाइंस का होगा पालन
विदेशी यात्रियों के आने पर गाइडलाइंस को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी। एडीजी बरार ने कहा कि आम भारतीय नागरिकों के लिए जो गाइडलाइंस जारी की गई हैं, विदेशी नागरिकों को भी उनका पालन करना होगा। उन्हें अपने देश से आरटी-पीसीआर कराने के बाद उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इसके बाद भारतीय हवाई अड्डों पर उतरने के बाद उनका आरटी-पीसीआर किया जा सकता है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय ही अंतिम गाइडलाइंस जारी करेगा। जो भी गाइडलाइंस जारी होंगी, उनमें यात्रियों की सुविधा और सहूलियत का पूरा ध्यान रखा जाएगा। पूरी कोशिश रहेगी कि उन्हें कोई दिक्कत न हो।